विज्ञापन

तुर्किए के राष्ट्रपति ने गिफ्ट में दिया रिवॉल्वर-जिंदा कारतूस, NATO नेताओं ने इस 'खतरनाक' तोहफे का क्या किया?

कनाडा के प्रधानमंत्री तुर्किए से मिले रिवॉल्वर को देश में तो ले आए लेकिन उन्होंने कारतूस अंकारा में ही छोड़ दिया. कई नेताओं ने इसे अपने देश ले जाने से इनकार कर दिया.

तुर्किए के राष्ट्रपति ने गिफ्ट में दिया रिवॉल्वर-जिंदा कारतूस, NATO नेताओं ने इस 'खतरनाक' तोहफे का क्या किया?
तुर्किए के राष्ट्रपति एर्दोगान ने नाटो देशों के प्रमुखों को तोहफे में बंदूक दी है.
NDTV

तुर्किए के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगान ने नाटो (NATO) के सदस्य देशों को असली रिवॉल्वर और जिंदा कारतूस तोहफे में दी. इस तोहफे को देखकर लोग हैरत में पड़ गए.  इस अनोखे और चौंकाने वाले गिफ्ट को पाकर नाटो देशों के प्रमुख बेहद असहज स्थिति में आ गए. 

हर देश के अपने कड़े सुरक्षा और हथियार कानून हैं, ऐसे में सवाल उठने लगा कि राष्ट्रपति एर्दोगान की दी हुई इन रिवॉल्वरों का आखिर किया क्या जाए? कई नेता तो इस तोहफे को अपने साथ ले जाने की हिम्मत तक नहीं जुटा सके, जबकि कुछ ने अपने-अपने देशों में ले जाकर सुरक्षा नियमों के तहत बंदूक को सही जगह दिखा दी.

Latest and Breaking News on NDTV

किस देश ने एर्दोगान की रिवॉल्वर का क्या किया?

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, तुर्किए की तरफ से दिए गए इस विवादित तोहफे से निपटने के लिए अलग-अलग देशों ने अलग-अलग तरीके अपनाए. मसलन, स्पेन के प्रधानमंत्री ने सुरक्षा कारणों से इस रिवॉल्वर को अपने पास रखने के बजाय सीधे देश के गृह मंत्रालय को सौंप दिया, ताकि इसे कानूनी प्रक्रियाओं के तहत हमेशा के लिए निष्क्रिय किया जा सके.

वहीं बेल्जियम के प्रधानमंत्री तोहफे को साथ लेकर तो चले गए, लेकिन जैसे ही उनका विमान ब्रसेल्स हवाई अड्डे पर उतरा, उन्होंने कोई जोखिम न लेते हुए इसे तुरंत एयरपोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया ताकि इसे सुरक्षित कस्टडी में रखा जा सके.

नीदरलैंड और स्वीडन के प्रधानमंत्रियों ने इस खतरनाक गिफ्ट को अपने साथ ले जाने से ही साफ इनकार कर दिया. उनके कार्यालयों ने इस रिवॉल्वर को तुर्किए की राजधानी अंकारा स्थित अपने-अपने दूतावासों में ही छोड़ दिया.

पोलैंड के राष्ट्रपति के लिए तय की गई रिवॉल्वर वारसॉ हवाई अड्डे पर कस्टम्स और आधिकारिक दस्तावेजों की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रही है.वहीं कनाडाई अधिकारियों के अनुसार, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी रिवॉल्वर को अपने देश वापस तो ले आए, लेकिन उन्होंने उसकी गोलियां तुर्किए में ही छोड़ दीं.

म्यूजियम को दान दे दिया

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि एक बार जब हथियार को पूरी तरह सेवामुक्त कर दिया जाएगा, तब वह इसे किसी सैन्य संग्रहालय को दान कर देंगी. ग्रीक प्रधानमंत्री ने भी इसी राह पर चलते हुए ऐलान किया है कि वह एर्दोगान से मिली इस रिवॉल्वर को एथेंस के युद्ध संग्रहालय को सौंप देंगे.

Latest and Breaking News on NDTV
इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी की रिवॉल्वर को फिलहाल इतालवी सरकार के आधिकारिक मुख्यालय 'पलाज़ो चिगी' में अन्य राजकीय उपहारों के साथ सुरक्षित रखवा दिया गया है.

सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि किसी बहुराष्ट्रीय सुरक्षा सम्मेलन में हथियार गिफ्ट करना बेहद दुर्लभ है. यही वजह है कि एर्दोगान के इस गिफ्ट से लगभग पूरा नाटो अमला सुरक्षा और कानूनी पेचों में उलझ गया है. कई जानकार ये भी मानते हैं कि इस तोहफे के जरिए एर्दोगान तुर्किए की हथियार बनाने के क्षमता और वहां की बंदूकों का प्रदर्शन करना चाहते थे.

यह भी पढ़ें: 'अगर मुझे मारा तो ईरान पर 1000 मिसाइलें लॉक हैं', ट्रंप ने हत्या की आशंका पर तेहरान को दी वॉर्निंग

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NATO, Erdogan, Canada
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com