अमेरिका में इंफ्लूएंसर एमिली हार्ट का सच अब सबके सामने आ गया है. एमिली हार्ट सोशल मीडिया पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के MAGA (मेक अमेरिका ग्रेट अगेन) कैंपन की कट्टर समर्थक रही हैं. एमिली की तस्वीरें अमेरिका में काफी वायरल हैं. वह सोशल मीडिया पर बीयर पीते हुए, गन शूटिंग करने हुए देखी जा सकती हैं. वह अपनी राइट विंग के समर्थन में बात करने के लिए जानी जाती हैं. लेकिन अब सामने आया है कि एमिली हार्ट कोई महिला नहीं बल्कि एआई है. इसका रिमोट कंट्रोल भारत में बैठे एक मेडिकल स्टूडेंट के हाथ में था.
इस पूरे खेल के पीछे भारत का एक 22 वर्षीय छात्र है, जिसे मीडिया में 'सैम' (बदला हुआ नाम) बताया जा रहा है. सैम ऑर्थोपेडिक सर्जन बनने की पढ़ाई कर रहा है. उसने मेडिकल स्कूल की भारी-भरकम फीस भरने और भविष्य में अमेरिका जाकर बसने के अपने सपने को पूरा करने के लिए एक अनोखा रास्ता चुना. सैम ने एआई का इस्तेमाल कर 'एमिली हार्ट' नाम की एक काल्पनिक महिला का प्रोफाइल बनाया. ये दिखने में हॉलीवुड अभिनेत्री जेनिफर लॉरेंस जैसी थी.
कैस बनाया एमिली का किरदार?
एमिली हार्ट का इंस्टाग्राम प्रोफाइल देखते ही देखते वायरल हो गया. सैम हर दिन एमिली की ऐसी तस्वीरें पोस्ट करता था जिसमें वह बिकनी पहनकर बर्फ में मछली पकड़ रही होती, कभी राइफल से निशाना साधती, तो कभी हाथ में बीयर का कैन लिए नजर आती. इन तस्वीरों के साथ कैप्शन में वह कट्टर ईसाई धर्म, गर्भपात का विरोध, हथियारों के समर्थन और अवैध प्रवासियों को देश से निकालने जैसी बातें लिखता था.
सैम का कहना है कि उसने एआई का इस्तेमाल कर जानबूझकर ऐसी 'लड़की' बनाई जो रूढ़िवादी पुरुषों को अपनी ओर आकर्षित कर सके. उसका यह फॉर्मूला काम कर गया. महज एक महीने के भीतर एमिली के 10,000 से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए और उसके हर वीडियो (रील्स) पर लाखों व्यूज आने लगे. अमेरिका के बुजुर्ग और अकेलेपन के शिकार पुरुष एमिली के दीवाने हो गए थे.
एआई मॉडल के जरिए घर बैठे छापे करोड़ों रुपये
इसके अलावा उसने 'MAGA' थीम वाली टी-शर्ट भी बेचना शुरू किया. सैम ने बताया कि वह दिन में मुश्किल से 30 से 50 मिनट का समय देता था और महीने के लाखों रुपये कमाने लगा था. फिलहाल, धोखाधड़ी और एआई कंटेंट का खुलासा न करने की वजह से इंस्टाग्राम ने एमिली हार्ट का अकाउंट डिलीट कर दिया है. सैम ने भी अब इस काम से दूरी बना ली है और वह अपनी मेडिकल की पढ़ाई पर ध्यान दे रहा है. उसका कहना है कि वह इसे 'धोखा' नहीं मानता, बल्कि उसने बस एक अवसर का लाभ उठाया.
यह भी पढ़ें: ईरान के खिलाफ अमेरिका की जंग फिर हिंद महासागर तक पहुंची, ईरानी टैंकर किया जब्त
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं