त्योहारों के सीजन से ठीक पहले भारत के टू-व्हीलर मार्केट ने शानदार रफ्तार पकड़ी है. सितंबर 2026 के महीने में देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक की जानकारी आ गई है. सितंबर में कम्यूटर बाइक्स और स्कूटर्स दोनों की ही मांग में बड़ा उछाल देखा गया है. हमेशा की तरह Hero Splendor ने देश के टू-व्हीलर बाजार में नंबर वन का स्थान अपने पास बरकरार रखा है.
आपको बता दें कि पिछले महीने इस बाइक की कुल 4,31,279 यूनिट्स बिकीं, जो टॉप 10 टू-व्हीलर्स की कुल बिक्री का लगभग 26.71 प्रतिशत हिस्सा है. पिछले साल सितंबर की 3,83,383 यूनिट्स के मुकाबले इसकी बिक्री में 12.49 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वहीं, इस लिस्ट में सबसे बड़ी छलांग लगाने वाली व्हीकल Honda Activa है. एक्टिवा की बिक्री 48.19 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़कर सीधे 3,52,271 यूनिट्स पर पहुंच गई है, जो पिछले साल इसी महीने में 2,37,716 यूनिट्स थी. एक्टिवा ने इस दौरान कुल 1,14,555 यूनिट्स की एक्स्ट्रा बिक्री दर्ज की है, जो इस टॉप 10 लिस्ट में सबसे बड़ा इजाफा है.
ऑफिस आने-जाने वालों के लिए बेस्ट है Splendor Plus
जो लोग रोजाना काम पर जाने के लिए टू-व्हीलर का इस्तेमाल करते हैं, उनके लिए गाड़ी का माइलेज और चलने का खर्च या रनिंग कॉस्ट सबसे ज्यादा मायने रखता है. Hero Splendor Plus इन पैमानों पर पूरी तरह खरी उतरती है. Splendor Plus में 97.2cc का एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है. ये इंजन 8,000RPM पर 7.9 bhp की पावर और 6,000 RPM पर 8.05 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इसमें हील शिफ्टर के साथ 4-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है.
अच्छी बात है कि इसके सभी गियर न्यूट्रल से ऊपर की तरफ लगते हैं, इसलिए न्यूट्रल ढूंढना बेहद आसान हो जाता है. कंपनी के अनुसार इसकी टॉप स्पीड 87 किमी प्रति घंटा है. रफ्तार के लिहाज से इसकी परफॉर्मेंस सामान्य है, लेकिन इस बाइक का असली फोकस इसके माइलेज और विश्वसनीयता पर है. कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, Hero Splendor E20 फ्यूल (20% एथनॉल मिश्रित पेट्रोल) पर भी 70 किमी प्रति लीटर का माइलेज दे सकती है.
यह भी पढ़ें | 8.5 लाख वाली SUV की कीमत धड़ाम! 1.55 लाख की सीधी छूट, फीचर्स और लुक भी दमदार
इस बाइक में फ्यूल इंजेक्शन तकनीक के साथ कंपनी का पेटेंटेड i3S (आइडल-स्टॉप-स्टार्ट) सिस्टम दिया गया है. ये सिस्टम ट्रैफिक में रुकने पर इंजन को अपने आप बंद कर देता है और क्लच दबाते ही चालू कर देता है, जिससे भारी ट्रैफिक वाले रास्तों पर पेट्रोल की काफी बचत होती है. इस बाइक का वजन 112 किलोग्राम है और इसमें 9.8 लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है. हल्का वजन होने के कारण इसे भारी ट्रैफिक और तंग गलियों में मोड़ना बेहद आसान है, और एक बार टैंक फुल कराने पर यह बहुत लंबे समय तक चलती है.
Splendor Plus की कीमत और वेरिएंट्स
Hero Splendor Plus को भारतीय बाजार में 4 वेरिएंट्स में खरीदा जा सकता है. इसको आप कई कलर ऑप्शन में खरीद सकते हैं. इसके बेस वेरिएंट Splendor Plus Drum Brake OBD 2B की कीमत 78,912 रुपये से शुरू होती है. जबकि Splendor Plus i3S Black and Accent Edition की कीमत 79,689 रुपये है. इसके Splendor Plus Drum Brake i3S के लिए आपको 79,759 रुपये खर्च करने होंगे. जबकि सबसे टॉप वेरिएंट Splendor Plus Million Edition है. जिसकी कीमत 81,710 रुपये है.
Splendor Plus की खूबियां और कमियां
इस बाइक में बेहद किफायती और कम पेट्रोल पीने वाला इंजन मिलता है. इसका वजन बहुत कम है और देश भर में हीरो का बहुत बड़ा सर्विस नेटवर्क है, जिसकी वजह से इसके मेंटेनेंस और स्पेयर पार्ट्स का खर्च काफी कम रहता है. अपनी इसी विश्वसनीयता और दमदार माइलेज के दम पर यह लंबे समय से Hero MotoCorp की भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक बनी हुई है.
इस बाइक में ग्राहकों को डिस्क ब्रेक का कोई ऑप्शन नहीं मिलता है. इसके सस्पेंशन और ब्रेक से जुड़े पार्ट्स बेहद साधारण हैं. इसमें आगे टेलीस्कॉपिक फोर्क्स, पीछे ड्यूल शॉक एब्जॉर्बर्स और दोनों पहियों में ड्रम ब्रेक्स ही दिए गए हैं. अपने सेगमेंट में Hero Splendor Plus का सीधा मुकाबला Honda Shine 100 और TVS Radeon जैसी कम्यूटर बाइक्स से होता है.
नोट- कीमत में जगह और आरटीओ के हिसाब से बदलाव संभव है. सटीक जानकारी के लिए अपने नजदीकी डीलर से संपर्क करें.
यह भी पढ़ें | भारत आई Elon Musk की उड़ने वाली सुपरकार Tesla Roadster, बुकिंग शुरू, जानें कीमत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं