यूक्रेन में चार साल से चल रही जंग ने सिर्फ शहरों और लोगों की जिंदगी ही नहीं बदली, बल्कि वहां की कला, फैशन और गहनों की दुनिया को भी पूरी तरह बदल दिया है. अब यूक्रेन के लोग ड्रोन, टैंक, गोलियों और युद्ध के प्रतीकों वाली ज्वैलरी पहन रहे हैं. सैनिकों से लेकर आम नागरिकों तक, युद्ध की यादें अब उनके गले, हाथों और कपड़ों का हिस्सा बन गई हैं.
एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार यूक्रेन में अब ड्रोन, गोलियों और टैंकों जैसे दिखने वाले गहनों के जरिए रूस का विरोध किया जा रहा. यह सभी हथियार ज्वैलरी के नए डिजाइनों में दिखाई दे रहे हैं. इनकी मांग सैनिकों और आम लोगों, दोनों की तरफ से आ रही है. इस रिपोर्ट के अनुसार ज्वैलरी बनाने वाली कार्पेंको ब्रांड के 26 वर्षीय कारीगर इलिया ने अभी-अभी तैयार हुए ड्रोन जैसा एक पेंडेंट को दिखाते हुए कहा, "यह एक सैनिक की पहचान का हिस्सा बन गया है."

ब्रांड के फाउंडर ओलेक्सी 2022 में रूस के हमले के बाद सेना में शामिल हो गए थे. कंपनी खुद को "एक सैनिक की तरफ से सैनिकों के लिए" बताकर प्रचारित करती है.

कंपनी की मैनेजर स्वितलाना कार्पलियुक ने कहा कि कई बड़ी सैन्य ब्रिगेड एक साथ ऑर्डर देती हैं. वे पूरी यूनिट के लिए पेंडेंट बनवाती हैं. उन्होंने कहा कि सैन्य विषयों पर आधारित पेंडेंट सबसे ज्यादा बिकते हैं. इनका इस्तेमाल युद्ध में मारे गए साथियों को सम्मान देने के लिए भी किया जाता है. छोटे ड्रोन वाले पेंडेंट जैसे कई डिजाइन आम नागरिकों में भी काफी लोकप्रिय हैं.

युद्ध से इंस्पायर होकर नए डिजाइन सिर्फ छोटे कलाकार ही नहीं बना रहे हैं, बल्कि बड़े और महंगे ज्वेलरी ब्रांड भी इस ट्रेंड में शामिल हो गए हैं. रूस के हमले से कुछ दिन पहले त्स्विते तेरेन नाम की कंपनी ने सफेद सिरेमिक से बने शांति के कबूतरों की एक नई सीरिज शुरू की थी. आज यह कंपनी का सबसे फेमस कलेक्शन बन चुका है और यूक्रेन के साथ-साथ विदेशों में भी खूब बिक रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं