विज्ञापन
This Article is From Mar 21, 2025

जेलेंस्की और ट्रंप की बातचीत से गाजा में इजरायल के हमलों तक, दुनिया के टॉप 10 अपडेट एक साथ

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि गुरुवार रात से इजरायल के हमलों में कम से कम 85 लोग मारे गए हैं, जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे हैं.

जेलेंस्की और ट्रंप की बातचीत से गाजा में इजरायल के हमलों तक, दुनिया के टॉप 10 अपडेट एक साथ
  1. रूस के साथ चल रहे युद्ध को खत्म करने को लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लगभग एक घंटे तक बातचीत की. जेलेंस्की ने अमेरिका से यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध विराम की निगरानी करने की अपील की है. बातचीत के बाद ट्रंप ने इसकी जानकारी दी.
  2. इजरायली सेना ने गुरुवार को कहा कि यमन से मिसाइल दागे जाने के बाद मध्य यरूशलम और इजरायल के अन्य हिस्सों में हवाई हमलों के प्रति सचेत करने वाले सायरन बज उठे. इस मिसाइल हमले से कुछ घंटे पहले इजराइली सेना ने हूती विद्रोहियों की ओर से दागी एक अन्य मिसाइल को मार गिराने का दावा किया था. ईरान के समर्थन वाले हूती विद्रोहियों ने इजरायल और हमास के बीच अस्थाई संघर्ष-विराम के इस सप्ताह खत्म होने के बाद इजराइल पर एक बार फिर हमले शुरू कर दिए हैं.
  3. पाकिस्तान ने  भारत पर देश में आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि बलूचिस्तान को अस्थिर करने में नयी दिल्ली की संलिप्तता बहुत स्पष्ट है. विदेश कार्यालय के प्रवक्ता शफकत अली खान ने आरोप लगाया कि भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हत्याएं करवाने का एक अभियान चला रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान में आतंकवाद को बढ़ावा देने और बलूचिस्तान को अस्थिर करने में भारत की संलिप्तता बिलकुल स्पष्ट है.
  4. दक्षिण अफ्रीका के प्रमुख हिंदू नेता और वकील अश्विन त्रिकमजी का गुरुवार को बीमारी के बाद निधन हो गया. वह 80 वर्ष के थे. त्रिकमजी दक्षिण अफ्रीकी हिंदू महासभा के अध्यक्ष और ‘1860 हेरिटेज सेंटर' के बोर्ड निदेशक थे. दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने त्रिकमजी के निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा, "मैं हमारे देश की सेवा करने वाले इस असाधारण व्यक्ति के परिवार, मित्रों और सहयोगियों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं."
  5. भारत गुरुवार को प्रकाशित ‘वैश्विक प्रसन्नता रिपोर्ट 2025' में 118वें स्थान पर रहा, जबकि पिछले वर्ष वह 126वें स्थान पर था. हालांकि, इस वैश्विक प्रसन्नता (वर्ल्ड हैप्पीनेस) रिपोर्ट में उसका स्थान नेपाल, पाकिस्तान, यूक्रेन और फलस्तीन जैसे देशों से नीचे है. यह रिपोर्ट प्रत्येक वर्ष 20 मार्च को मनाये जाने वाले अंतरराष्ट्रीय प्रसन्नता दिवस के अवसर पर जारी की जाती है. रिपोर्ट में फिनलैंड को लगातार आठवें वर्ष विश्व का सबसे खुशहाल देश बताया गया है. उत्तरी यूरोप के अन्य देश डेनमार्क, आइसलैंड और स्वीडन शीर्ष चार में बने हुए हैं.
  6. संयुक्त राष्ट्र सतत विकास समाधान नेटवर्क ‘गैलप' के साथ साझेदारी में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के ‘वेलबीइंग रिसर्च सेंटर' द्वारा प्रकाशित वार्षिक रिपोर्ट में तीन परोपकारी कार्यों - दान, स्वयंसेवा और अजनबियों की मदद करने - के लिए देश की रैंकिंग सांस्कृतिक और संस्थागत अंतर के आधार पर अलग-अलग होती है.
  7.  गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि गुरुवार रात से इजरायल के हमलों में कम से कम 85 लोग मारे गए हैं, जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे हैं. मंत्रालय के रिकॉर्ड प्रभारी अधिकारी जहीर अल-वहीदी ने कहा कि मंगलवार सुबह अचानक बमबारी कर इजराइल द्वारा युद्ध विराम समाप्त करने के बाद से अब तक कुल 592 लोग मारे गए हैं. इस बीच, इजरायली सेना ने कहा कि गाजा पट्टी से मिसाइलें दागे जाने के बाद मध्य इजराइल में हवाई हमले के सायरन बजने लगे. ऐसा प्रतीत होता है कि मंगलवार को इजराइल की बमबारी के बाद से गाजा से यह पहला रॉकेट हमला था.
  8. पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को पंजाब प्रांत में अपनी बेटी मरियम नवाज की सरकार में एक नई जिम्मेदारी मिली है. पंजाब सरकार ने तीन बार के पूर्व प्रधानमंत्री शरीफ को लाहौर विरासत पुनरुद्धार प्राधिकरण (एलएएचआर) का प्रमुख संरक्षक नियुक्त किया है. नवाज अब लाहौर में औपनिवेशिक युग की कई इमारतों के पुनरुद्धार की निगरानी करेंगे. पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी ने सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के अध्यक्ष पर कटाक्ष किया और उन्हें सरकारी नौकरी पाने के लिए बधाई दी.
  9. तुर्किये के गृह मंत्री अली येरलिकाया ने कहा कि अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री साझा करने के आरोप में 37 लोगों को हिरासत में लिया है. इस्तांबुल के मेयर एक्रेम इमामोग्लू की गिरफ्तारी के बाद यह कार्रवाई की गई है जिन्हें चुनाव में राष्ट्रपति रेसेप तैयब एर्दोआन का संभावित प्रतिद्वंद्वी माना जा रहा है. हालिया समय में असहमति जताने वाली आवाजों पर देश में कार्रवाई तेज कर दी गई है.
  10. इजराइली सेना ने कहा है कि वह अब फलस्तीनियों को दक्षिण से उत्तरी गाजा में प्रवेश की अनुमति नहीं देगी. इसके साथ ही उसने उत्तरी गाजा में नाकाबंदी फिर से बहाल कर दी है, जो जनवरी के संघर्षविराम से पहले अधिकांश समय युद्ध के दौरान कायम थी. इजराइली सेना ने गुरुवार को एक घोषणा में लोगों को उत्तर में प्रवेश करने या बाहर जाने के लिए क्षेत्र के मुख्य उत्तर-दक्षिण राजमार्ग का उपयोग करने के खिलाफ चेतावनी दी और कहा कि केवल गाजा के तटीय सड़क से लगते दक्षिण की ओर के मार्ग की अनुमति होगी.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Israel Gaza War, Donald Trump, Russia Ukraine, Pakistan, Nawaz Shaif
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com