विज्ञापन

'आतंकवाद के पूरे इकोसिस्टम को ध्वस्त करना होगा', SCO बैठक में PAK डिप्टी पीएम के सामने राजनाथ सिंह का बड़ा मैसेज

ताजिकिस्तान में SCO बैठक में राजनाथ सिंह ने आतंकवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा- पूरे इकोसिस्टम को सामूहिक रूप से खत्म करना होगा. आतंकियों को पनाह देने वालों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए.

'आतंकवाद के पूरे इकोसिस्टम को ध्वस्त करना होगा', SCO बैठक में PAK डिप्टी पीएम के सामने राजनाथ सिंह का बड़ा मैसेज
एससीओ समिट में आतंकवाद पर राजनाथ सिंह की दोटूक (Photo: IANS)

ताजिकिस्तान की राजधानी दुशान्बे में आयोजित एससीओ प्रमुखों की परिषद की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद पर कड़ा रुख अपनाया.  उन्होंने कहा कि आतंकवाद के पूरे इकोसिस्टम को दृढ़ता और सामूहिक रूप से ध्वस्त किया जाना चाहिए और आतंकवादियों को वित्तपोषित करने या शरण देने वालों के लिए कोई जगह नहीं हो सकती. इस दौरान पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री इशाक डार भी मौजूद थे. राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि आतंकवाद शांति और विकास के लिए ‘सबसे गंभीर खतरों' में से एक बन गया है. यह न सिर्फ निर्दोष लोगों की जिंदगी को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि इन्वेस्टमेंट और व्यापार को भी बाधित करता है.

राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवाद समाजों को कट्टरपंथी बनाता है और हमारे युवाओं को उन अवसरों से वंचित करता है जिनके वे हकदार हैं. रक्षा मंत्री शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शासन प्रमुखों की परिषद की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर ताजिकिस्तान में हैं.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "उन लोगों के लिए कोई जगह नहीं हो सकती, जो आतंकवादियों को फंड देते हैं, समर्थन या सुरक्षित ठिकाने मुहैया करवाते हैं. आतंकवाद के पूरे इकोसिस्टम को दृढ़तापूर्वक और सामूहिक रूप से खत्म किया जाना चाहिए."

15 अक्टूबर को नई दिल्ली में राजनाथ सिंह ने कहा था कि भविष्य में पाकिस्तान से उत्पन्न होने वाले किसी भी आतंकवादी कृत्य का और भी ‘करारा जवाब' दिया जाएगा.

एससीओ सदस्यों को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने बहुपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग कार्यक्रम पर 2026 से 2030 के लिए कार्य योजना को अपनाने के लिए भारत के समर्थन पर भी जोर दिया.

भारत का मानना है कि हमारी आर्थिक सहभागिता समावेशी होने के साथ-साथ हर सदस्य देश के लिए फायदेमंद होनी चाहिए. हमें ज्यादा लचीली सप्लाई चेन के निर्माण, व्यापार और निवेश को सुगम बनाने और विकास के लिए टेक्नोलॉजी का उपयोग करने की दिशा में काम करना चाहिए.

राजनाथ सिंह,

रक्षा मंत्री, भारत

एससीओ सदस्य देशों के बहुपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग के कार्यक्रम का मकसद क्षेत्रीय संबंधों के विकास के लिए पारदर्शी, पूर्वानुमान योग्य और स्थिर स्थितियों के आधार पर व्यापार, आर्थिक और निवेश सहभागिता का व्यापक विकास करना है. इसके साथ ही, संगठन के देशों के लोगों के कल्याण में सुधार के हित में आपसी व्यापार की मात्रा बढ़ाना और निवेश सहयोग का विस्तार करना है.

25 फरवरी 2026 को एससीओ सदस्य देशों के बहुपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग कार्यक्रम को जमीनी स्तर पर लागू करने पर 2026-2030 की मसौदा कार्य योजना पर चर्चा करने के लिए एससीओ के सदस्य देशों के विशेषज्ञों की एक बैठक हुई थी.

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने ताशकंद में 'यूनिवर्सल सेंटर' और दुशान्बे में 'एंटी-ड्रग सेंटर' को एससीओ के स्थायी निकाय बनाने के लिए बिश्केक में लिए गए फैसलों का स्वागत किया है.

यह भी पढ़ें | कभी चुनाव आयोग को कठपुतली बना कर रखा, गांधी नाम रखने का अधिकार खो दिया... राजनाथ सिंह ने राहुल को खूब सुनाया

यह भी पढ़ें | Defence Summit 2026: स्‍क्रू से लेकर मिसाइल तक भारत सब बना रहा... NDTV डिफेंस समिट में राजनाथ सिंह

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
SCO Summit, Rajnath Singh, Terrorism, Pakistan, Tajikistan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com