विज्ञापन

PoK में कत्लेआम के बाद भी पाकिस्तान बेरहम! 4 प्रदर्शनकारी नेताओं पर रखा 1 करोड़ का इनाम

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मुनीर की फौज ने कत्लेआम मचाया है, एक ही दिन में 100 से अधिक प्रदर्शनकारियों को मौत के घाट उतार दिया है.

PoK में कत्लेआम के बाद भी पाकिस्तान बेरहम! 4 प्रदर्शनकारी नेताओं पर रखा 1 करोड़ का इनाम
PoK Protest: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मुनीर की सेना मचा रही कत्लेआम
  • PoK में पाकिस्तान सेना ने प्रदर्शनकारियों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई हैं, 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है
  • प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के चार नेताओं के सिर पर ईनाम भी रख दिया गया है
  • भारत ने मंगलवार को PoK में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पाकिस्तान की कार्रवाई की कड़ी निंदा की

पाकिस्तान की सेना ने कब्जे वाले कश्मीर यानी PoK में दहशत फैला दी है, अपने हक की आवाज उठाने वाले प्रदर्शनकारियों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई हैं जिससे 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. अब वहां के स्थानीय प्रशासन ने इस प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के चार नेताओं के सिर पर ईनाम भी रख दिया है. जो भी इन्हें पकड़वाने के लिए जानकारी देगा, उन्हें 1 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का इनाम दिया जाएगा. यह वही संगठन है जिसे पिछले हफ्ते पाकिस्तान सरकार ने बैन कर दिया था और अब यह संगठन इस क्षेत्र में विरोध प्रदर्शनों के केंद्र में है.

JAAC के जिन नेताओं के सर पर ईनाम रखा गया है, उनके नाम हैं: शौकत नवाज मीर, उमर नजीर कश्मीरी, ख्वाजा मेहरान अरशद और सरदार अमान खान.

एक नोटिफिकेशन में कहा गया, “आजाद जम्मू और कश्मीर के राष्ट्रपति को यह खुशी हुई है कि प्रतिबंधित संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) के इन अपराधियों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 मिलियन रुपये का इनाम दिया जाएगा.” इसमें यह भी कहा गया कि सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी.

यह तब किया गया है जब पाकिस्तान ने PoK में प्रदर्शनकारियों पर सख्त कार्रवाई शुरू की, जिसमें 100 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई और कम से कम 400 लोग घायल हो गए. सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है.

जल रहा है PoK

JAAC यहां एक प्रमुख नागरिक समाज संगठन है, जिसने 27 जुलाई को होने जा रहे चुनावों से पहले 45 में से 12 विधानसभा सीटें शरणार्थियों के लिए आरक्षित करने के खिलाफ प्रदर्शन बुलाए थे. टकराव एक दिन पहले शुरू हुआ था जब बड़ा विरोध प्रदर्शन होना था. सीट आरक्षण के मुद्दे के अलावा, प्रदर्शनकारियों ने पहले हुई हिंसा, इंटरनेट बंदी, बिजली की कमी, महंगाई, बेरोजगारी, संसाधनों के कथित शोषण और राजनीतिक हाशिए पर धकेले जाने जैसी समस्याओं को भी उठाया था.

पिछले हफ्ते अधिकारियों ने सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा के आधार पर JAAC पर आधिकारिक रूप से प्रतिबंध (बैन) लगा दिया था. समूह के सदस्यों ने अपने संगठन को “आतंकवादी” बताने को दमनकारी कार्रवाई कहा है.

भारत ने निंदा की

भारत ने मंगलवार को PoK में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पाकिस्तान की कार्रवाई की कड़ी निंदा की. नई दिल्ली ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराने की भी अपील की. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय पाकिस्तान को उसके गलत कार्यों और दुरुपयोग के लिए जवाबदेह ठहराएगा.”

वहीं पाकिस्तान मानवाधिकार आयोग (HRPC) ने भी तथाकथित क्षेत्रीय सरकार द्वारा JAAC को आतंकवाद विरोधी कानून के तहत प्रतिबंधित करने पर गंभीर चिंता जताई है. सोमवार को दिए गए बयान में HRPC ने नागरिकों और पुलिसकर्मी, दोनों की मौतों और अत्यधिक बल प्रयोग तथा नेटबंदी की कड़ी निंदा की. उसने कहा, “जब तक इस क्षेत्र के लोगों को राजनीतिक रूप से अधिकारहीन रखा जाएगा, तब तक बातचीत सार्थक नहीं हो सकती. शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार बनाए रखा जाना चाहिए और शिकायतों का पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए.”

यह भी पढ़ें: बुनियादी हक मांग रहे POK में नागरिकों की हत्या पर दुनिया भर में हाहाकार, भारत ने भी लगाई फटकार

यह भी पढ़ें: PoK में पाकिस्तान सेना ने प्रदर्शनकारियों पर चलाई अंधाधुंध गोलियां, 100 से ज्यादा मौतें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PoK Protest, Pakistan, Pakistan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com