विज्ञापन

अमेरिकी सेना का सार्जेंट निकला जासूस; चीन को बेच रहा था मिलिट्री डेटा, हार्ड ड्राइव-कैश मिला, अब कबूला गुनाह

अमेरिकी सेना के सार्जेंट जियान झाओ ने चीन से जुड़े लोगों को राष्ट्रीय रक्षा संबंधी गोपनीय जानकारी देने की साजिश में शामिल होने का अपराध स्वीकार कर लिया है. इस मामले में HIMARS और अमेरिकी सैन्य तैयारियों से जुड़ी सूचनाओं का भी जिक्र है.

अमेरिकी सेना का सार्जेंट निकला जासूस; चीन को बेच रहा था मिलिट्री डेटा, हार्ड ड्राइव-कैश मिला, अब कबूला गुनाह
चीन से जुड़े लोगों को मिलिट्री डेटा बेच रहा था अमेरिकी सेना का सार्जेंट, FBI जांच में बड़ा खुलासा
अल्डटर्ड बाय NDTV
  • चीन से जुड़े लोगों को मिलिट्री डेटा बेच रहा था सार्जेंट, FBI जांच में बड़ा खुलासा
  • HIMARS और सैन्य तैयारियों की जानकारी लीक करने का मामला
  • 30 हजार डॉलर नकद और सेना की हार्ड ड्राइव बरामद, मार्च 2027 में होगी सजा
वाशिंगटन:

अमेरिका में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक बड़े जासूसी मामले में सेना के सार्जेंट जियान झाओ ने अपना गुनाह कबूल लिया है. सरकारी वकील के अनुसार झाओ ने चीन से जुड़े लोगों को पैसों के बदले गोपनीय रक्षा जानकारी और सैन्य उपकरण उपलब्ध कराने की साजिश रची थी. जांच में HIMARS (हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम), अमेरिकी सैन्य तैयारियों और संवेदनशील दस्तावेजों से जुड़ी सूचनाओं का जिक्र सामने आया है. एफबीआई (FBI) और सेना की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट्स द्वारा की गई इंवेस्टिगेशन में उनके घर से कैश, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और सैन्य हार्ड ड्राइव भी बरामद की गई थीं. अब मार्च 2027 में इस मामले में सजा सुनाई जाएगी.

झाओ ने पर्सनल फोन से खींची थीं गोपनीय तस्वीरें

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक सरकारी वकीलों ने बताया कि 37 वर्षीय जियान झाओ वाशिंगटन के ज्वाइंट बेस लुईस मैककॉर्ड में पोस्टेड था. मार्च 2025 में दाखिल आरोप पत्र के अनुसार झाओ की सैन्य भूमिका में 5.5 करोड़ डॉलर से अधिक मूल्य की सेना की संपत्ति के रिकॉर्ड और उनके रखरखाव का हिसाब-किताब संभालने की जिम्मेदारी शामिल थी.

चीन के लिए जासूसी करता था अमेरिकी सैनिक

चीन के लिए जासूसी करता था अमेरिकी सैनिक
Photo Credit: अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट

अमेरिकी अटॉर्नी स्कॉट ई. ब्रैडफोर्ड ने कहा 'अमेरिकी सेना के सदस्यों को देश की कुछ सबसे संवेदनशील सूचनाओं और क्षमताओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी जाती है.'

अधिकारियों का कहना है कि इस पद की वजह से उन्हें कई संवेदनशील दस्तावेजों और रक्षा संबंधी जानकारियों तक पहुंच प्राप्त थी. फेडरल वकील के मुताबिक झाओ ने अपने निजी मोबाइल फोन से नियंत्रित और संवेदनशील दस्तावेजों की तस्वीरें खींचीं और उन्हें विदेशों में मौजूद खरीदारों तक पहुंचाया. जांच में यह भी आरोप लगाया गया कि उन्होंने एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म के जरिए खरीदारों से संपर्क किया, कीमत तय की और भुगतान तथा डिलीवरी की व्यवस्था की.

अमेरिकी सेना का सर्जेंट निकला जासूस

अमेरिकी सेना का सर्जेंट निकला जासूस
Photo Credit: US जस्टिस विभाग

चीन से जुड़े व्यक्ति से था कॉन्टैक्ट, अन्य सैनिकों के नाम भी आए सामने

आरोप पत्र के अनुसार एक बिचौलिये ने खुद को चीन के चांगचुन शहर का निवासी बताया था. जांच में सामने आया कि झाओ ने अमेरिकी सरकार की 20 हार्ड ड्राइव लगभग 10 हजार डॉलर में बेचने को लेकर बातचीत की थी. फेडरल वकील के मुताबिक इस दौरान झाओ ने कथित तौर पर पूछा था 'आपके खरीदार को इंटेलिजेंस चाहिए, है ना?' अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार मामले में HIMARS और चीन के साथ संभावित संघर्ष की स्थिति में अमेरिकी सैन्य तैयारियों से जुड़ी जानकारी भी शामिल थी. अधिकारियों का आरोप है कि झाओ कथित रूप से एक ऐसा सरकारी कंप्यूटर और हार्ड ड्राइव भी बेचने की कोशिश कर रहे थे जिन पर गोपनीय और अति-गोपनीय श्रेणी के चिन्ह लगे हुए थे.

मार्च 2025 में झाओ की गिरफ्तारी के साथ एक अन्य सैनिक ली तियान और पूर्व सैनिक रुओयू डुआन को भी गिरफ्तार किया गया था.

अधिकारियों के अनुसार डुआन पहले ही राष्ट्रीय रक्षा संबंधी जानकारी प्रसारित करने की साजिश के मामले में दोष स्वीकार कर चुके हैं. उन पर चीन स्थित खरीदारों और सैन्य कर्मियों के बीच संपर्क स्थापित करने का आरोप है.

FBI की रेड में घर से कैश समेत, हार्ड ड्राइव बरामद; 10 साल तक की हो सकती है सजा

एफबीआई और अमेरिकी सेना की काउंटर इंटेलिजेंस इकाइयों ने मार्च 2025 में वॉशिंगटन के लेसी स्थित झाओ के घर पर छापा मारा था. कार्रवाई के दौरान लगभग 30 हजार डॉलर नकद, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और सेना से जुड़ी हार्ड ड्राइव बरामद की गई थीं. झाओ ने अदालत में दोष स्वीकार कर लिया है. समझौते के तहत उन्होंने 17,500 डॉलर की कथित आय जब्त कराने और जांच में बरामद लगभग 30 हजार डॉलर पर अपना दावा छोड़ने पर सहमति जताई है.अमेरिकी सरकारी वकील के अनुसार इस अपराध के लिए उन्हें अधिकतम 10 वर्ष तक की जेल हो सकती है. मामले में सजा सुनाए जाने की तारीख 1 मार्च 2027 तय की गई है.

यह भी पढ़ें : Nvidia में दोबारा CEO बनाए गए जेनसन हुआंग, चीनी जासूस से अफेयर के कारण दिया था इस्तीफा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Army Sergeant, China Spy, US Military Secrets, US Army, FBI
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com