विज्ञापन

अमेरिका में दोस्तों की जान बचाते हुए तेलंगाना के छात्र की मौत, खुद की जान गंवा 3 साथियों को नदी से निकाला

अनुरूप रेड्डी कोडूरू 5 साल पहले उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए अमेरिका गए थे. हाल ही में कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स की डिग्री पूरी की थी. लेकिन प्रोफेशनल करियर शुरू होने के पहले ही उनकी दुखद मौत हो गई.

अमेरिका में दोस्तों की जान बचाते हुए तेलंगाना के छात्र की मौत, खुद की जान गंवा 3 साथियों को नदी से निकाला
अमेरिका में दोस्तों की जान बचाते हुए तेलंगाना के छात्र अनुरूप रेड्डी कोडूरू की मौत

अमेरिका से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. उच्च शिक्षा का सपना लेकर अमेरिका गए एक भारतीय छात्र ने अपनी जान की परवाह किए बिना अपने तीन दोस्तों की जान बचा ली, लेकिन खुद वापस नहीं लौट सका. कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स की पढ़ाई पूरी कर चुके तेलंगाना के अनुरूप रेड्डी कोडूरू की बहादुरी की कहानी अब हर किसी को भावुक कर रही है. दोस्तों को तेज पानी के बहाव से बचाने के बाद वह खुद एक मछली पकड़ने वाली तार में फंस गया और नदी में डूब गया. परिवार, दोस्तों और भारतीय समुदाय के लिए यह घटना किसी बड़े सदमे से कम नहीं है.

क्या है पूरा मामला?

अनुरूप रेड्डी ने हाल ही में अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ टेक्सास से कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स की डिग्री पूरी की थी. उनकी 29 मई को टेक्सास-लुइसियाना सीमा के पास स्थित टोलेडो बेंड रिजर्वायर/साबिन नदी क्षेत्र में डूबने से दुखद मौत हो गई. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अनुरूप अपने तीन दोस्तों के साथ पिकनिक पर गए थे. इस दौरान वे सभी तैराकी कर रहे थे, तभी वे तेज पानी के बहाव में फंस गए.

बताया गया है कि अनुरूप ने असाधारण बहादुरी दिखाते हुए पानी में छलांग लगा दी और अपने तीनों दोस्तों को एक-एक करके सुरक्षित बाहर निकाल लिया. लेकिन दोस्तों की जान बचाने के कुछ ही देर बाद हादसा हो गया. रिपोर्ट के अनुसार, अनुरूप के पैर में मछली पकड़ने वाली तार या पानी के अंदर मौजूद फिशिंग लाइन उलझ गई. वह खुद को उस तार से छुड़ा नहीं पाए और तेज बहाव के कारण पानी के नीचे खिंच गए.

बाद में बचाव दलों ने उनका शव पानी की सतह से करीब 20 फीट नीचे से बरामद किया. उन्हें तुरंत बचाने की कोशिशें की गईं, लेकिन किनारे पर लाए जाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

कौन थे अनुरूप

अनुरूप तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले के कवादिपल्ली गांव के रहने वाले थे. करीब पांच साल पहले वह अपने बड़े भाई के साथ उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए अमेरिका गए थे. हाल ही में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद वह तकनीकी क्षेत्र में अपना प्रोफेशनल करियर शुरू करने की तैयारी कर रहे थे. इस दुखद घटना से परिवार, दोस्त और पूरा तेलुगु समुदाय गहरे सदमे में है.

ह्यूस्टन स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी शोक व्यक्त किया है और अनुरूप के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया में परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है.

यह भी पढ़ें: स्टोर में घुसा, कुछ पूछा और कर दी ताबड़तोड़ फायरिंग, अमेरिका में गुजरात की महिला की गोली मारकर हत्या, VIDEO

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com