विज्ञापन

ईरान ने सऊदी अरब पर दागीं ताबड़तोड़ मिसाइलें, प्रिंस सुल्तान हवाई अड्डे पर अमेरिका के 5 विमानों को नुकसान

ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी जंग में दोनों ओर जानमाल का काफी नुकसान हो रहा है. सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर अमेरिकी वायु सेना के पांच ईंधन भरने वाले विमानों पर हमला हुआ और वे क्षतिग्रस्त हो गए.

ईरान ने सऊदी अरब पर दागीं ताबड़तोड़ मिसाइलें, प्रिंस सुल्तान हवाई अड्डे पर अमेरिका के 5 विमानों को नुकसान
  • ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान हवाई अड्डे पर अमेरिकी ईंधन भरने वाले विमानों पर मिसाइल हमला किया है
  • सऊदी अड्डे पर हुए हमले में पांच अमेरिकी विमानों को क्षति पहुंची लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ और मरम्मत जारी है
  • अमेरिका ने ईरान के खिलाफ मध्य पूर्व में 2,500 मरीन सैनिक और युद्धपोतों को तैनात करना शुरू कर दिया है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्‍ली:

ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जंग जारी है. दोनों ओर से मिसाइल और ड्रोन दागे जा रहे हैं. इस बीच वॉल स्ट्रीट जर्नल ने शुक्रवार को दो अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान हवाई अड्डे पर अमेरिकी वायु सेना के पांच ईंधन भरने वाले विमानों (Refueling Planes) पर हमला हुआ और वे क्षतिग्रस्त हो गए हैं. ईरान द्वारा सऊदी बेस पर किए गए मिसाइल हमलों में ये विमान क्षतिग्रस्त हुए हैं. खबर के मुताबिक, हाल ही में सऊदी अड्डे पर हुए ईरानी मिसाइल हमले में ये विमान क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन पूरी तरह नष्ट नहीं हुए हैं और इनकी मरम्मत की जा रही है. यह भी बताया जा रहा है कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ.

2,500 अमेरिकी मरीन सैनिक तीन जहाजों में आ रहे

ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल जंग शुरू होने के दो सप्ताह बाद, शुक्रवार को कई रिपोर्टों में कहा गया कि अमेरिका मध्य पूर्व में अतिरिक्त सैनिक और युद्धपोत तैनात कर रहा है. वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि यूएसएस त्रिपोली और उससे जुड़े मरीन सैनिक मध्य पूर्व की ओर रवाना हो गए हैं. न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया कि लगभग 2,500 मरीन सैनिक तीन जहाजों पर सवार होकर मध्य पूर्व की ओर बढ़ रहे हैं.

तेहरान में रैली कर रहे लोगों पर इजरायल का हमला 

ईरानी सरकार द्वारा फिलिस्तीनियों के समर्थन में और इजरायल को खत्‍म करने की मांग करते हुए एक रैली आयोजित करने के कुछ घंटों बाद तेहरान के एक केंद्रीय चौक पर भीषण विस्फोट हुआ. एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, ईरानी राजधानी में यह ताजा विस्फोट इजरायल की उस चेतावनी के बाद हुआ है, जिसमें उसने मध्य तेहरान को निशाना बनाने की बात कही थी. विस्फोट से फिरदौसी चौक का इलाका हिल गया, जहां हजारों लोग वार्षिक कुद्स दिवस रैली के लिए इकट्ठा हुए थे और उन्होंने 'इजरायल मुर्दाबाद' और 'अमेरिका मुर्दाबाद' के नारे लगाए.

इस बीच, एएफपी ने बताया कि इजरायल के वाणिज्यिक केंद्र तेल अवीव में भी कई विस्फोटों की आवाज सुनी गई, यह विस्फोट सेना की उस चेतावनी के बाद हुआ जिसमें कहा गया था कि ईरान से मिसाइलें दागी गई हैं.

ये भी पढ़ें :- ईरान युद्ध के 14 दिन, 14 बयान... ट्रंप का माइंड गेम या 'दिमाग कन्फ्यूज'

ईरान आत्मसमर्पण करने वाला है: ट्रंप का दावा

ईरान के ताबड़तोड़ हमलों के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जी-7 नेताओं से कहा है कि ईरान 'सरेंडर करने वाला है' और उन्होंने ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' में सफलता का दावा किया है. ‘एक्सियोस' की खबर के अनुसार, ईरान के साथ युद्ध के आर्थिक नतीजों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच, ट्रंप ने बुधवार को जी-7 नेताओं के साथ डिजिटल माध्यम से बैठक के दौरान यह दावा किया. ट्रंप ने नेताओं से कहा, 'मैंने एक ऐसे कैंसर से छुटकारा दिलाया है जो हम सभी के लिए खतरा था.' जी-7 के नेताओं ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से युद्ध को शीघ्र समाप्त करने का आग्रह किया. खबर में दो अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि फोन पर हुई बातचीत के दौरान जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ट्रंप से आग्रह किया कि वह रूस को युद्ध का फायदा उठाने या प्रतिबंधों में राहत प्राप्त करने की अनुमति न दें.

ये भी पढ़ें :- इजरायली हमलों ने ली 100 से ज्यादा बच्चों की जान, लेबनानी स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com