- ईरान के पारचिन मिलिट्री कॉम्पलैक्स के तालेघान 2 फैसिलिटी पर अमेरिका ने भयानक हवाई हमला किया है
- सैटेलाइट तस्वीरों में फैसिलिटी की छत पर तीन बड़े गड्ढे दिखाई दे रहे हैं जो भारी बम के निशान हैं
- डिफेंस एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में अमेरिका के 30,000 पाउंड के बंकर बस्टर बम का इस्तेमाल हुआ है
मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच जंग जारी है. इस बीच एक बड़ा खुलासा हुआ है. ताजा सैटेलाइट तस्वीरों ने इस बात के पुख्ता संकेत दिए हैं कि ईरान के पारचिन मिलिट्री कॉम्पलैक्स स्थित एक बेहद सुरक्षित और खुफिया तालेघान 2 फैसिलिटी पर भयानक हवाई हमला हुआ है. ये हमला इतना विनाशकारी था कि फैसिलिटी पर तीन बड़े गड्ढे हो गए. जिस तरह की सैटेलाइट तस्वीरें सामने आई हैं, वो इस बात का संकेत देती हैं कि यहां अमेरिका ने अपने B-2 स्टील्थ बॉम्बर से अटैक किया था.
अमेरिका के 'महाविनाशक' बम से हुआ हमला?
वांटोर द्वारा जारी की गई सैटेलाइट तस्वीरों में इस फैसिलिटी की छत पर एक कतार में तीन बेहद बड़े गड्ढे दिखाई दे रहे हैं. इन गड्ढों के आकार को देखकर डिफेंस एक्सपर्ट्स ने आशंका जताई है कि इस तबाही के लिए अमेरिका के 30,000 पाउंड वजनी GBU-57/B मैसिव ऑर्डनेंस पेनेट्रेटर का इस्तेमाल किया गया है, जिन्हें आम बोलचाल में बंकर बस्टर बम कहा जाता है. ये बम पहाड़ों और कंक्रीट को गहराई तक चीरकर अंदर तबाही मचाने के लिए ही बनाए गए हैं.

रात के अंधेरे में B-2 बॉम्बर का एक्शन
TWZ की एक रिपोर्ट के अनुसार, इन महाविनाशक MOP बमों को ले जाने और हमला करने की क्षमता फिलहाल सिर्फ अमेरिकी वायुसेना के B-2 स्टील्थ बॉम्बर के पास ही है. एक B-2 बॉम्बर एक साथ ऐसे दो भारी-भरकम बम ले जा सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस संघर्ष की पहली रात से ही B-2 बॉम्बर ईरान के ठिकानों पर लगातार हमले कर रहे हैं.
तालेघान-2 को क्यों बनाया निशाना?
'तालेघान 2' को लेकर लंबे समय से खुफिया एजेंसियों को शक है कि यहां परमाणु हथियारों के लिए जरूरी विस्फोटक तैयार किए जाते हैं. हालांकि ईरान हमेशा इन दावों से इनकार करता रहा है. हमले से बचने के लिए ईरान ने मौजूदा संघर्ष शुरू होने से कुछ महीने पहले ही इस पूरी फैसिलिटी को कंक्रीट के एक नए मोटे शेल और मिट्टी की मोटी परत से ढंक दिया था. अमेरिका ने इसी सुरक्षा कवच को भेदने और इस जरूरी टारगेट को पूरी तरह नेस्तनाबूद करने के लिए अपने सबसे भारी बमों का इस्तेमाल किया है.
यह भी पढ़ें: ईरान की जंग में किसका फायदा? तेल महंगा होते ही रूस की बल्ले-बल्ले, अमेरिका-यूरोप पर दबाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं