- जापान में भीषण गर्मी से बचाने को कंपनियां कर्मचारियों को डू हिएमोन बॉक्स नामक ‘ह्यूमन फ्रिज’ में ठंडा कर रहीं
- डू हिएमोन बॉक्स एक मोबाइल कूलिंग मशीन है जो पावर सॉकेट से चलती है और 20 मिनट बाद ऑटोमैटिक बंद हो जाती है
- अप्रैल से अब तक 300 से अधिक डू हिएमोन बॉक्स मशीनें बिक गई हैं
जापान की भीषण गर्मी से निपटने के लिए अब कंपनियां इंसानों को ही ‘फ्रिज' में ठंडा कर रही हैं. अरे यह कोई फिल्मी कहानी नहीं है. यहां फोन बूथ जितनी बड़ी ‘डो हिएमोन बॉक्स' मशीन में कर्मचारी और मजदूर करीब 20 मिनट बैठकर ठंडी हवा से शरीर का तापमान कम कर रहे हैं. इस फ्रीज का क्रेज भी कमाल का बना हुआ है. अप्रैल से अब तक 300 से ज्यादा मशीनें बिक चुकी हैं. वजह वही है जिससे भारत के लोग हर साल दो-चार होते हैं. जापान में बढ़ती गर्मी इतनी गंभीर हो गई है कि इस साल 40°C तापमान के लिए नया शब्द ‘कोकुशोबी' यानी बेहद जानलेवा गर्म दिन इस्तेमाल किया जा रहा है. ऐसे में फैक्ट्रियों, गोदामों और कंस्ट्रक्शन साइट्स पर कर्मचारियों को गर्मी से बचाने के लिए यह अनोखा ‘ह्यूमन फ्रिज' तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.

क्या है ‘डो हिएमोन बॉक्स'?
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार टोक्यो की इंडस्ट्रियल इक्विपमेंट डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी 'ट्रस्को नाकायामा' ने यह फ्रीज बनाया है. 'डू हीमोन बॉक्स' गर्मी से तपते लोगों को सुरक्षा की एक परत दे सकता है. इसे बनाने वाली कंपनी के अनुसार, यह आम पावर सॉकेट से चलता है, इसे पहियों की मदद से कहीं भी ले जाया जा सकता है और यह ज्यादा बिजली भी कंज्यूम नहीं करता. ज्यादा इस्तेमाल से बचने के लिए, यह 20 मिनट बाद अपने-आप बंद हो जाता है. मतलब ऑटो-कट की सुविधा है इसमें.


जापान में गर्मी रुला रही
वैज्ञानिकों का कहना है कि इंसानों की वजह से हो रहे जलवायु परिवर्तन के कारण दुनिया भर में भीषण गर्मी की घटनाएं ज्यादा बार और ज्यादा तेजी से हो रही हैं. साल 2025 में जापान में अब तक की सबसे गर्म गर्मी देखी गई. इस साल जब यहां तापमान 40°C तक पहुंच गया तो मौसम विभाग ने एक नया शब्द इस्तेमाल करना शुरू किया- "कोकुशोबी" या बेहद गर्म दिन. विभाग ने लोगों से कहा कि वे भीषण गर्मी को एक प्राकृतिक आपदा की तरह लें.
अकेले टोक्यो में अगस्त के मध्य तक गर्मी से जुड़ी लगभग 120 मौतें दर्ज की गईं. जबकि पूरे देश में इस गर्मी के दौरान लगभग 63,000 लोगों को इमरजेंसी इलाज की जरूरत पड़ी. पिछले साल से, गर्मी में काम करने वाले कर्मचारियों की मदद के लिए जापानी कंपनियों को कड़े कानूनी नियमों का पालन करना पड़ रहा है. ऐसे में यह कंपनियां ह्यूमन फ्रीज खरीद रही हैं और अपने कर्मचारियों को 20-20 मिनट के लिए इसमें बैठा कर उन्हें ठंडा-ठंडा कूल-कूल कर रही हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं