अमेरिका और ईरान में तनातनी के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नया बयान दिया है. ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुलवाने में उनसे मदद की गुहार लगाई है. ये भी कहा कि ये काम जितनी जल्दी हो, उतना अच्छा है. ट्रंप का कहना है कि ईरान ढहने के कगार पर है, इसीलिए उसने ये मदद मांगी है.
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर ये भी दावा किया कि ईरान ने खुद उन्हें बताया कि उनका देश इस वक्त 'पतन की स्थिति' में पहुंच चुका है. ट्रंप ने ईरान में नेतृत्व के संकट की बात भी दोहराई है. वह पहले भी कहते रहे हैं कि ईरान की कमान संभालने को लेकर अंदरूनी उठापटक चल रही है. ट्रंप का कहना है कि ईरान नेतृत्व के स्तर पर जारी अस्थिरता को सुलझाने की कोशिश कर रहा है, और उन्हें लगता है कि वह इस संकट को सुलझा लेगा.
गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल के ईरान पर हमले के बाद से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही लगभग ठप है. खाड़ी देशों से समुद्री व्यापार का ये सबसे प्रमुख रास्ता है. दुनिया में तेल और गैस की लगभग 20-25 फीसदी सप्लाई इसी समुद्री मार्ग से होती है.
अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर बातचीत भी फिलहाल ठंडे बस्ते में है. दोनों तरफ से इच्छा जताए जाने के बावजूद इसमें कोई प्रगति नजर नहीं आ रही है. ट्रंप ने बुधवार को परमाणु वार्ता को लेकर ईरान की आलोचना की और कहा कि वह समझौता करने की तरफ बढ़ने में नाकाम साबित हुआ है.

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ईरान अपनी स्थिति सुधार नहीं पा रहा है. उन्हें ये भी नहीं पता कि परमाणु मुक्त समझौते पर दस्तखत कैसे किए जाते हैं. बेहतर होगा कि वो जल्द ही समझदारी दिखाएं.
ट्रंप ने ईरान को चिढ़ाने के लिए एआई से बनी एक तस्वीर भी पोस्ट की, जिसमें वो हाथ में एक ऑटोमैटिक गन लिए नजर आ रहे हैं. बैकग्राउंड में कई धमाके होते हुए दिख रहे हैं. इस फोटो पर लिखा है- NO MORE MR. NICE GUE!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं