विज्ञापन
This Article is From Oct 03, 2013

इटली के तट पर 250 प्रवासियों के डूबने की आशंका

इटली के तट पर 250 प्रवासियों के डूबने की आशंका
रोम: इटली के तटरक्षक अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि इटली के सुदूरवर्ती दक्षिणी द्वीप लैम्पेड्यूसा के करीब एक जहाज में आग लगने और डूबने की घटना के बाद काफी शव बरामद किए गए हैं।

आशंका है कि 250 से अधिक प्रवासियों की डूबने से मौत हुई है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, बचाव दल ने दुर्घटना में डूबे 82 लोगों के शव निकाल लिए हैं। जहाज कथित तौर पर उत्तरी अफ्रीका से अवैध तरीके से 500 प्रवासियों को ला रहा था, जिनमें महिलाएं एवं बच्चे भी शामिल हैं।

लैम्पेड्यूसा के मेयर के गियुसी निकोलिनी के अनुसार, तटरक्षक बल के जवानों ने लगभग 150 लोगों को बचा लिया है।

स्थानीय मछुआरे जीवित बचे लोगों के साथ ही शवों की तलाश में तटरक्षक बलों की मदद कर रहे हैं।

इटली के प्रधानमंत्री एनरिको लेट्टा ने जहाज के डूबने की घटना को एक बड़ी त्रासदी करार दिया और कहा कि गृह मंत्री एंजेलिनो एल्फानो पहले ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।

इटली के राष्ट्रपति जियार्जियो नेपोलिटानो ने देश की शरणार्थी नीति की समीक्षा करने का आग्रह किया है।

पोप फ्रांसिस ने कैथोलिक लोगों से गुरुवार की त्रासदी में मृत लोगों के प्रति प्रार्थना करने को कहा है।

गर्मियों में जब भूमध्य सागर इतना शांत हो जाता है कि छोटे नाव भी सफर कर सकें, तब हर वर्ष हजारों की संख्या में प्रवासी इटली के दक्षिणी तट पर पहुंचते हैं। इनमें अधिकांश प्रवासी लीबिया और ट्यूनीशिया से होते हैं।

ये प्रवासी यूरोपिय संघ में काम की तलाश में आते हैं, तथा उनमें से अधिकांश इटली में ही रुक जाते हैं।

संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी के अनुसार, इस वर्ष की पहली छमाही तक इटली के दक्षिणी छोर पर लगभग 8,000 प्रवासी एवं शरणार्थी पहुंचे थे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com