मलेशिया में टिकटॉक पर एक फर्जी टिकटॉक अकाउंट ने ऐसा विवाद खड़ा कर दिया, जिसने पूरे देश में हड़कंप मचा दिया है. इस अकाउंट पर देश के राजा, सुल्तान इब्राहिम के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें पोस्ट की गईं. कुछ पोस्ट में राजा के बारे में झूठे दावे किए गए, जबकि एक तस्वीर में उनके चेहरे को जानवर के शरीर पर लगाया गया था. मामला इतना गंभीर हो गया कि अब मलेशिया की सरकारी एजेंसी ने टिकटॉक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और शाही परिवार ने भी दोषियों पर सख्त कदम उठाने की मांग की है.
मलेशिया में क्या हुआ है?
मलेशिया की कम्युनिकेशन रेगुलेटर एजेंसी ने गुरुवार को कहा कि उसने टिकटॉक को कानूनी नोटिस जारी किया है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार एजेंसी का आरोप है कि टिकटॉक ने देश के शाही परिवरा से जुड़े आपत्तिजनक और मानहानि वाले कंटेंट को हटाने के लिए समय पर और पर्याप्त कार्रवाई नहीं की. मलेशियन कम्युनिकेशंस एंड मल्टीमीडिया कमीशन ने एक बयान में कहा कि यह कार्रवाई एक ऐसे अकाउंट से जुड़े कंटेंट की वजह से की गई, जो खुद को मलेशिया के राजा सुल्तान इब्राहिम से जुड़ा हुआ बता रहा था. जबकि वह फर्जी अकाउंट है.
आखिर अकाउंट से ऐसा क्या पोस्ट किया गया?
इससे पहले जोहोर शाही परिवार के रॉयल प्रेस ऑफिस ने भी फर्जी टिकटॉक अकाउंट चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी. इस अकाउंट पर सुल्तान इब्राहिम का अपमान करने और उनकी छवि खराब करने का आरोप है. सुल्तान के आधिकारिक फेसबुक पेज पर जारी बयान में रॉयल प्रेस ऑफिस ने कहा कि “सुल्तान इब्राहिम इस्माइल” नाम से चल रहे इस अकाउंट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का इस्तेमाल किया गया है.
बयान में कहा गया कि इस अकाउंट के जरिए राजा के खिलाफ अपमानजनक कंटेंट फैलाया जा रहा था. इन पोस्ट में एक वीडियो भी शामिल था, जिसमें झूठा दावा किया गया कि सुल्तान पोर्क यानी सूअर का मांस खाना पसंद करते हैं. शाही परिवार ने इस दावे को पूरी तरह झूठा और बेहद संवेदनशील बताया, क्योंकि सुल्तान इब्राहिम एक मलय शासक हैं और इस्लाम धर्म का पालन करते हैं.
रॉयल प्रेस ऑफिस ने एक और तस्वीर पर भी दुख जताया है. इस तस्वीर में राजा के चेहरे को एक जानवर के शरीर पर लगाया गया था. बयान में कहा गया कि यह साफ तौर पर अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना हरकत थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं