अमेरिका और ईरान एक बार फिर जंग के मैदान में कूद चुके हैं. डोनाल्ड ट्रंप के शब्दों में सीजफायर खत्म हो चुका है. दोनों तरफ से लगातार दो दिनों से एक-दूसरे पर हमले हुए हैं और ऐसे में अमेरिकी अधिकारी की ओर से दिए गए एक बयान ने डर पैदा कर दिया है कि एक बार फिर जंग महीनों तक चल सकती है. अमेरिकी न्यूज वेबसाइट एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका के एक अधिकारी ने कहा कि तनाव का यह दौर एक-दो दिन, एक हफ्ता या एक महीने तक चल सकता है. अमेरिकी सेना के हमले कितने लंबे चलेंगे, यह यह इस बात पर निर्भर करेगा कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य में कमर्शियल जहाजों पर हमले जारी रखता है या नहीं.
बता दें कि अमेरिकी सेना ने लगातार दूसरी रात ईरान पर हमला बोला और उसके 90 ठिकानों पर बमबारी की. अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने होर्मुज को खुला रखने के लिए ईरान पर हमला किया है. इसके बाद ईरान ने पलटवार किया. ईरान ने बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सेना के ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया.
ट्रंप ने कहा सीजफायर खत्म और फिर तनाव चरम पर
डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा था कि कमर्शियल जहाजों पर ईरान के हमलों के बाद अमेरिका ने उसपर हमला किया और इसके साथ दोनों देशों के बीच की अंतरिम डील यानी मेमोरैंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MOU) में तय 60 दिन का सीजफायर खत्म हो गया है. उन्होंने साफ-साफ धमकी दी कि 8-9 जुलाई की दरम्यानी रात अमेरिकी सेना फिर से ईरान पर जोरदार हमला करेगी. हुआ भी ठीक यही. अमेरिकी सेना ने होर्मुज तट से लगे ईरान के शहरों में हमले का दूसरा दौर शुरू किया. इसमें महीनों में पहली बार ईरान के अंदर मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर ठिकानों पर हमले भी शामिल थे.
ईरान ने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर हमले करके जवाबी कार्रवाई की. साथ ही यह भी कहा कि वह होर्मुज पर नियंत्रण के अपने दावे से पीछे नहीं हटेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं