Israel Hamas War Day 24 Updates: इजरायल-हमास युद्ध का आज 24वां दिन है. गाजा में इजरायली सेना लगातार जमीन, आसमान और पानी से हमला कर रही है. इजरायली सेना ने गाजा में हमास के 150 से ज्यादा ठिकानों को बर्बाद कर दिया है. इस दौरान काफी हमास लड़ाके मारे जा चुके हैं. गाजा में हमास द्वारा नियंत्रित स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इजरायली हमलों में अबतक 8000 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं. व्हाइट हाउस ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी ने रविवार से गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाने में तेजी लाने के लिए प्रतिबद्धता जताई है. वहीं, दागिस्तान में फ़िलिस्तीन समर्थक प्रदर्शनकारियों द्वारा संभावित प्रतिशोध की मीडिया रिपोर्टों के बाद इजरायल ने रविवार को रूसी अधिकारियों से अपने अधिकार क्षेत्र में इजराइलियों और यहूदियों की रक्षा करने का आग्रह किया है. इधर, भारत में भी इजरायल-हमास युद्ध के मुद्दे पर जमकर राजनीति हो रही है. सात अक्टूबर को हमास के आतंकवादियों ने इजरायल पर अचानक हमला किया था. इस हमले में 1400 से अधिक लोगों की मौत हो गई और 220 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया गया. इस हमले के जवाब में इजरायल लगातार हमले कर रहा है.
Israel Hamas War Updates...