विज्ञापन

भारतीय मूल के कपल ने अमेरिकी यूनिवर्सिटी को दान दिए 191 करोड़, नाम पर बनेगा AI कॉलेज, इंडिया में कहां से की पढ़ाई?

विकास और अनुराधा सिन्हा भारत से अमेरिका अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए गए थे. भारत में बैचलर डिग्री हासिल करने के बाद दोनों ने फ्लोरिडा अटलांटिक यूनिवर्सिटी से आगे की पढ़ाई की.

भारतीय मूल के कपल ने अमेरिकी यूनिवर्सिटी को दान दिए 191 करोड़, नाम पर बनेगा AI कॉलेज, इंडिया में कहां से की पढ़ाई?
विकास और अनुराधा सिन्हा ने अमेरिकी यूनिवर्सिटी को 191 करोड़ का दान दिया (फोटो- UNT)
  • अमेरिका में भारतीय मूल के इंजीनियर कपल ने यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ टेक्सस को दो करोड़ डॉलर का दान दिया है
  • इस दान से अनुराधा और विकास सिन्हा कॉलेज ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड एडवांस्ड एनालिटिक्स बनाया जाएगा
  • विकास और अनुराधा सिन्हा ने भारत से अमेरिका आकर उच्च शिक्षा पूरी की और UNT में पहले भी दान दिया था

अमेरिका में भारतीय मूल के एक इंजीनियर कपल ने यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ टेक्सस (UNT) को 2 करोड़ डॉलर का बड़ा दान दिया है. इस पैसे से यूनिवर्सिटी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एडवांस्ड एनालिटिक्स का कॉलेज बनाया जाएगा. इस दान के जरिए इस कपल ने यह उदाहरण पेश किया है कि अमेरिका में रहने वाले प्रवासी भी अमेरिकन ड्रीम को बनाने में, उसे बढ़ान में बड़ी भूमिका निभाते हैं. खास बात है कि यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ टेक्सस ने एक बयान में बताया कि इस नए कॉलेज का नाम अनुराधा और विकास सिन्हा कॉलेज ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड एडवांस्ड एनालिटिक्स होगा. इससे छात्रों और शिक्षकों के लिए नए मौके पैदा होंगे.

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार यह कॉलेज दो मुख्य डिविजन के आधार पर काम करेगा. पहला होगा डिविजन ऑफ एप्लाइड इंटेलिजेंस एंड इंफॉर्मेटिक्स, जिसका फोकस ऐसे स्मार्ट सिस्टम बनाने और इस्तेमाल करने पर होगा. दूसरा होगा डिविजन ऑफ इंफॉर्मेशन एंड लर्निंग एप्लीकेशंस, जो इस बात पर ध्यान देगा कि इंसानों और संस्थानों के बीच जानकारी और स्मार्ट सिस्टम किस तरह काम करते हैं.

ब्रॉडकॉम के वाइस प्रेसिडेंट विकास सिन्हा ने कहा, “हमारे लिए यह डोनेशन उस मौके को आगे बढ़ाने के बारे में है, जो हमें मिला था. साथ ही, यह मानने के बारे में है कि प्रवासी सिर्फ अमेरिकन ड्रीम का हिस्सा नहीं बनते, बल्कि उसे बनाने में भी मदद करते हैं.” इस दान से छह स्थायी फंड बनाए जाएंगे. इन फंड से कॉलेज के नेतृत्व, छात्रों की स्कॉलरशिप, प्रोफेसरों, नए बिजनेस और इनक्यूबेशन, एडवांस रिसर्च और नई तकनीकों को मदद मिलेगी.

अमेरिका पढ़ने गए थे दोनों

विकास और अनुराधा सिन्हा भारत से अमेरिका अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए गए थे. दोनों ने श्री वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री हासिल की थी. इसके बाद दोनों ने फ्लोरिडा अटलांटिक यूनिवर्सिटी से आगे की पढ़ाई की. विकास सिन्हा ने इसके बाद नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की और फिर 2023 में UNT से पीएचडी की डिग्री हासिल की.

विकास ने कहा, “यही एक बड़ी वजह है कि अनु और मैं UNT की संभावनाओं पर इतना भरोसा करते हैं. UNT उन छात्रों के लिए बहुत कुछ कर सकता है, जो किसी दूसरे देश से उसी महत्वाकांक्षा और शिक्षा में उसी भरोसे के साथ यहां आते हैं, जिस भरोसे और सपने के साथ कभी हम यहां आए थे.” यह नया कॉलेज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्मार्ट सिस्टम और डेटा एनालिटिक्स पर पढ़ाई और रिसर्च का एक बड़ा केंद्र होगा.

कॉलेज में AI, साइबर सिक्योरिटी, डेटा साइंस, एडवांस्ड एनालिटिक्स, हेल्थ इंफॉर्मेटिक्स, इंफॉर्मेशन साइंस, लाइब्रेरी साइंस और लर्निंग टेक्नोलॉजी जैसे कई क्षेत्रों के एक्सपर्ट एक साथ काम करेंगे.

विकास सिन्हा ने कहा, “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हमारी पीढ़ी की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकों में से एक होगी. यूनिवर्सिटी की जिम्मेदारी है कि वह उन लोगों को तैयार करे, जो AI के भविष्य को आकार देंगे.”

बता दें कि 2024 में भी दोनों ने UNT को दान दिया था. उस दान से अनुराधा और विकास सिन्हा डिपार्टमेंट ऑफ डेटा साइंस की स्थापना की गई थी. इसके साथ स्कॉलरशिप, शिक्षकों, रिसर्च और दूसरे खास प्रोजेक्ट्स के लिए भी फंड बनाया गया था. इसके एक साल बाद, 2025 में, उन्होंने फिर एक बड़ा दान दिया. इससे सिन्हा इनोवेशन लैब फॉर डेटा साइंस की स्थापना की गई.

(इनपुट - पीटीआई)

यह भी पढ़ें: सत्य निकेतन त्रासदी के पीछे है डीयू का हॉस्टल संकट, हर 34 छात्र में से सिर्फ 1 के लिए कैंपस में जगह

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Education, University In Us, Study In US For Indian Students
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com