विज्ञापन

नेपाल से फ्रांस तक... कुर्सी छूटी, किस्मत रूठी, दुनिया के वो बाहुबली नेता जिन्हें सत्ता छोड़ते ही खानी पड़ी जेल की हवा

नेपाल के के.पी. शर्मा ओली से लेकर पाकिस्तान के इमरान खान तक, दुनिया के इन 6 दिग्गज नेताओं के लिए सत्ता का जाना जेल का रास्ता खोल गया. जानिए कैसे गद्दी छोड़ते ही इन 'बाहुबली' शासकों के हाथों में रिमोट की जगह हथकड़ियां आ गईं.

नेपाल से फ्रांस तक... कुर्सी छूटी, किस्मत रूठी, दुनिया के वो बाहुबली नेता जिन्हें सत्ता छोड़ते ही खानी पड़ी जेल की हवा
  • नेपाल के नए प्रधानमंत्री बालेन शाह ने सत्ता संभालते ही पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को गिरफ्तार कराया
  • पाकिस्तान में कई पूर्व प्रधानमंत्रियों को भ्रष्टाचार और सत्ता विरोधी मामलों में जेल जाना पड़ा
  • ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा को भ्रष्टाचार के आरोप में 580 दिन जेल में रहना पड़ा
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

नेपाल में Gen-Z के हीरो बालेन शाह प्रधानमंत्री बन गए हैं. उन्होंने नेपाल की सत्ता संभालते ही पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को गिरफ्तार कराया. ऐसा पहली बार नहीं है जब किसी देश में सत्ता बदलने के बाद पुराने राष्ट्राध्यक्ष को जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया हो. सियासत की बिसात पर बिछी चालें कब मात दे दें, यह कहना मुश्किल है. इतिहास गवाह है कि सत्ता का गलियारा जितना आलीशान होता है, उसकी ढलान उतनी ही फिसलन भरी होती है. दुनिया के नक्शे पर कई ऐसे 'बाहुबली' नेता उभरे, जिन्होंने सालों तक अपने मुल्क की तकदीर लिखी, जिनके एक इशारे पर कानून बनते और बिगड़ते थे. लेकिन वक्त का पहिया ऐसा घूमा कि जैसे ही कुर्सी खिसकी, उनके हाथों में सत्ता के रिमोट कंट्रोल की जगह हथकड़ियां आ गईं. आज हम दुनिया के ऐसे ही नेताओं के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें सत्ता छोड़ते ही सलाखों के पीछे जाना पड़ा.

1. नेपाल (2026): पूर्व PM ओली की गिरफ्तारी

नेपाल इसका सबसे ताजा उदाहरण है. कुछ महीनों पहले तक नेपाल की सत्ता के सबसे बड़े चेहरों में गिने जाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्हें Gen-Z आंदोलन के दौरान लापरवाही के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.

2. पाकिस्तान: जहां सत्ता का सफर जेल और फांसी तक

हमारे एक और पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में तो यह ट्रेंड काफी पुराना है. पाकिस्तान में आज तक कोई भी प्रधानमंत्री अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाया. अब तक कई पूर्व प्रधानमंत्रियों को जेल की हवा खानी पड़ी. पाक के पूर्व पीएम इमरान खान अभी भी जेल में हैं. 2022 में अविश्वास प्रस्ताव से इमरान खान की सरकार गिरी. मई 2023 में उन्हें गिरफ्तार किया गया. इससे पहले नवाज शरीफ को 2018 में भ्रष्टाचार के केस में सजा हुई और जेल जाना पड़ा. फिर मेडिकल ट्रीटमेंट के बहाने 2019 में लंदन भाग गए. पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्रियों को सिर्फ जेल ही नहीं, फांसी भी नसीब होती है. जुल्फिकार अली भुट्टो का तख्तापलट होने के बाद उन्हें सिर्फ जेल में ही नहीं डाला गया, बल्कि 1979 में फांसी के फंदे पर लटका दिया गया.

3. ब्राजील में लूला डा सिल्वा की 580 दिन की जेल और सत्ता में वापसी

ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा की कहानी भी बेहद रोचक है. उन्हें 2018 में भ्रष्टाचार के आरोप में उन्हें 12 साल की सजा हुई. लूला 580 दिन जेल में रहे. लेकिन ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट ने उनकी सजा पर रोक लगाई. इसके बाद लूला ने ब्राजील की सत्ता में वापसी की. 2022 में वो दोबारा राष्ट्रपति चुने गए.

Latest and Breaking News on NDTV

4. साउथ कोरिया में भी राष्ट्रपतियों को जाना पड़ा जेल

इस लिस्ट में साउथ कोरिया का नाम भी शामिल है. जहां दो-दो पूर्व राष्ट्रपतियों को एक साथ जेल जाना पड़ा. इसमें पहला नाम पार्क ग्यून-ह्ये था, जिन्हें भ्रष्टाचार और पावर दुरुपयोग के आरोप में महाभियोग के बाद 2018 में सजा हुई. इसके अलावा पूर्व राष्ट्रपति ली म्युंग-बाक को भी रिश्वत और भ्रष्टाचार के केस में 15 साल की सजा मिली.

यह भी पढ़ें: केपी ओली की गिरफ्तारी के बाद नेपाल में कैसा है माहौल, NDTV की ग्राउंड रिपोर्ट

5. मलेशिया में पूर्व पीएम गए सलाखों के पीछे

मलेशिया के पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रजाक की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. 2018 में चुनाव हारते ही नजीब रजाक की मुश्किलें शुरू हुईं. दुनिया के सबसे बड़े घोटाले 1MDB में उनका नाम आया. 2020 में उन्हें 12 साल की सजा हुई. करोड़ों डॉलर के गबन के मामले में नजीब रजाक सीधे जेल पहुंच गए.

6. फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति को भी जाना पड़ा जेल

सत्ताधारियों के जेल जाने का सिलसिला पश्चिमी देशों में भी है. इस लिस्ट में फ्रांस भी शामिल है. फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोला सरकोजी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे. इसके बाद 2021 में उन्हें एक साल की सजा सुनाई गई. लेकिन 2025 में चुनाव फाइनेंसिंग के मामले में 5 साल की सजा सुनाई गई और वे जेल पहुंच गए.

यह भी पढ़ें: नेपाल के पूर्व PM केपी ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक गिरफ्तार, सत्ता संभालते ही एक्शन में बालेन

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com