विज्ञापन
This Article is From Jun 21, 2016

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले योगासन मुद्रा वाली तस्वीर से जगमगाया संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले योगासन मुद्रा वाली तस्वीर से जगमगाया संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय
संयुक्त राष्ट्र: दूसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन करने के लिए संयुक्त राष्ट्र की तैयारी करने के बीच इस वैश्विक संस्था के मुख्यालय पर योगासन वाली कई तस्वीरें प्रदर्शित की गईं।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के दूत सैयद अकबरुद्दीन ने ट्वीट किया, 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2016 मनाने के लिए योग के आसनों से न्यूयॉर्क में प्रकाशमय हुआ संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय।' तस्वीरों के नीचे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और योग 4 एसडीजी लिखा हुआ है, जिनमें से कुछ भारतीय तिरंगे के रंग के थे। एक तस्वीर में एक महिला को पर्वतासन करते दिखाया गया है।

संयुक्त राष्ट्र में भारत का स्थायी दूतावास संरा जनसूचना विभाग के सहयोग से 21 जून को वैश्विक संस्था के मुख्यालय में कार्यक्रम का आयोजन करेगा। कार्यक्रम में संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष मॉरगंस लिकेटॉफ, संचार एवं जन सूचना के लिए अवर महासचिव क्रिस्टीना गैलाच और इशा फाउंडेशन के संस्थापक एवं आध्यात्मिक नेता जग्गी सद्गुरु शामिल होंगे, जो योगासन करेंगे। वहीं योग पर आयोजित कार्यक्रम में संगीतमय मंत्रोच्चार के बीच जानी मानी ब्रिटिश गायिका तान्या वेल्स संस्कृत के श्लोकों का पाठ करेंगी।

अकबरुद्दीन ने पिछले हफ्ते कहा था कि इस साल के अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का जोर योग के संबंध में जागरूकता फैलाने पर रहेगा, क्योंकि योग का समग्र दृष्टिकोण है और यह महज शारीरिक गतिविधि नहीं बल्कि इससे सतत विकास का लक्ष्य (एसडीजी) हासिल करने में भी मदद मिल सकती है। विभिन्न देशों के राजदूत और राजनयिक इस बारे में अपने अनुभव साझा करेंगे कि योग ने उनकी जीवनशैली को कैसे प्रभावित किया।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com