विज्ञापन

इजरायल का संघर्ष विराम के बीच गाजा पर बड़ा हमला, बच्चों समेत कम से कम 30 फिलिस्तीनी मारे गए

हमास ने शनिवार के हमलों को एक बार फिर घोर उल्लंघन बताया और अमेरिका और अन्य मध्यस्थ देशों से आग्रह किया कि वे इजरायल पर इन हमलों को रोकने के लिए दबाव डालें. 

इजरायल का संघर्ष विराम के बीच गाजा पर बड़ा हमला, बच्चों समेत कम से कम 30 फिलिस्तीनी मारे गए
हमास ने इजरायल के हमलों को संघर्ष विराम का उल्लंघन बताया. (फाइल फोटो)
  • इजरायल के हमलों में गाजा में कम से कम 30 लोग मारे गए हैं. संघर्ष विराम के बाद एक दिन में यह सर्वाधिक मौते हैं.
  • हमले गाजा शहर की अपार्टमेंट इमारत, खान यूनिस के टेंट कैंप और पुलिस स्टेशन सहित कई स्थानों पर हुए.
  • मिस्र और कतर ने हमलों की निंदा करते हुए कहा कि ये युद्धविराम और राजनीतिक प्रक्रिया के लिए गंभीर खतरा हैं.
गाजा पट्टी:

गाजा में संघर्ष विराम को लेकर धीमी प्रगति के बीच इजरायली हमलों में शनिवार को बच्चों और महिलाओं समेत कम से कम 30 फिलिस्तीनी मारे गए. गाजा के अस्पतालों ने इसकी पुष्टि की है. अक्टूबर में लागू संघर्ष विराम के बाद इन हमलों में एक दिन में सबसे ज्‍यादा मौतें हुई हैं. ये हमले इजरायल द्वारा हमास पर संघर्ष विराम उल्लंघन के आरोप लगाए जाने के एक दिन बाद हुए. 

अस्‍पताल के अधिकारियों ने बताया कि हमले गाजा शहर की एक अपार्टमेंट इमारत और खान यूनिस के एक टेंट कैंप सहित गाजा के विभिन्न स्थानों पर हुए. मृतकों में दो अलग-अलग परिवारों की दो महिलाएं और छह बच्चे शामिल हैं. शिफा अस्पताल के निदेशक मोहम्मद अबू सेल्मिया ने बताया कि एक अन्य हवाई हमले में गाजा शहर के एक पुलिस स्टेशन को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 14 लोग मारे गए और अन्य घायल हो गए. 

ये भी पढ़ें: मीडिया में हलचल: क्या भारत अरब देशों की बैठक में ‘बोर्ड ऑफ पीस' के मुद्दे पर बात करेगा? गाजा कूटनीति पर नजरें टिकीं

राफा क्रासिंग खुलने से एक दिन पहले हमले

ये हमले गाजा के सबसे दक्षिणी शहर में मिस्र के साथ सीमा पर स्थित राफा क्रॉसिंग के खुलने से एक दिन पहले हुए. फिलिस्तीनी राफा को उन हजारों लोगों के लिए जीवन रेखा मानते हैं, जिन्हें इस इलाके से बाहर इलाज की जरूरत है, जहां अधिकांश मेडिकल इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर नष्ट हो चुका है. 

शुरुआत में सीमित रूप से खुलने वाला यह क्रॉसिंग अमेरिका की मध्यस्थता से हुए इजरायल-हमास युद्धविराम योजना के दूसरे चरण में प्रवेश करने के साथ ही खुलेगी. अन्य चुनौतीपूर्ण मुद्दों में करीब दो दशकों के हमास शासन के बाद गाजा पट्टी का विसैन्यीकरण और पुनर्निर्माण की देखरेख के लिए एक नई सरकार की स्थापना शामिल है. 

ये भी पढ़ें: Exclusive: 'इजरायल- फिलिस्तीन के बीच शांतिदूत बन सकता है भारत'- NDTV से बोलीं फिलिस्तीनी विदेश मंत्री

म्रिस और कतर ने की इजरायल की निंदा

युद्धविराम के मध्यस्थों में से एक मिस्र ने अपने एक बयान में इजरायली हमलों की कड़ी शब्दों में निंदा की और चेतावनी दी कि ये हमले युद्धविराम की राजनीतिक दिशा के लिए सीधा खतरा हैं. एक अन्य मध्यस्थ कतर ने एक बयान में इजरायल के हमलों को खतरनाक वृद्धि बताया और कहा कि इन्हें जारी रखना राजनीतिक प्रक्रिया के लिए सीधा खतरा है. 

नासिर अस्पताल ने बताया कि खान यूनिस में टेंट कैंप पर हुए हमले के कारण आग लग गई, जिसमें एक पिता, उसके तीन बच्चे और तीन पोते-पोतियों सहित सात लोगों की मौत हो गई. 

"नहीं पता कि युद्ध में हैं या शांति में"

अताल्लाह अबू हदैयेद ने बताया कि धमाके के समय उनकी नमाज अभी-अभी खत्म हुई थी. उन्होंने कहा, "हम दौड़कर आए और देखा कि मेरे चचेरे भाई इधर-उधर पड़े हैं और चारों तरफ आग लगी है. हमें नहीं पता कि हम युद्ध में हैं या शांति में, या फिर क्या. युद्धविराम कहा है? जिस युद्धविराम की बात हो रही थी वो कहाँ है? 

शिफा अस्पताल ने बताया कि गाजा शहर की एक इमारत पर हुए हमले में तीन बच्चों, उनकी चाची और दादी की मौत हो गई. 

एक रिश्‍तेदार समीन अल अतबाश ने कहा कि तीनों लड़कियां चली गईं, अल्लाह उनकी आत्मा को शांति दे. वे सो रही थीं, हमने उन्हें सड़क पर पाया. उन्‍होंने बताया कि परिवार के सभी सदस्य आम नागरिक थे और उनका हमास से कोई संबंध नहीं था.  

शिफा अस्पताल ने बताया कि पुलिस स्टेशन पर हुए हमले में कम से कम 14 लोग मारे गए, जिनमें चार महिला पुलिसकर्मी, आम नागरिक और कैदी शामिल थे. अस्पताल ने यह भी बताया कि जबालिया शरणार्थी शिविर के पूर्वी हिस्से पर हुए हमले में एक व्यक्ति मारा गया. 

हमास का इजरायल पर दबाव डालने का आग्रह

हमास ने शनिवार के हमलों को एक बार फिर घोर उल्लंघन बताया और अमेरिका और अन्य मध्यस्थ देशों से आग्रह किया कि वे इजरायल पर इन हमलों को रोकने के लिए दबाव डालें. 

हमास के वरिष्ठ अधिकारी बस्सेम नईम ने X पर कहा, “सभी उपलब्ध संकेत बताते हैं कि हम एक ‘युद्ध बोर्ड' से निपट रहे हैं, न कि ‘शांति बोर्ड' से.” साथ ही उन्‍होंने गाजा पर शासन करने के लिए ट्रंप प्रशासन द्वारा प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय निकाय की वैधता पर सवाल उठाया. 

इजरायल की सेना ने युद्धविराम की विभाजन रेखा के दोनों ओर के ठिकानों पर हमले किए हैं. उसने कहा है कि हमले समझौते के उल्लंघन के जवाब में किए गए हैं. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gaza Attack, Israel Strikes, Palestinian Deaths
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com