पाकिस्तान में एक और आतंकी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है. इस बार पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हिज्बुल मुजाहिदीन के आतंकवादी अब्दुल मजीद की मौत हुई है. अब्दुल मजीद मूल रूप से भारत के पूंछ का रहने वाला था. उसे इस्लामाबाद के बर्मा टाउन में मरा पाया गया. उनकी मौत कैसे हुई है, इसके बारे में अलग-अलग और एक-दूसरे से ठीक उलट बातें कही जा रही हैं.
जहां हिज्बुल मुजाहिदीन का दावा है कि सीढ़ियों से गिरने के कारण उसके सिर में जानलेवा चोट लगी थी वहीं उसके साथियों का आरोप है कि उसकी मौत बिजली का झटका लगने से हुई है. मारे गए इस आतंकवादी के अंतिम संस्कार की अगुवाई खुद हिज्बुल कमांडर ताज अली शाह ने की. अब्दुल मजीद अपने पीछे पाकिस्तान में अपनी पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गया है.
पाकिस्तान बना हुआ है हिज्बुल का पनाहगार
हाल ही में हिजबुल मुजाहिद्दीन के एक कमांडर का वीडियो सामने आया है, जिसमें वो पाकिस्तान से भेजे गए आतंकवादियों के कश्मीर में एक्टिव रहने की बात कर रहा था. यह भी कहता दिख रहा है कि कश्मीर के हर कब्रिस्तान में पाकिस्तानियों के शव दफन हैं. यह वीडियो किसी और का नहीं, बल्कि हिजुबल मुजाहिद्दीन के डिप्टी सुप्रीम कमांडर शमशेर खान का है जो सोशल मीडिया पर सामने आया. इसमें वो पाकिस्तान से भेजे गए आतंकियों और उनकी कश्मीर में हुई मौतों का जिक्र कर रहा है.
हिजबुल मुजाहिद्दीन के एक शीर्ष कमांडर का कश्मीर को 'कब्रिस्तान' बताने वाला एक कथित ऑडियो और बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस बयान में आतंकवादियों के घाटी में तेजी से हो रहे सफाए और उनके नेटवर्क के ध्वस्त होने की हताशा साफ तौर पर झलक रही है.
यह भी पढ़ें: हिज्बुल कमांडर के कबूलनामे ने फिर खोली पाकिस्तान की पोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं