विज्ञापन

समंदर किनारे मिले 'ब्लू एलियन', नीले खोल में छिपे रहस्यमयी जीव, हवा ने उड़ाकर पहुंचाया ब्रिटेन

ब्रिटेन के समुद्र तट पर कैसे आ गए वेलेला वेलेला? आम तौर पर अटलांटिक, प्रशांत और हिंद महासागर में होता है इनका ठिकाना.

समंदर किनारे मिले 'ब्लू एलियन', नीले खोल में छिपे रहस्यमयी जीव,  हवा ने उड़ाकर पहुंचाया ब्रिटेन
ब्रिटेन के तटों पर आए इन जीवों का नाम वेलेला वेलेला है (फोटो- cormac_mcginley/X)
  • ब्रिटेन के कई समुद्री तटों पर चमकीले नीले जीव वेलेला वेलेला बड़ी संख्या में किनारे पर देखे गए हैं
  • वेलेला वेलेला छोटे जीवों का समूह है जो मिलकर एक जीव की तरह काम करता है और पांच सेंटीमीटर लंबा होता है
  • तेज पश्चिमी हवाओं और असामान्य गर्मी की वजह से ये जीव समुद्र से किनारे तक पहुंचते हैं और संख्या बढ़ती जा रही है

क्या समंदर किनारे एलियंस उतर आए हैं? ब्रिटेन के कई समुद्री तटों पर इन दिनों कुछ ऐसा ही नजारा दिख रहा है. यहां की रेत पर सैकड़ों चमकदार नीले जीव बिखरे पड़े हैं. दूर से देखने पर ऐसा लगता है, जैसे किसी साइंस-फिक्शन फिल्म के एलियन समुद्र से निकलकर किनारे आ गए हों. लेकिन जब आपको इसकी असलियत बताएंगे तो पूरी बात इससे भी ज्यादा ज्यादा दिलचस्प लगेगी. हम यह भी बताएंगे कि यह कितने खतरनाक हैं.

आखिर ये नीले 'एलियंस' हैं क्या?

पहली बात तो यह कि ये कोई एलियंस नहीं हैं. दरअसल ये समंदर में पाए जाने वाले जीव हैं. तेज पश्चिमी हवाओं और गर्म मौसम की वजह से ये सैकड़ों चमकीले नीले समुद्री जीव किनारे तक आ पहुंचे हैं. इन जीवों का नाम वेलेला वेलेला है, जिन्हें बाय-द-विंड सेलर्स भी कहा जाता है. देखने में यह जेली फिश जैसे दिखते हैं. बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लैंड के कंब्रिया इलाके के सेंट बीज बीच पर हाल ही में इनकी बड़ी संख्या देखी गई. इससे पहले वेल्स के समुद्री तट पर भी ऐसे ही जीव दिखाई दिए थे. पिछले दस साल से भी ज्यादा समय में यह इनका सबसे बड़ा जमाव माना जा रहा है.

कमाल की बात है कि वेलेला देखने में भले जेली फिश जैसे दिख लेकिन दरअसल यह छोटे-छोटे जीवों का एक समूह होता है, जो मिलकर एक ही जीव की तरह काम करता है. इनकी लंबाई करीब पांच सेंटीमीटर होती है. इनके ऊपर एक पारदर्शी कवर जैसी संरचना होती है, जो हवा पकड़ लेती है. इसी की मदद से ये समुद्र की सतह पर तैरते रहते हैं, जबकि इनके नीचे लटकने वाले हिस्से प्लैंकटन नाम के छोटे जीवों को खाते हैं.

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार ये जीव आम तौर पर अटलांटिक, प्रशांत और हिंद महासागर में पाए जाते हैं. वैज्ञानिकों का मानना है कि तूफान के बाद चलने वाली तेज पश्चिमी हवाएं इन्हें बड़ी संख्या में समुद्र तट तक ले आती हैं. विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि इस साल की असामान्य गर्मी ने भी इनके दिखाई देने में बड़ी भूमिका निभाई है और आने वाले हफ्तों में और भी ऐसे जीव तटों पर पहुंच सकते हैं.

क्या ये जीव खतरनाक हैं?

वेलेला वेलेला का रिश्ता खतरनाक पुर्तगाली मैन ओ' वॉर से है, लेकिन इनका डंक उतना जहरीला नहीं होता. फिर भी अगर कोई इन्हें छूकर अपने चेहरे, होंठों या आंखों को छू ले, तो हल्की जलन हो सकती है. इसी वजह से विशेषज्ञ ब्रिटेन के लोगों को सलाह दे रहे हैं कि इन खूबसूरत जीवों को दूर से देखें, लेकिन हाथ न लगाएं.

ब्रिटेन में क्या हालात हैं?

यह सब ऐसे समय में हो रहा है, जब ब्रिटेन में भीषण गर्मी पड़ रही है. ब्रिटेन के मौसम विभाग ने दक्षिण-पूर्वी इंग्लैंड के कुछ इलाकों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान लगाया है. इसे आप भारत की गर्मी से नहीं तौलें. वहां के हिसाब से यह बहुत अधिक है. ब्रिटेन की स्वास्थ्य एजेंसी ने कई इलाकों में चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि लंबे समय तक रहने वाली गर्मी लोगों की सेहत पर असर डाल सकती है.

यह भी पढ़ें: 3 साल से फरार शिकारी बिल्ली का एनकाउंटर, हर बार फॉरेस्ट गार्ड्स को दे देती थी चकमा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Alien, Viral News, Jellyfish
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com