विज्ञापन

ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी को हुई 27 साल 6 महीने की सजा, जानें क्या था प्लान?

मुकदमे के दौरान पेश की गई एक रिकॉर्डिंग में मर्चेंट को कथित तौर पर यह समझाते हुए सुना गया कि किसी राजनीतिक नेता की रैली के दौरान हत्या किस तरह की जा सकती है. बाद में उसने उन लोगों से मुलाकात की, जिन्हें वह सुपारी लेकर हत्या करने वाले पेशेवर अपराधी समझ रहा था.

ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी को हुई 27 साल 6 महीने की सजा, जानें क्या था प्लान?
ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले को जेल की सजा
फाइल फोटो
  • ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल छह महीने जेल की सजा सुनाई गई
  • अभियोजकों ने बताया कि यह साजिश ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के निर्देश पर रची गई थी
  • मर्चेंट ने पेशेवर हत्यारों को सुपारी दी थी, जो वास्तव में एफबीआई के अंडरकवर एजेंट थे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल छह महीने जेल की सजा अमेरिका ने सुनाई है. अभियोजकों का कहना है कि यह साजिश ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के निर्देश पर रची गई थी. हालांकि, अमेरिकी जांच एजेंसियों ने समय रहते इसे नाकाम कर दिया, जिससे किसी हमले को अंजाम नहीं दिया जा सका. अमेरिकी न्याय विभाग ने मंगलवार को बताया कि न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित संघीय अदालत में जिला न्यायाधीश एरिक आर. कोमिटी ने मर्चेंट को 330 महीने की सजा सुनाई.

ट्रंप की हत्या के लिए दी थी सुपारी

48 साल के मर्चेंट को छह मार्च को जूरी ने हत्या के लिए सुपारी देने और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से परे आतंकवादी गतिविधि को अंजाम देने की कोशिश के आरोपों में दोषी ठहराया था. अभियोजन पक्ष का कहना है कि मर्चेंट ने एक अमेरिकी राजनीतिक नेता की हत्या के लिए पेशेवर हत्यारों की तलाश की थी. हालांकि, जिन लोगों को उसने इसके लिए पैसे दिए, वे वास्तव में एफबीआई के अंडरकवर एजेंट थे. जांच एजेंसी ने हमले से पहले ही पूरी योजना का खुलासा कर दिया.

मर्चेंट ने अदालत में गवाही दी कि इस साजिश का मुख्य निशाना ट्रंप थे. अभियोजकों के मुताबिक, उस समय के राष्ट्रपति जो बाइडेन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली भी संभावित निशानों में शामिल थे.अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने सजा का ऐलान करते हुए कहा कि नेताओं के खिलाफ विदेशी आतंकवादी साजिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

ईरानी सैन्य कमांडर की हत्या का बदला लेना चाहता था

अभियोजकों का दावा था कि इस साजिश का मकसद ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की हत्या का बदला लेना था. सुलेमानी जनवरी 2020 में ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान इराक में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए थे.हालांकि, मर्चेंट ने अभियोजन पक्ष के इस दावे पर सवाल उठाया था कि वह वास्तव में हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए तैयार था. उसने अदालत में कहा था कि ईरान में उसके परिवार की सुरक्षा को लेकर उसे डर था और उसका इरादा कभी भी हत्या करवाने का नहीं था. अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, मर्चेंट स्वेच्छा से रिवोल्यूशनरी गार्ड के खुफिया अभियान में शामिल हुआ था और अमेरिका आने से पहले उसे प्रशिक्षण दिया गया था.

राजनीतिक रैली के दौरान हत्या को अंजाम देने की साजिश

अभियोजन पक्ष ने कहा कि एक रिश्तेदार के माध्यम से उसकी पहचान ईरान में मौजूद एक हैंडलर से कराई गई थी. इसके बाद तेहरान में दोनों की कई मुलाकातें हुईं. मर्चेंट को कथित तौर पर काउंटर इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण दिया गया और राजनीतिक रैली के दौरान हत्या को अंजाम देने के लिए अपराधियों की भर्ती करने के निर्देश दिए गए. मर्चेंट अप्रैल 2024 में ईरान में कुछ समय बिताने के बाद अमेरिका पहुंचा. उसने इस योजना में मदद के लिए अपने एक परिचित से संपर्क किया, लेकिन उस व्यक्ति ने एफबीआई को इसकी जानकारी दे दी और जांच एजेंसी के लिए मुखबिर बन गया.

मुकदमे के दौरान पेश की गई एक रिकॉर्डिंग में मर्चेंट को कथित तौर पर यह समझाते हुए सुना गया कि किसी राजनीतिक नेता की रैली के दौरान हत्या किस तरह की जा सकती है. बाद में उसने उन लोगों से मुलाकात की, जिन्हें वह सुपारी लेकर हत्या करने वाले पेशेवर अपराधी समझ रहा था. उसने उन्हें बताया कि वह विदेश में मौजूद कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर काम कर रहा है.

12 जुलाई 2024 को टेक्सास में हुई थी गिरफ्तारी

अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक, प्रस्तावित गतिविधियों में दस्तावेजों की चोरी, राजनीतिक रैलियों में विरोध प्रदर्शन आयोजित करना और एक राजनीतिक नेता की हत्या करना शामिल था. आरोप लगाया कि 21 जून 2024 को न्यूयॉर्क में मर्चेंट ने अंडरकवर एजेंटों को पांच हजार डॉलर अग्रिम भुगतान किया था. इसके बाद 12 जुलाई 2024 को टेक्सास में अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया जब वह अमेरिका छोड़ने की तैयारी कर रहा था.

न्याय विभाग के मुताबिक, मुकदमे में पेश किए गए सबूतों में राजनीतिक रैलियों से संबंधित इंटरनेट सर्च और न्यू जर्सी में ट्रंप की एक रैली के लिए गूगल मैप्स पर की गई खोज भी शामिल थी. अभियोजकों ने सोशल मीडिया पर कासिम सुलेमानी की तारीफ करने और ट्रंप समेत अमेरिका को निशाना बनाने वाली पोस्ट का भी जिक्र किया.

इनपुट- IANS 

ये भी पढ़ें-

ये भी पढ़ें-QUAD मंच पर ट्रंप ने की PM मोदी की तारीफ, बोले- मोदी एक सख्त नेता हैं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Donald Trump, US Court, US Iran, Pakistani Citizen Arrested, Qasem Soleimani Murder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com