अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के सैकड़ों उत्पादों पर 50 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ लगा दिया है. अमेरिका ने यह कदम उस समय उठाया है जब एक दिन पहले ही कनाडा के पीएम मार्क कार्नी फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए अमेरिका आए थे, ट्रंप के साथ बैठकर स्पेन को वर्ल्ड चैंपियन बनते देखा था. अब अमेरिकी राष्ट्रपति ने मार्क कार्नी की सरकार पर ऑटोमोबाइल, शराब और दुग्ध उत्पाद के अमेरिकी निर्यात के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है. ट्रंप के इस फैसले की वजह से उत्तरी अमेरिका में दोनों पड़ोसियों के बीच व्यापारिक तनाव और बढ़ गए हैं.
1930 के टैरिफ एक्ट की धारा 338 का इस्तेमाल करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीन अलग-अलग घोषणाओं पर हस्ताक्षर किए, जिनके तहत कनाडा ये होने वाले कई आयात पर 50 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाने का फैसला किया गया.
अमेरिका का क्या कहना है?
व्हाइट हाउस ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य कनाडा द्वारा अमेरिकी व्यापार के साथ किए जा रहे कथित भेदभाव से अमेरिकी कारोबार पर पड़ने वाले नुकसान की भरपाई करना और विशेष रूप से कारों, शराब और डेयरी उत्पादों के निर्यात के लिए अमेरिकी कंपनियों को समान प्रतिस्पर्धा वाले अवसर उपलब्ध कराना है. व्हाइट हाउस के मुताबिक, ये नए टैरिफ हस्ताक्षर के 30 दिन बाद लागू होंगे और अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा समझौते (यूएसएमसीए) के तहत मिलने वाली किसी भी रियायती व्यवस्था से अलग होकर लागू किए जाएंगे.
हालांकि, ऊर्जा, पोटाश, सेक्शन 232 के तहत पहले से टैरिफ वाले उत्पाद, मछली, महत्वपूर्ण खनिज और कुछ अन्य निर्दिष्ट वस्तुओं को इन नए टैरिफ के बोझ से बाहर रखा गया है. ट्रंप सरकार ने बताया कि यह टैरिफ कनाडा से आने वाले कई प्रकार के उत्पादों पर लागू होगा. इनमें वाइन, हॉकी स्टिक और सीमेंट से लेकर विभिन्न उपभोक्ता वस्तुएं शामिल हैं.
व्हाइट हाउस का आरोप है कि कनाडा लंबे समय से ऐसी व्यापारिक नीतियां अपनाता रहा है, जो अमेरिकी निर्यातकों के साथ भेदभाव करती हैं, जबकि अन्य व्यापारिक साझेदारों को अधिक अनुकूल व्यवहार दिया जाता है. व्हाइट हाउस ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में, सिर्फ दो देशों, चीन और कनाडा ने वाशिंगटन के साथ व्यापार समझौते पर बातचीत करने के बजाय ट्रंप के टैरिफ के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करने का फैसला किया.
मार्क कार्नी का जवाब
कार्नी ने X पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा, "यह अमेरिका के उन एकतरफा व्यापारिक कदमों की कड़ी में सबसे नया कदम है, जिनकी शुरुआत कनाडा, अमेरिका और मैक्सिको के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते - कनाडा-यूनाइटेड स्टेट्स-मेक्सिको एग्रीमेंट (CUSMA) - का सीधे तौर पर उल्लंघन करते हुए अमेरिका द्वारा कई टैरिफ लगाने से हुई थी."
उन्होंने आखिर में लिखा कि कार्नी ने आगे कहा, "हर हाल में, कनाडा लगातार काम करेगा और देश के भीतर अपनी ताकत बढ़ाने और कनाडाई कामगारों, किसानों, बिजनेसेज और परिवारों का समर्थन करने के लिए जरूरी सभी कदम उठाएगा."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं