विज्ञापन

नेपाल के होने वाले पीएम बालेन शाह का 'म्यूजिकल मैनिफेस्टो': 'जय महाकाली' हुआ वायरल, तोड़ा व्यूज का रिकॉर्ड

Balendra Shah 'Balen' releases new video song: 35 साल के रैपर से राजनेता बने बालेन्द्र शाह ‘बालेन’ शुक्रवार को नेपाल के पीएम के तौर पर शपथ लेंगे.

नेपाल के होने वाले पीएम बालेन शाह का 'म्यूजिकल मैनिफेस्टो': 'जय महाकाली' हुआ वायरल, तोड़ा व्यूज का रिकॉर्ड
नेपाल के होने वाले पीएम बालेन शाह का म्यूजिक वीडियो 'Jai Mahakali' रिलीज हुआ
(सोर्स- Balen/Youtube)
  • बालेन्द्र शाह ‘बालेन' ने प्रधानमंत्री बनने से पहले नया म्यूजिक वीडियो ‘जय महाकाली’ 26 मार्च को जारी किया है
  • इस गाने में उनके चुनाव अभियान के विजुअल हैं. इसमें देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया है
  • बालेन शाह को राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी की संसदीय पार्टी का नेता चुना गया, आज शुक्रवार को पीएम पद की शपथ लेंगे

नेपाल के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने से एक दिन पहले, बालेन्द्र शाह ‘बालेन' ने गुरुवार, 26 मार्च को अपना नया म्यूजिक वीडियो ‘जय महाकाली' जारी किया. बालेन शाह के इस नए म्यूजिक वीडियो में उनके चुनाव अभियान के विजुअल दिखाए गए हैं. यह गाना देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाने के उद्देश्य से बनाया गया है. इसे उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (आरएसपी) 'म्यूजिकल मैनिफेस्टो' बता रही है- यानी नया नेपाल कैसे दिखेगा, यह बताया गया है. यह वीडियो रिलीज होते ही वायरल हो गया है.

35 साल के रैपर से राजनेता बने बालेन्द्र शाह ‘बालेन' को गुरुवार को राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (आरएसपी) की संसदीय पार्टी का नेता चुना गया. इससे उनका शुक्रवार को नेपाल के सबसे कम उम्र के निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया. यानी आज शुक्रवार को वे पीएम के रूप में शपथ लेंगे. राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी की 5 मार्च को हुए नेपाल आम चुनाव में भारी जीत हुई थी. बालेन शाह नेपाल के पीएम पद पर पहुंचने वाले मधेश क्षेत्र के पहले व्यक्ति भी होंगे.

वीडियो हुआ वायरल

यूट्यूब पर रिलीज होने के सिर्फ दो घंटे के अंदर इस गाने को एक लाख पचास हजार व्यूज मिल गए. खबर लिखे जाने तक इसे लगभग 25 लाख बार देखा जा चुका था. यह वीडियो असल में एक दशक पहले रिलीज किया गया था, लेकिन 26 मार्च को उनके चुनाव अभियान से जुड़े और भी विजुअल जोड़कर इसे दोबारा सार्वजनिक किया गया. न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट छापी है कि इसके अलावा बालेन्द्र शाह ‘बालेन' बहुत जल्द दो और नए गाने भी जारी करने वाले हैं.

यह चुनाव पिछले साल हुए हिंसक जेन-जेड विरोध प्रदर्शनों के बाद हुआ पहला आम चुनाव था, जिनका उद्देश्य पीढ़ीगत बदलाव और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन लाना था. बालेन को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल शुक्रवार को प्रधानमंत्री के रूप में शपथ दिलाएंगे.

यह भी पढ़ें: नेपाल के 'बाबा बुलडोजर' हैं बालेन शाह, रैपर-इंजीनियर, काठमांडू मेयर और अब PM, पहले मधेशी प्रधानमंत्री होंगे

लेखक के बारे में
img
Ashutosh Kumar Singh
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Balendra Shah Balen, Nepal, Nepal New PM Balen Shah
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com