US Israel War against Iran: अमेरिका और इजरायल के हमलों के बीच ईरान को एक और बड़ा झटका लगा है. इजरायल ने दावा किया है कि ईरान के नौसेना प्रमुख अलीरेजा तांगसिरी को हमले में मार गिराया गया है. द येरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार एक इजरायली अधिकारी ने गुरुवार, 26 मार्च को बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से सटे बंदर अब्बास में एक हमले में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना के प्रमुख अलीरेजा तांगसिरी की मौत हो गई है. अभी तक ईरान की तरफ से इस खबर की पुष्टि नहीं की गई है.
रिपोर्ट के अनुसार यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि तांगसिरी की मौत इजरायल के हमले से हुई है या अमेरिका में. कुल मिलाकर अभी उनकी मौत की परिस्थितियों को लेकर स्पष्टता नहीं है. रिपोर्ट के अनुसार इजरायली सेना ने अलीरेजा तांगसिरी की मौत के बारे में आगे कोई टिप्पणी नहीं की है.
अलीरेजा तांगसिरी अगस्त 2018 से ही IRGC नौसेना का नेतृत्व कर रहे थे. मौजूदा जंग के बीच अलीरेजा तांगसिरी ने विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास ईरान की सैन्य गतिविधियों के संबंध में हाल के हफ्तों में तेजी से आक्रामक रुख अपनाया था.
दो दिन पहले ही पाकिस्तान का जहाज लौटाया था
मंगलवार को ही नौसैनिक कमांडर अलीरेजा तांगसिरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा था कि उसकी नौसेना ने कानूनी प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने और गुजरने की अनुमति नहीं लेने के कारण होर्मुज से एक कंटेनर जहाज को "वापस लौटा दिया" था. शिप ट्रैकर मरीनट्रैफिक पर देखा गया कि इस जहाज का नाम सेलेन (SELEN) था और यह पाकिस्तान के लिए जा रहा था.
अलीरेजा तांगसिरी की काबिलियत के दम पर ही ईरान ने होर्मुज को एक तरह से बंद कर रखा है जो दुनिया का सबसे अहम तेल मार्ग है, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति का लगभग 20% हिस्सा गुजरता है. ईरान ने केवल भारत समेत केवल 5 देशों को यहां से जहाज ले जाने की अनुमति दी है.
यह भी पढ़ें: क्या गाजा की तरह लेबनान को भी 'जेल' बनाने जा रहा है इजरायल?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं