- ये घटना ब्राजील की है.
- मृतका का नाम मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रीटास बताया जा रहा है.
- पुलिस ने ए़डवेंचर कंपनी से जुड़े 6 लोगों की गिरफ्तार किया है.
ब्राजील में 24 साल की एक युवती के लिए एडवेंडचर का शौक ही उसकी मौत की वजह बन गया. सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो देखकर लोग अक्सर खतरों के खिलाड़ी बनने निकल पड़ते हैं, लेकिन ब्राजील के साओ पाउलो में जो हुआ, उसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है. एक एडवेंचर कंपनी की रूह कंपा देने वाली लापरवाही के चलते एक लड़की बिना बंजी कॉर्ड बंधे ही 35 मीटर की ऊंचाई से नीचे कूद गई और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
ये हादसा साओ पाउलो राज्य के लिमेइरा और कोर्डेइरोपोलिस शहरों को जोड़ने वाले 'पोंटे डो एस्केलेटो'पर हुआ. यह पुल पिछले करीब तीन दशकों से लावारिस और बंद पड़ा है, लेकिन हाल के दिनों में यह एडवेंचर के शौकीनों और पर्यटकों के लिए एक पसंदीदा स्पॉट बन गया था. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस जगह पर सरकार या किसी आधिकारिक संस्था की कोई निगरानी या सुरक्षा रेगुलेशन लागू नहीं था.
HORRIFIC FOOTAGE: A 21-year-old woman was pushed off a 40-meter bridge in Limeira, Brazil by bungee jump workers who failed to attach her safety rope. She died from the fall. pic.twitter.com/KdZ51iZ2ab
— Open Source Intel (@Osint613) June 13, 2026
वीडियो बनाने के लिए दांव पर लगाई जिंदगी
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतका मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रीटास ने इस खतरनाक बंजी जंप और उसका वीडियो शूट कराने के लिए 'एंट्रे कोर्डास' नाम की एक निजी कंपनी को करीब 290 डॉलर (लगभग 24,500 रुपये) का भुगतान किया था. उसे क्या पता था कि जिस वीडियो को वो अपनी यादों में समेटना चाहती थी, वही उसकी जिंदगी का आखिरी वीडियो साबित होगा. चश्मदीदों के मुताबिक, युवती से पहले तीन और लोगों ने वहां से जंप लगाई थी, जो सुरक्षित रहे.
लेकिन जब इस लड़की की बारी आई, तो वहां मौजूद क्रू मेंबर्स ने सुरक्षा नियमों को पूरी तरह ताक पर रख दिया. चश्मदीदों का कहना है कि यह घोर लापरवाही का मामला है. क्रू मेंबर्स ने लड़की को धक्का देने या कूदने का इशारा करने से पहले बुनियादी सुरक्षा जांच तक नहीं की और यह चेक करना भूल गए कि उसकी सुरक्षा रस्सी सही ढंग से बंधी भी है या नहीं.
हादसा देख सहम गए लोग
पुल पर मौजूद अन्य पर्यटकों ने जब इस पूरी घटना को अपने कैमरों में रिकॉर्ड किया, तो वहां का नजारा बेहद खौफनाक था. जैसे ही लड़की ने पुल से छलांग लगाई, वहां खड़े लोगों को तुरंत समझ आ गया कि उसके पैर या शरीर से कोई रस्सी जुड़ी हुई ही नहीं थी. देखते ही देखते पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई. लड़की सीधे 35 मीटर (करीब 115 फीट) नीचे जा गिरी. चौंकाने वाली बात यह है कि कंपनी के इंस्ट्रक्टर्स को अपनी इस भयानक गलती का अहसास तब हुआ, जब लड़की नीचे गिर चुकी थी.
हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद स्टाफ के हाथ-पांव फूल गए. चश्मदीदों ने बताया कि गलती का अहसास होते ही आरोपी इंस्ट्रक्टर्स और स्टाफ वहां से भागने की फिराक में थे. वे मौके से निकलने की कोशिश कर ही रहे थे कि स्थानीय पुलिस ने उन्हें घेर लिया और रोक दिया. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
यह भी पढ़ें: 53 लाख सालों से व्हेल मरने के लिए हिंद महासागर की इस जगह पर क्यों आ रही हैं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं