विज्ञापन

समंदर में जहाज हिला तो उड़ जाएगा, ईरान ने हॉर्मुज में बिछाई माइंस- रिपोर्ट

Crisis in Strait of Hormuz: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के खिलाफ तीखे शब्दों में एक बयान जारी किया और उसे कहा कि अगर वह होर्मुज जलडमरूमध्य में माइंस बिछाएगा तो सैन्य परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे.

समंदर में जहाज हिला तो उड़ जाएगा, ईरान ने हॉर्मुज में बिछाई माइंस- रिपोर्ट
Crisis in Strait of Hormuz: होर्मुज में माइंस लगा रहा ईरान- रिपोर्ट
  • ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल व्यापार के लिए महत्वपूर्ण चोकपॉइंट पर माइंस बिछाना शुरू किया है- रिपोर्ट
  • अमेरिकी सेना ने दावा किया कि उसने माइंस बिछाने वाली ईरानी 16 नावों को मिसाइल और ड्रोन हमले में नष्ट कर दिया है
  • होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर ईरान के हमले की चेतावनी दी गई है और जलमार्ग प्रभावी रूप से बंद है

अमेरिका और ईरान में चल रही जंग के बीच एक बड़ी खबर आई है. ईरान ने तेल व्यापार के लिए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण चोकपॉइंट, होर्मुज के जलडमरूमध्य में माइंस बिछाना शुरू कर दिया है. होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के कुल कच्चे तेल का लगभग पांचवां हिस्सा ले जाता है और यहीं समंदर के अंदर ईरान बारूद बिछा रहा है. CNN ने यह रिपोर्ट इस मुद्दे पर अमेरिकी खुफिया रिपोर्टिंग से परिचित दो लोगों के हवाले से छापी है. दूसरी तरफ अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि उसने माइंस बिछाने वाली ईरान की 16 नावों को मिसाइल और ड्रोन अटैक में तबाह कर दिया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान को चेतावनी दी है कि अगर उसने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को निशाना बनाया, तो उसे पहले कभी न देखे गए सैन्य हमलों का सामना करना पड़ेगा.

मीडिया रिपोर्ट में क्या दावा किया गया?

CNN की रिपोर्ट के अनुसार सूत्रों ने कहा कि ईरान ने जो माइंस लगाए हैं, वे अभी तक व्यापक नहीं है. हाल के दिनों में कुछ दर्जन माइंस लगाए गए हैं. सूत्रों में से एक ने कहा कि ईरान अभी भी माइंस लगाने वाले अपनी छोटी नौकाओं का 80% से 90% तक बरकरार रखता है. इसलिए इसकी सेनाएं संभवतः जलमार्ग में सैकड़ों माइंस बिछा सकती हैं.

बता दें कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने पहले चेतावनी दी थी कि होर्मुज से गुजरने वाले किसी भी जहाज पर हमला किया जाएगा. जंग की शुरुआत के बाद से ही इस चैनल को प्रभावी रूप से बंद कर दिया गया है. यहां इस समय हजारों जहाज फंसे हुए हैं और इसे "मौत की घाटी" कहा जा रहा है. यहां एक भी तेल जहाज में विस्फोट चेन रिएक्शन का रूप ले सकता है, एक विस्फोट दूसरे विस्फोट को जन्म दे सकता है.

अमेरिकी सेना ने किया माइंस लगाने वाली 16 नावों को उड़ाने का दावा

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य के पास नष्ट किए गए माइन बिछाने वाले जहाजों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है. CENTCOM की पोस्ट में एक वीडियो फुटेज भी शामिल था, जिसमें अलग-अलग नावों पर मिसाइल या अन्य हथियारों से हमला होते और उनके विस्फोट होते दिखाई दे रहे थे.

ईरान को ट्रंप की चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के खिलाफ तीखे शब्दों में एक बयान जारी किया और उसे कहा कि अगर वह होर्मुज जलडमरूमध्य में माइंस बिछाएगा तो सैन्य परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में यह टिप्पणी की.

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अगर ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में कोई माइंस लगाई हैं, और हमारे पास उनके ऐसा करने की कोई रिपोर्ट नहीं है, तो हम चाहते हैं कि उन्हें तुरंत हटा दिया जाए! अगर किसी भी कारण से माइंस लगाई गईं, और उन्हें तुरंत नहीं हटाया गया, तो ईरान के लिए सैन्य परिणाम उस स्तर पर होंगे जो पहले कभी नहीं देखा गया होगा. अगर, दूसरी ओर, उन्होंने जो भी माइंस लगाए थे उन्हें हटा देते हैं, तो यह सही दिशा में एक बड़ा कदम होगा.

यह भी पढ़ें: मिसाइल लॉक और 16 टारगेट तबाह... समंदर में बारूद का जाल बिछा रहीं ईरानी नावें पल भर में खाक- VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Strait Of Hormuz, US Iran War, US Israel War Against Iran
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com