ईसाई कैथोलिक समुदाय के सबसे बड़े धर्मगुरू पोप लियो चौदहवें को कैंसर हो गया है. वैटिकन ने बताया कि मंगलवार को 90 मिनट के ऑपरेशन में पोप लियो के दाहिने फेफड़े से कैंसर वाला ट्यूमर निकाला गया और ऑपरेशन के बाद वे सामान्य रूप से जाग गए. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार वैटिकन के एक सूत्र ने बताया कि यह पता लगाने के लिए और टेस्ट किए जा रहे हैं कि क्या कैंसर फैल गया है.
वैटिकन ने एक बयान में कहा कि यह पक्का करने के लिए कि ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा, दाहिने फेफड़े का निचला हिस्सा (लोब) निकाल दिया गया है. बयान में कहा गया कि ऑपरेशन से 'पल्मोनरी एडेनोकार्सिनोमा की पुष्टि हुई, जिसका शक ऑपरेशन से पहले किए गए टेस्ट से हुआ था'.
बता दें कि 71 वर्षीय पोप रोम के जेमेली हॉस्पिटल के ऑपरेशन रूम में कुल तीन घंटे तक रहे और ऑपरेशन 90 मिनट तक चला. वैटिकन ने कहा कि सर्जरी सफल रही और कोई दिक्कत नहीं हुई. एक सूत्र ने यह भी बताया कि ऑपरेशन के बाद उन्होंने रात का खाना मांगा.
क्या कोई खतरा है?
अमेरिकन लंग एसोसिएशन की मेडिकल प्रवक्ता जुआनिटा मोरा ने AFP को बताया कि जब इस तरह का कैंसर "शुरुआती स्टेज में पकड़ा जाता है, तो इसके ठीक होने की संभावना बहुत अच्छी होती है". उन्होंने कहा कि बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि कैंसर किस स्टेज पर मिला है और क्या वह फैल गया है.
शुभकामनाएं और प्रार्थनाएं
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, जो खुद कैथोलिक हैं, ने सर्जरी के बाद कहा कि वे और उनकी पत्नी पोप लियो की सेहत के लिए प्रार्थना में एकजुट हैं. रुबियो ने X पर कहा, "ईश्वर उन्हें शक्ति दें और पवित्र आत्मा उन मेडिकल प्रोफेशनल्स का मार्गदर्शन करे जो होली फादर (पोप) की देखभाल कर रहे हैं."
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने कहा कि उनकी शुभकामनाएं और प्रार्थनाएं पोप के साथ हैं. उन्होंने पोप लियो को आधुनिक दुनिया में शांति, मानवता और समझदारी की आवाज बताया.
शिकागो में जन्मे पोप लियो अमेरिका के पहले पोप हैं. वे खेल-कूद में रुचि रखते हैं और आम तौर पर उनकी सेहत अच्छी मानी जाती है. उन्हें 6 से 17 नवंबर के बीच दक्षिण अमेरिका की यात्रा पर जाना है, जिसमें वे उरुग्वे, अर्जेंटीना और पेरू का दौरा करेंगे. CNN के अनुसार पोप ने 20 अक्टूबर तक अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं