विज्ञापन

80 साल में अमेरिका के जितने सैनिक मरे, रूस ने उससे चार गुना ज्यादा 4 साल में खो दिए!

रूस ने भारत से पेट्रोल आयात करना शुरू कर दिया है क्योंकि यूक्रेनी हमलों ने तेल संकट पैदा कर दिया है.

80 साल में अमेरिका के जितने सैनिक मरे, रूस ने उससे चार गुना ज्यादा 4 साल में खो दिए!
Russia Ukraine war: यूक्रेन से 8 गुना ज्यादा रूसी सैनिक मर रहे (फोटो- NDTV)

रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध में अब तक 20 लाख से ज्यादा सैनिक मारे गए, घायल हुए या लापता हो गए हैं. एक नई रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि सबसे ज्यादा नुकसान खुद जंग शुरू करने वाले रूस को हुआ है. इन 20 लाख सैनिकों में से 14 लाख खुद रूस के हैं. इसके साथ ही दुनिया भर को तेल देने वाला रूस अब भारत से पेट्रोल खरीदने को भी मजबूर हो गया है. कुल मिलाकर रूस बैकफुट पर जाता दिख रहा है.

रिपोर्ट में क्या खुलासा हुआ?

अमेरिका के शोध संस्थान सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (CSIS) की बुधवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया कि रूस और यूक्रेन के कुल 20 लाख से ज्यादा सैनिक या तो मर चुके हैं, घायल हुए हैं या लापता हुए हैं. इनमें से कुल 14 लाख सैनिक रूस के हैं. इनमें से 4 लाख से 4.5 लाख सैनिक मारे गए हैं. वहीं इस रिपोर्ट के अनुसार, फरवरी 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन के 5.25 लाख से 6.25 लाख सैनिक मारे गए, घायल हुए या लापता हुए हैं. इनमें से 1.25 लाख से 1.5 लाख सैनिकों की मौत हुई है.

रिपोर्ट में एक और आंखें खोलने वाली तुलना की गई है. इसके अनुसार द्वितीय विश्व युद्ध के बाद अमेरिका ने जितने भी युद्ध लड़े, उनमें मारे गए अमेरिकी सैनिकों की कुल संख्या से भी चार गुना से ज्यादा रूसी सैनिक यूक्रेन युद्ध में मारे गए हैं. इस रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 के पहले छह महीनों में हर 1 यूक्रेनी सैनिक के मुकाबले करीब 8 रूसी सैनिक मारे गए, घायल हुए या लापता हुए.

यह भी पढ़ें: यूक्रेन की मिसाइल रेंज में आ गया आधा रूस, क्या जंग में पासा पलट गया है? 

रूस से भारत से पेट्रोल मंगाना शुरू किया

इसी बीच, न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने दो उद्योग सूत्रों के हवाले से बताया कि रूस ने पहली बार समुद्र के रास्ते भारत से पेट्रोल मंगाना शुरू किया है. रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन लगातार रूस के ऊर्जा ठिकानों पर हमले कर रहा है. इसी वजह से रूस में पेट्रोल की कमी होने लगी है और इस कमी को पूरा करने के लिए भारत से पेट्रोल मंगाया जा रहा है. हालांकि, रूस के ऊर्जा मंत्रालय और भारत के पेट्रोलियम मंत्रालय ने इस खबर पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

रॉयटर्स के अनुसार, एक सूत्र ने बताया कि भारत से कम से कम 60,000 मीट्रिक टन पेट्रोल रूस भेजा गया है. वहीं, दूसरे सूत्र ने कहा कि दो बड़े टैंकर, जिनमें हर एक में 30,000 से 40,000 टन पेट्रोल था, रूस भेजे गए हैं. उधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि उनकी सेना ने रूस के बश्कोर्तोस्तान क्षेत्र में स्थित ऊफ़ा ऑयल रिफाइनरी पर एक हफ्ते में दूसरी बार हमला किया है.

यह भी पढ़ें: अब उल्टा रूस भारत से खरीदेगा पेट्रोल, यूक्रेन हमलों ने पैदा किया तेल संकट - रिपोर्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Russia Ukraine War, Russia Ukraine War 4 Years, Russia Ukraine Death Toll
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com