विज्ञापन

न्यूयॉर्क में RSS प्रमुख भागवत के कार्यक्रम के विरोध पर भड़की अमेरिकी सिंगर, ममदानी को बताया एंटी मोदी-BJP

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने RSS प्रमुख मोहन भागवत के मैडिसन स्क्वायर गार्डन कार्यक्रम को लेकर कहा है कि वह इसका समर्थ नहीं करते हैं. अब अमेरिकी सिंगर और एक्ट्रेस मैरी मिलबेन ने आलोचकों को जवाब दिया है.

न्यूयॉर्क में RSS प्रमुख भागवत के कार्यक्रम के विरोध पर भड़की अमेरिकी सिंगर, ममदानी को बताया एंटी मोदी-BJP
RSS प्रमुख मोहन भागवत का अमेरिका दौरा लगातार सुर्खियों में है
  • न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने RSS प्रमुख मोहन भागवत के मैडिसन स्क्वायर गार्डन कार्यक्रम पर विरोध जताया था
  • अब अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने भागवत के विरोधियों पर मोदी और बीजेपी विरोधी होने का आरोप लगाया है
  • मैरी मिलबेन ने ममदानी और दूसरे आलोचकों से कहा कि इतना ही है तो MSG किराए पर लें और मोदी विरोधी अपनी रैली करें

RSS प्रमुख मोहन भागवत के अमेरिका दौरे और न्यूयॉर्क के मशहूर मैडिसन स्क्वायर गार्डन (MSG) में उनके प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है. इस कार्यक्रम के विरोध में उठते आवाजों में एक नया और प्रमुख नाम न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी का जुड़ गया है. लेकिन अब अमेरिकी सिंगर और एक्ट्रेस मैरी मिलबेन ने आलोचकों, खासकर ममदानी पर निशाना साधा है. अफ्रीकी-अमेरिकी सिंगर मिलबेन ने आरोप लगाया कि भागवत के विरोधी सिर्फ इसलिए कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं क्योंकि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के खिलाफ हैं.

मिलबेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "ममदानी और ये सभी समाजवादी लोग मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले मोहन भागवत के कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं, क्योंकि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के विरोधी हैं." भागवत के विरोधियों की राजनीतिक सोच पर निशाना साधते हुए उन्होंने लिखा, "ये लोग समाजवाद की सोच रखते हैं, इसलिए वे पूंजीवाद (कैपिटलिज्म) को नहीं समझते."

उन्होंने आगे कहा, "MSGजी समाजवादियों की बातों के हिसाब से नहीं चलता. वह पूंजीवाद के हिसाब से चलता है. इसलिए यह कार्यक्रम होगा."

41 साल की मिलबेन ने 2023 में वॉशिंगटन के रॉनल्ड रीगन बिल्डिंग में प्रधानमंत्री मोदी के भाषण से पहले भारत का राष्ट्रगान गाया था. उन्होंने न्यूयॉर्क के मेयर और "समाजवादियों की पूरी टोली" को सलाह देते हुए कहा कि वे "पूंजीवादी बनें, पैसा जुटाएं, MSG किराए पर लें और मोदी विरोधी अपनी रैली करें."

उन्होंने आगे लिखा, "एक बात और, मुझे रैली का नाम 'वननेस' (एकता) पसंद है. हम सभी एक परिवार हैं. मुझे उम्मीद है कि इस रैली में भारत में धार्मिक आजादी को लेकर सार्थक बातचीत होगी." बता दें कि मैरी मिलबेन भारत में काफी लोकप्रिय हैं. वह भारत का राष्ट्रगान 'जन गण मन' और 'ओम जय जगदीश हरे' गाने के लिए जानी जाती हैं.

न्यूयॉर्क में RSS का कार्यक्रम

कार्यक्रम की वेबसाइट के अनुसार, RSS प्रमुख मोहन भागवत शनिवार को मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले कार्यक्रम में भाषण देंगे. वेबसाइट के मुताबिक, 29 अगस्त को होने वाले इस कार्यक्रम का नाम "यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन" है. इसमें अमेरिका में रहने वाले हिंदू समुदाय के लोगों को एक साथ लाने की बात कही गई है. कार्यक्रम के आयोजक- अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग ने कहा है कि इसे कई हिंदू-अमेरिकी संगठनों का समर्थन मिला है. उनका कहना है कि कार्यक्रम का मकसद साझा विरासत और अलग-अलग धर्मों के बीच एकता को बढ़ावा देना है.

कार्यक्रम का विरोध

कई स्थानीय संगठनों ने मोहन भागवत की मौजूदगी और RSS के इतिहास को लेकर कार्यक्रम के आयोजकों की आलोचना की है. जोहरान ममदानी भी कार्यक्रम के आलोचकों में शामिल हैं. उन्होंने कहा है कि वह इस कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते. जब ममदानी से पूछा गया कि क्या कार्यक्रम रद्द किया जाना चाहिए, तो उन्होंने कहा, "मैं इस रैली का समर्थन नहीं करता, लेकिन मुझे नहीं पता कि शहर के पास किसी निजी कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार है या नहीं."

बता दें कि ममदानी न्यूयॉर्क शहर के पहले मुस्लिम और भारतीय-अमेरिकी मेयर हैं. उन्होंने कहा, "मेरे परिवार ने मुझे भारत के बारे में जो बताया और जिस भारत को मैं बचपन से अच्छी तरह जानता हूं, वह एक ऐसा देश था जहां अलग-अलग समुदायों के लोग साथ रहते हैं. वह एक धर्मनिरपेक्ष गणराज्य था, जो भारत से जुड़े हर व्यक्ति को अपना मानता था. इसलिए ऐसे आंदोलन का बढ़ना बेहद परेशान करने वाला है, जिसकी सोच कुछ लोगों को देश से बाहर रखने पर आधारित है."

यह भी पढ़ें: न्यूयॉर्क मेयर जोहरान ममदानी ने RSS प्रमुख मोहन भागवत के कार्यक्रम का किया विरोध, बोले- ‘मैं समर्थन नहीं करता'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mohan Bhagwat US Visit, Zohran Mamdani, RSS Event New York
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com