विज्ञापन
This Article is From Jan 08, 2013

नियंत्रण रेखा उल्लंघन पर पाकिस्तान ने जताया विरोध

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने सोमवार को भारत के सामने अपना विरोध दर्ज कराया जिसमें उसने भारतीय सेना पर कश्मीर में स्थित एक पाकिस्तानी पोस्ट पर अकारण गोलीबारी करने का आरोप लगाया है। भारत ने आरोपों का खंडन किया है।

भारत के उपउच्चायुक्त गोपाल बाग्ले को विदेश मंत्रालय बुला कर विरोध पत्र थमाया गया। जीओ न्यूज ने यह रिपोर्ट दी है।

पाकिस्तान ने कहा है कि रविवार को हाजीपीर सेक्टर में पोस्ट पर हमला नियंत्रण रेखा (एलओसी) का उल्लंघन है। यह रेखा कश्मीर को भारत और पाकिस्तान के बीच बांटती है।

विदेश मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि भारत सरकार से भविष्य में इस प्रकार की घटना नहीं होने देने का उपाय करने के लिए कहा गया है।

पाकिस्तान ने भारतीय सेना पर रविवार के हमले में एक पाकिस्तानी सिपाही को मार गिराने का आरोप लगाया है।

भारत ने पाकिस्तान के आरोपों का यह कहते हुए खंडन किया है कि पहले पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा के समीप भारतीय नागरिक पर मोर्टार से गोले दागे।

भारतीय अधिकारी ने पाकिस्तानी रेंजरों पर उरी सेक्टर के हाजीपीर इलाके में भारतीय मोर्चे पर अकारण मोर्टार से गोला दागने का आरोप लगाया है।

श्रीनगर में एक रक्षा प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया, "हमारी टुकड़ी ने जोरदार जवाबी कार्रवाई की जिसके बाद पाकिस्तान की ओर से हो रही गोलाबारी थमी।"

प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी गोलाबारी का मकसद पाकिस्तान से कश्मीर घाटी में घुसपैठ करने वाले आतंकवादियों की मदद करना था, लेकिन भारतीय टुकड़ी ने उनकी मंशा पर पानी फेर दिया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com