- यूक्रेन ने रूस के रिफाइनरी पर हमला किया है.
- ये हमला रूस के 2 हजार किलोमीटर भीतर हुआ है.
- रूस और यूक्रेन बीते कई दिनों से एक दूसरे के तेल रिफाइनरी पर हमला कर रहे हैं.
यूक्रेन ने रूस के खिलाफ युद्ध में सीमा से करीब 2,000 किलोमीटर दूर यूराल क्षेत्र में स्थित ट्यूमेन तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया है. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि उनके देश ने अब ऐसे लंबी दूरी के ड्रोन विकसित कर लिए हैं. ये 3,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तक मार करने में सक्षम हैं. इस नए हथियार ने युद्ध का भूगोल पूरी तरह बदल दिया है.
ट्यूमेन रिफाइनरी पर हुए इस हमले के बाद वहां हड़कंप मच गया. ट्यूमेन क्षेत्र के गवर्नर अलेक्जेंडर मूर ने टेलीग्राम पर जानकारी दी कि रिफाइनरी परिसर में ड्रोन का मलबा गिरा. इसके बाद आपातकालीन कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे. शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्लांट को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और एहतियात के तौर पर वहां काम करने वाले कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था.
बता दें कि ट्यूमेन रिफाइनरी रूस के सबसे बड़े निजी स्वामित्व वाले ऑयल रिफाइन फैसेलिटी में से एक है. इसकी क्षमता प्रतिदिन लगभग 1,51,000 बैरल कच्चे तेल को प्रोसेस करने की है और यह रूसी घरेलू बाजार के लिए ईंधन का एक बेहद अहम जरिया है.
रूसी ईंधन सप्लाई पर गहराया संकट
कीव ने पिछले कुछ महीनों में रूस के तेल बुनियादी ढांचे पर अपने हमलों को काफी तेज कर दिया है. अकेले मॉस्को रिफाइनरी को ही इस सप्ताह दो बार निशाना बनाया गया.
इंडस्ट्री कंसलटेंट 'एनर्जी एस्पेक्ट्स लिमिटेड' के हिस्से 'ईए एनालिटिक्स' के अनुमानों के मुताबिक, इन लगातार हमलों के कारण रूस की क्रूड-प्रोसेसिंग (कच्चे तेल को साफ करने की) दर जून में पिछले दो दशकों के सबसे निचले स्तर पर आ गई है. इसका सीधा असर अब रूस के आम नागरिकों पर दिखने लगा है.
रूस के देहाती इलाकों पर यूक्रेन कर रहा हमला
यूक्रेन अब नियमित रूप से रूस के सुदूर इलाकों, जैसे यूराल पहाड़ों और उन समुदायों को निशाना बना रहा है, जहां के लोग अब तक इस युद्ध को खुद से बहुत दूर एक अलग समस्या मानकर बैठे थे. शनिवार को इस हमले के बाद यूराल क्षेत्र के कई हवाई अड्डों को अपनी उड़ानें रोकनी पड़ीं, क्योंकि एयर डिफेंस सिस्टम लगातार ड्रोन हमलों को नाकाम करने में जुटे थे.
यह भी पढ़ें: Explainer: रूस से संबंध सुधारने की राह पर यूरोप, क्रेमलिन भी दे रहा संकेत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं