ग्रीस के साइरोस द्वीप के बंदरगाह पर इजरायल की एक क्रूज शिप को बम से उड़ाने की धमकी मिली. धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति ने दावा किया कि जहाज के निचले हिस्से (हुल) में विस्फोटक लगाया गया है. इसके बाद ग्रीक अधिकारियों ने तुरंत बड़े सुरक्षा अभियान की शुरुआत कर दी.
पनामा के झंडे वाले क्राउन आइरिस नामक इस क्रूज शिप का संचालन इजरायली कंपनी मैनो मेरिटाइम करती है. जहाज ग्रीस के साइरोस बंदरगाह से इजरायल के हाइफा शहर के लिए रवाना होने वाला था. उस समय जहाज पर कुल 940 यात्री और 597 चालक दल के सदस्य सवार थे. यानी 1,500 से अधिक लोग जहाज में मौजूद थे.
जहाज की तलाशी जारी
धमकी मिलने के बाद ग्रीक कोस्ट गार्ड ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया. विस्फोटकों का पता लगाने वाले विशेष प्रशिक्षित कुत्ते और एक निजी गोताखोर की मदद से जहाज की तलाशी ली गई. इसके अलावा कोस्ट गार्ड की विशेष यूनिट को भी मौके पर तैनात किया गया ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके.
प्रारंभिक जांच में जहाज पर किसी भी तरह का विस्फोटक नहीं मिला. हालांकि अधिकारियों ने एहतियात बरतते हुए जांच को यहीं नहीं रोका. कोस्ट गार्ड के विशेषज्ञों को भी बुलाया गया, जिन्हें जहाज के बाहरी और संवेदनशील हिस्सों की दोबारा जांच करनी थी. अधिकारियों का कहना है कि पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही जहाज को अपनी यात्रा जारी रखने की अनुमति दी जाएगी.
यूरोप में बम की कई धमकियां मिल चुकी है
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब यूरोप में सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क हैं. इसी दिन यूरोप के अलग-अलग हिस्सों में कम से कम सात उड़ानों को भी बम की धमकियां मिलीं, जिसके चलते कई हवाई अड्डों पर अस्थायी व्यवधान पैदा हुआ. हालांकि बाद की जांच में किसी भी विमान में विस्फोटक नहीं मिला.
फिलहाल ग्रीक अधिकारियों का मानना है कि जहाज पर वास्तविक खतरे की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बड़ी संख्या में यात्रियों की मौजूदगी को देखते हुए किसी भी सूचना को हल्के में नहीं लिया जा सकता.
यह भी पढ़ें: US Midterm Poll: अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के लिए वोटिंग शुरू... ट्रंप की ताकत बढ़ेगी या घटेगी? जानें सबकुछ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं