विज्ञापन

टॉयलेट की ओर भागे, नहीं था कोई एग्जिट गेट...बैंकॉक के पब में आग लगने से 27 लोगों की मौत- VIDEO

Massive fire in Bangkok bar: इस लाइव म्यूजिक वेन्यू में एक स्टेज, दो बार और एक किचन है, जिसमें कुल 300 से ज्यादा लोगों के बैठने की जगह है.

टॉयलेट की ओर भागे, नहीं था कोई एग्जिट गेट...बैंकॉक के पब में आग लगने से  27 लोगों की मौत- VIDEO

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के बाहरी इलाके में Rong Beer Na Lat Phrao नाम के एक पब में रविवार देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें 30 लोगों की मौत हो गई है और कई घायल हैं. चश्मदीदों के मुताबिक- शुरुआत में स्टेज के पास सर्किट ब्रेकर से धुआं निकला और लाइट चली गई, इसके बाद तेज धमाका हुआ.  आग इतनी तेजी से फैली की कुछ ही मिनटों में पूरे पब को अपनी चपेट में ले लिया. बताया जा रहा है कि ज्यादातर लोगों की मौत का कारण धुआं था. कई शव पीछे के टॉयलेट में मिले, जहां कोई एक्जिट गेट नहीं था.

आखिर हुआ क्या?

देश के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने सोमवार तड़के सुबह घटनास्थल का दौरा किया. उनके अनुसार जिन लोगों की जान बच गई उन्होंने बताया कि आग लगने के बाद पब तेजी से धुएं से भर गया, जिससे कई लोगों को जगह के पिछले हिस्से में बाथरूम के पास भागना पड़ा. अनुतिन ने कहा, "हमने 27 शव बरामद किए हैं, बाकी लोगों को हॉस्पिटल भेजा जा रहा है."

उन्होंने कहा कि पब पर मौजूद म्यूजिशियन ने बताया कि "स्टेज के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकला, जिसके बाद लाइट चली गई और धमाका हुआ."

बैंकॉक मेट्रोपॉलिटन एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारी सुरियाचाई राविवान ने बताया कि इस घटना में घायल हुए 63 और लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपुंट ने पत्रकारों को बताया कि घायल और हॉस्पिटल में भर्ती लोगों में से 22 की हालत गंभीर है. यानी मौतों का आंकड़ा अभी बढ़ सकता है.

चश्मदीदों ने क्या बताया?

न्यूज एजेंसी एएफपी के अनुसार 45 साल के मोटरबाइक टैक्सी ड्राइवर सुरिन जाइहार्न ने बताया कि उन्होंने पब के दरवाजे से आग को सड़क की तरफ फैलते देखा. उन्होंने जलने और छाले पड़ने के बावजूद भाग रहे लगभग पांच लोगों की मदद की. सुरिन ने AFP को बताया, "मैं बहुत उदास महसूस कर रहा हूं. मैंने कई लोगों को मरते देखा और जिन लोगों की मैंने मदद की, उनके बारे में मुझे कुछ नहीं पता कि वे कैसे हैं."

उन्होंने बताया कि उन्होंने लोगों के शरीर पर लगी आग बुझाने के लिए कपड़ों का इस्तेमाल किया, जबकि एक दूसरे ड्राइवर ने एक महिला पीड़ित को खतरे वाली जगह से दूर पहुंचाया. इस महीने एक लाइव शो के प्रमोशन के लिए पब के फेसबुक पेज पर की गई पोस्ट के अनुसार, इस लाइव म्यूजिक वेन्यू में एक स्टेज, दो बार और एक किचन है, जिसमें कुल 300 से ज्यादा लोगों के बैठने की जगह है. आग लगने की स्थिति में बाहर निकलने के लिए चार रास्ते (फायर एग्जिट) भी हैं.

लाओस के टूरिस्ट कान कुतिरात ने AFP को बताया कि उन्होंने "अंदर बहुत से लोगों के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज सुनी. वहां अफरा-तफरी मच गई थी". उन्होंने फेसबुक पर एक वीडियो शेयर किया, जिसकी AFP ने पुष्टि की है. वीडियो में दिख रहा है कि लोग, जिनमें से कई की शर्ट में आग लगी हुई थी, सड़क की तरफ भाग रहे हैं और दरवाजे से आग की लपटें बाहर निकल रही हैं.

कान ने बताया कि रविवार रात करीब 10:00 बजे वे बार में अकेले ड्रिंक कर रहे थे, तभी उन्होंने स्टेज के पास धुआं उठते देखा. उन्होंने कहा, "मैंने पहले कभी ऐसा कुछ नहीं देखा था. वे दृश्य अभी भी मेरे दिमाग में घूम रहे हैं." उन्होंने बताया कि उन्होंने एक महिला को बार से बाहर निकालने में मदद की. अपनी पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा: "मैं सिर्फ़ एक व्यक्ति को ही बाहर निकाल पाया. मैंने पूरी कोशिश की. मुझे अफसोस है."

यह भी पढ़ें: व्हाइट हाउस की एक मीटिंग और इजरायल का इंटेलिजेंस... ऐसा क्या हुआ था कि ट्रंप ने तोड़ दिया सीजफायर?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bangkok Fire, Thailand News, Fire Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com