विज्ञापन

पाकिस्तान के आतंकी चेहरे का नया सबूत, हाफिज सईद के बेटे के साथ फोटो खिंचवा रहे PM शहबाज के सलाहकार

Pakistan Terror Nexus: शरीफ के राजनीतिक मामलों के सलाहकार, राणा सनाउल्लाह की तल्हा सईद के साथ फोटो सामने आई है. तल्हा सईद 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का बेटा है.

पाकिस्तान के आतंकी चेहरे का नया सबूत, हाफिज सईद के बेटे के साथ फोटो खिंचवा रहे PM शहबाज के सलाहकार
पाकिस्तानी पीएम के सलाहकार और तल्हा सईद खुलेआम मंच पर बातचीत करते नजर आ रहे हैं
  • पाकिस्तानी PM के सहयोगी राणा सनाउल्लाह की हाफिज सईद के बेटे के साथ पर तस्वीर सामने आई है
  • तल्हा सईद 26/11 मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का बेटा है और प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन से जुड़ा है
  • सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों में सनाउल्लाह और तल्हा सईद खुलेआम बातचीत और हाथ मिलाते हुए दिखे हैं

पाकिस्तान की सरकार और आतंकवाद, दोनों मानों एक दूसरे के पर्याय हैं. एक तस्वीर बाहर आई है और एक बार फिर यह बात दुनिया के सामने साबित हो चुकी है. पाकिस्तान के प्रधान मंत्री शहबाज शरीफ के एक करीबी सहयोगी को हाल ही में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आतंकवादी हाफिज तल्हा सईद के साथ एक ही मंच पर देखा गया है, जिससे एक बार फिर पाकिस्तान के राजनीतिक नेतृत्व और प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों के बीच गहरी सांठगांठ उजागर हुई है. 

शरीफ के राजनीतिक मामलों के सलाहकार, राणा सनाउल्लाह की तल्हा सईद के साथ फोटो सामने आई है. तल्हा सईद 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का बेटा है.  फैसलाबाद में एक शादी में दोनों मिले थे और वहां उनकी तस्वीर खींची गई थी.

NDTV स्वतंत्र रूप से उस सटीक तारीख की पुष्टि नहीं कर सका जब दोनों की मुलाकात हुई थी. लेकिन हाई-प्रोफाइल सामाजिक समारोह की तस्वीरें, जिनमें सनाउल्लाह और तल्हा सईद खुलेआम मंच पर बातचीत करते और हाथ मिलाते दिख रहे हैं, सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं.

हाफिज सईद भारत में सबसे बड़े वांटेड आतंकवादियों में से एक है और 2008 के मुंबई हमले से लेकर पुलवामा बम विस्फोट तक की जांच में उसका नाम सामने आया है. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उसके खिलाफ जम्मू-कश्मीर में आतंक को फंडिंग देने और आतंकवादी गतिविधियों से जुड़ते हुए कई मामले दर्ज किए हैं. राणा सनाउल्लाह और तल्हा सईद की यह खुलेआम मुलाकात पाकिस्तानी सरकार और चरमपंथी नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों के बीच अनौपचारिक संबंधों के व्यापक पैटर्न की ओर इशारा करती है.

आतंक के नशे में डूबा पाकिस्तान

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब कुछ दिनों पहले एक अमेरिकी रिपोर्ट में पाकिस्तान में 15 सक्रिय आतंकवादी संगठनों पर प्रकाश डाला गया था - जिनमें से कई भारत को निशाना बना रहे हैं. हाल ही में कांग्रेसनल रिसर्च सर्विस की रिपोर्ट में इस बात पर प्रकाश डाला गया है कि वर्षों के सैन्य अभियानों और नीतिगत उपायों के बावजूद, आतंकवादी समूह "पाकिस्तानी धरती पर काम करना जारी रखते हैं".

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत-केंद्रित कई समूह पाकिस्तान में सक्रिय हैं, जिनमें 2008 के मुंबई हमलों के लिए जिम्मेदार लश्कर-ए-तैयबा और 2001 में भारतीय संसद पर हमले से जुड़ा जैश-ए-मोहम्मद शामिल हैं. इसमें आगे बताया गया कि पाकिस्तान का इस्तेमाल इन आतंकवादी समूहों के लिए आधार और लक्ष्य दोनों के रूप में किया जा रहा है.

पाकिस्तान को हाल के वर्षों में आतंकवाद में तीव्र वृद्धि का सामना करना पड़ा है. लगातार पांच वर्षों तक मौतों में गिरावट के बाद, जो 2019 में घटकर 365 रह गई, आतंकवाद से संबंधित मौतों की संख्या सालाना बढ़ गई है, "2025 में बढ़कर 4,001 हो गई, जो 11 वर्षों में सबसे अधिक है". रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान "आतंकवाद से सबसे अधिक प्रभावित" देश है, जो 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता में वापसी के बाद आतंकवाद के पुनरुत्थान को दर्शाता है.

यह भी पढ़ें: UN में गूंजा बलूचिस्तान का मुद्दा, दुनिया से पाकिस्तान की सरकार और सेना को जवाबदेह ठहराने की अपील

लेखक के बारे में
img
Ashutosh Kumar Singh
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Pakistan Terrorism, Lashkar-e-Taiba
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com