विज्ञापन
This Article is From Apr 15, 2014

रूस के साथ कोई शीतयुद्ध नहीं : व्हाइट हाउस

रूस के साथ कोई शीतयुद्ध नहीं : व्हाइट हाउस
फाइल फोटो
वाशिंगटन:

व्हाइट हाउस ने कहा है कि अमेरिका और रूस के बीच कोई शीतयुद्ध नहीं चल रहा है तथा इस समय के हालात और जमीनी वास्तविकताएं पुराने दौर से काफी अलग हैं।

दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने यूक्रेन में मौजूद अलगाववादियों को मिल रहे रूसी समर्थन पर गहरी चिंता जताते हुए अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन को कहा कि यूक्रेन में मौजूद सभी गैर-कानूनी बलों को अपने हथियार डाल देने चाहिए।

व्हाइट हाउस ने कल कहा, 'राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया है कि देश में मौजूद सभी गैर-कानूनी बलों को अपने हथियार डाल देने चाहिए। उन्होंने राष्ट्रपति पुतिन से कहा है कि वे इन सशस्त्र और रूस-समर्थक समूहों के बीच अपने प्रभाव का इस्तेमाल करके उनसे वे इमारतें छोड़ने को कहें, जिनपर उन्होंने कब्जा कर रखा है।'

दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी और उनके रूसी समकक्ष सरजेई लावरोव के बीच अगले सप्ताह होने वाली बैठक से पहले हुई है।

रूस और अमेरिका के बीच कथित शीतयुद्ध के बारे में व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जे कार्नी ने मंगलवार को कहा, 'हमारे बीच कोई शीतयुद्ध नहीं चल रहा क्योंकि मुझे लगता है कि हमें शीतयुद्ध के दौरान की स्थितियां याद होनी चाहिए। फिर ये दोनों महाशक्तियां हैं, दोनों के ही आर्थिक और सैन्य गुट हैं। रूस सोवियत संघ नहीं है। कोई भी वॉरसॉ संधि भी नहीं है। कोई सोवियत आर्थिक गुट भी नहीं है।'

कार्नी ने कहा कि अमेरिका यूरोप में मौजूद अपने सहयोगियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। इनमें वे देश भी शामिल हैं, जो सोवियत ब्लॉक का हिस्सा हुआ करते थे। इन सहयोगी देशों के साथ मिलकर अमेरिका देशों की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने के लिए काम कर रहा है। यदि इस संदर्भ में कोई उल्लंघन किया जाता है तो इसके नतीजे भुगतने होंगे।

उन्होंने कहा, 'इस बात का सवाल ही नहीं है कि यूक्रेन में रूस के उकसावे भरे बर्ताव के कारण रूस के साथ हमारे संबंध तनावपूर्ण हुए हैं।' हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि रूस के प्रति अमेरिका की नीति व्यवहारिक है।

कार्नी ने कहा, 'एक प्रशासन और एक देश के रूप में रूस के साथ हमारे स्पष्ट नजरिए के संबंध है। रूस के द्वारा किए जा रहे कामों से जब भी हमें असहमति होती है, अमेरिका उसे स्पष्ट करता है। यदि जरूरी होता है तो हम अपने सहयोगियों और साथियों के साथ मिलकर रूस की गतिविधियों पर चर्चा भी लगाते हैं।'

उन्होंने कहा, 'लेकिन हम रूस के साथ काम करना जारी रखते हैं, जबकि यह हमारे और उसके दोनों के ही हित में है।'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com