विज्ञापन

कुवैत एयरपोर्ट पर ईरान का हमला, एक भारतीय की गई जान, सभी उड़ानें ठप

कुवैत एयरपोर्ट पर ईरानी हमले में एक भारतीय की मौत हुई है. वहीं 63 लोग घायल हो गए हैं. हमले के बाद उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं. ईरान ने इसे अमेरिकी कार्रवाई का जवाब बताया, जिससे खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है.

कुवैत एयरपोर्ट पर ईरान का हमला, एक भारतीय की गई जान, सभी उड़ानें ठप
नई दिल्ली:

मिडिल ईस्ट में तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए ईरानी हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए. हमले के बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और हवाई सेवाएं तुरंत प्रभाव से रोकनी पड़ीं.

एयरपोर्ट पर हमला, 63 लोग घायल

कुवैत के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, हमले में कम से कम 63 लोग घायल हुए हैं. घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल्ला अल-सनद ने बताया कि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें सिर की चोट, ब्रेन हेमरेज, अंग कटने और धमाके से जुड़े घाव शामिल हैं. राहत के लिए 25 एम्बुलेंस तुरंत मौके पर भेजी गईं.

भारतीय नागरिक की मौत 

कुवैत में भारतीय दूतावास ने हमले में एक भारतीय की मौत की पुष्टि की है. दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में शोक जताते हुए कहा कि वह कुवैती अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दी जा सके और घायलों को सहायता पहुंचाई जा सके.

यह भी पढ़ें- अमेरिका को ईरान की चेतावनी- 'एक और हमला किया तो मिसाइल हमलों की बाढ़ ला देंगे'

एयरपोर्ट बंद, उड़ान सेवाएं निलंबित

हमले में एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को नुकसान पहुंचा है, जिसके बाद कुवैत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने सभी उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं. हमले के कारण एयरपोर्ट पर अफरातफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

ईरान ने ली जिम्मेदारी

बताते चलें कि हमले की जिम्मेदारी ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने ली है. उन्होंने बयान जारी कर कहा कि यह हमला अमेरिका द्वारा ईरानी ऑयल टैंकर और द्वीप पर किए गए हमलों के जवाब में किया गया. ईरान ने यह भी दावा किया कि कुवैत के अली अल-सलेम एयर बेस और बहरीन में अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट के ठिकानों को मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया गया.

खाड़ी देशों में बढ़ी चिंता

इस हमले के बाद खाड़ी देशों में चिंता बढ़ गई है. UAE के राष्ट्रपति सलाहकार अनवर गर्गाश ने कहा कि ईरान की लगातार आक्रामकता के खिलाफ खाड़ी देशों को एकजुट और सख्त रुख अपनाना होगा. कुवैत के विदेश मंत्रालय ने भी इस हमले की निंदा करते हुए इसे नागरिक और महत्वपूर्ण ढांचे पर हमला बताया है.

बढ़ता क्षेत्रीय तनाव

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब पहले से ही अमेरिका-ईरान तनाव चरम पर है. कुवैत और बहरीन जैसे देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं, जिससे पूरा क्षेत्र संभावित सैन्य टकराव के खतरे में आ गया है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com