विज्ञापन
This Article is From Nov 18, 2015

संकेत हैं कि पेरिस हमलों के मास्टरमाइंड ने खुदकुशी की : भारत में फ्रांस के राजदूत ने NDTV से कहा

संकेत हैं कि पेरिस हमलों के मास्टरमाइंड ने खुदकुशी की : भारत में फ्रांस के राजदूत ने NDTV से कहा
अब्देलहमीद अबाउद (फाइल फोटो)
फ्रांस की राजधानी पेरिस के उपनगर सेंट डेनिस में बुधवार को हुई मुठभेड़ में दो संदिग्ध आतंकियों को मार गिराया गया है। इसमें एक महिला भी शामिल है, जिसने खुद को बम से उड़ा लिया। दरअसल ये कार्रवाई पेरिस हमले के मास्टरमाइंड अब्देल हमीद अबाउद की तलाश में शुरू हुई थी, जिसके बाद सीएनएन के हवाले से खबर आई कि इस ऑपरेशन में उसे मार गिराया गया है।

हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बाद में फ्रांस के राष्ट्रपति ने भी कहा कि अबाउद मुठभेड़ की जगह पर नहीं था। इधर फ्रांस के राजदूत ने एनडीटीवी से बात करते हुए बताया कि ऐसा लगता है पेरिस आतंकी हमले के मास्टरमाइंड बेल्जियम के आब्देल हमीद अबाउद ने पुलिस रेड के दौरान आत्महत्या कर ली है।

राजदूत फ्रैंकोइस रिचियर ने कहा, 'हमें ऐसे संकेत मिले हैं कि अबाउद ने बुधवार की रेड के दौरान आत्महत्या कर ली है। हम अबाउद की मौत की पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं। हमने सुना है कि उसने आज की रेड के दौरान आत्महत्या कर ली है।'

माना जा रहा है कि एक अपार्टमेंट में 7 घंटे तक चली फ्रेंच पुलिस और आर्मी की रेड के दौरान उसी अपार्टमेंट में छिपे हुए सदिग्धों में से एक 28 वर्षीय आईएस आतंकी अबाउद भी था। शुरू में माना जा रहा था कि अबाउद सीरियाई निवासी है।

पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है जबकि इस धरपकड़ में 3 पुलिसकर्मी घायल भी हो चुके हैं। गिरफ्तार किए गए एक शख्स ने पुलिस को बताया कि उसने अपार्टमेंट किराए पर दिया था। यह अपार्टमेंट उसने दो उन लोगों को दिया था जो 'बेल्जियम से' थे।

इस इलाके में सुबह साढ़े चार बजे से हुई फायरिंग के बाद अब यहां सेना की तैनाती कर दी गई है। खत्म हुए आतंकियों में से एक महिला थी जिसने खुद को उड़ा लिया है। इसके अलावा 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। मुठभेड़ के दौरान इस इलाके में 7 धमाकों की आवाज सुनी गई है।



पेरिस में बीते शुक्रवार हुए देश के अब तक के सबसे बड़े हमले में 129 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी की जांच के तहत पुलिस ने उत्तरी पेरिस में आतंक विरोधी छापेमारी की थी जिस दौरान वहां अचानक जबरदस्त गोलीबारी होने लगी।

दोपहर डेढ़ बजे तक अलग अलग सूत्रों से आ रही जानकारी के मुताबिक खबर थी कि पुलिस द्वारा पेरिस हमले के 3 और संदिग्ध अरेस्ट किए गए हैं। वहीं, 1 नागरिक की मौत की खबर भी आ रही थी। वैसे इलाका पूरी तरह से सेना और पुलिस के कब्जे में है और एक प्रकार से कर्फ्यू लगा हुआ है।

पेरिस हमले के बाद मारे गए छापे के दौरान महिला ने खुद को उड़ाया : 10 बातें

हमलों की जांच में लगे हुए एक सूत्र ने बताया कि उत्तरी पेरिस के सेंट डेनिस इलाके में फ़ायरिंग हुई है। जांच से जुड़़ा यह सूत्र इस बात की पुष्टि नहीं कर पाया कि यह अभियान किसे निशाना बनाकर शुरू किया गया था।
 

बुधवार त़ड़के ही यह ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था। खबर लिखे जाने तक शूटिंग जारी है। एक अन्य सूत्र ने बताया कि यह पुलिस और आर्मी की संयुक्त रूप से की गई छापेमारी थी। पेरिस धमाकों में एंटी टेरर रेड जारी की गई। ऐहतियातन, लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई।
 

आतंकी हमले में शामिल थे 9 हमलावर...
इस बीच, पेरिस हमलों में एक के बाद एक कई खुलासे हो रहे हैं। अब यह बात सामने आ रही है कि हमले में एक नौवां संदिग्ध भी शामिल था। फ्रांस पुलिस के मुताबिक, सेंट्रल पेरिस में बार में बाहर से हुई गोलीबारी का जो वीडियो सामने आया है, उसमें एक और संदिग्ध कार में बैठा हुआ दिख रहा है। इस बारे में पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
 

US से पेरिस जा रहे एयर फ्रांस के दो विमानों का रास्‍ता बदला : रिपोर्ट्स...
एयर फ्रांस के पेरिस जा रहे दो विमानों का रास्ता खतरे के चलते बदल दिया गया है। लॉस एंजलिस से पेरिस जा रहे विमान को अमेरिका में उताह के सॉल्ट लेक सिटी ले जाया गया। ये फ़ैसला बम रखे होने की अफवाह के चलते किया गया। इस बारे में पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।

(कुछ सूचनाएं न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
पेरिस हमला, फ्रांस हमला, सेंट डेनिस, उत्तरी पेरिस, Paris Attack, France Attack, Firing In Paris, Terrorist Attack, पेरिस आतंकवादी हमला, अब्देलहमीद अबाउद