विज्ञापन

भारत ने रूस के राजनयिक को किया तलब, हमले में 4 भारतीय नाविकों की मौत पर सुनाई खरी-खरी

यूक्रेनी के तट पर रूस का यह हमला 19 जुलाई की शाम को हुआ जब 'एमवी गोल्डन लियो' (MV Golden Leo) नाम का यह जहाज ओडेसा पोर्ट से रवाना हो रहा था.

भारत ने रूस के राजनयिक को किया तलब, हमले में 4 भारतीय नाविकों की मौत पर सुनाई खरी-खरी
  • भारत ने मंगलवार, 21 जुलाई को रूस के चार्ज डी अफेयर्स (CDA) को तलब किया है
  • भारत ने यूक्रेन तट के पास एक मर्चेंट जहाज पर रूसी हमले पर कड़ा विरोध दर्ज कराया, जिसमें चार भारतीयों की मौत है
  • MV गोल्डन लियो नाम के इस जहाज पर कुल मिलाकर 17 क्रू सदस्य थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक शामिल थे

भारत ने मंगलवार, 21 जुलाई को रूस के चार्ज डी अफेयर्स (CDA) को तलब किया. राजनयिक को तलब करने के बाद भारत ने यूक्रेन के तट के पास गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले एक मर्चेंट जहाज पर रूसी हमले पर कड़ा विरोध दर्ज कराया, जिसमें चार भारतीय नाविकों की मौत हुई है. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार सूत्रों ने बताया कि भारत विदेश मंत्रालय ने रूसी राजनयिक से कहा कि मर्चेंट जहाज पर हुआ हमला, जिसमें भारतीयों की मौत हुई, हर तरह से अस्वीकार्य है.

यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने जानकारी दी थी कि रविवार को रूस ने यूक्रेन के समुद्री रास्ते से गुजर रहे एक नागरिक जहाज पर हमला किया था और इसके क्रू में सीरिया और भारत के नागरिक शामिल थे. इस हमले में चार भारतीयों की मौत हुई. रूस-यूक्रेन संघर्ष में भारतीय नाविकों की मौत का यह पहला मामला है. यूक्रेनी वायु सेना ने बताया कि गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले इस जहाज पर रूसी क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया.

भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार MV गोल्डन लियो नाम के इस जहाज पर कुल मिलाकर 17 क्रू सदस्य थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक शामिल थे.

भारत ने जताई है नाराजगी

भारत ने इस हमले की निंदा की और फिर से कहा कि कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाना और बेगुनाह आम नागरिकों (क्रू सदस्यों) की जान खतरे में डालना निंदनीय है और ऐसा नहीं किया जाना चाहिए. भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोमवार रात कहा, "19 जुलाई की शाम को, MV गोल्डन लियो जहाज पर ओडेसा बंदरगाह से निकलते समय हमला किया गया. घटना के समय जहाज पर 17 क्रू सदस्य मौजूद थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक भी शामिल थे."

मंत्रालय ने कहा, "मिली जानकारी के अनुसार, दुखद रूप से चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है." विदेश मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन में भारतीय मिशन स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहा है.

एक बयान में मंत्रालय ने कहा, "हम मारे गए भारतीय नागरिकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायल भारतीय नागरिक के जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना करते हैं."

बिना रूस का सीधे नाम लिए, विदेश मंत्रालय ने कहा: "भारत ऐसे हमलों की निंदा करता है और फिर से कहता है कि कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाना और बेगुनाह आम नागरिकों (क्रू सदस्यों) की जान खतरे में डालना, या नेविगेशन और व्यापार की आजादी में बाधा डालना, निंदनीय है और ऐसा नहीं किया जाना चाहिए."

यह भी पढ़ें: यूक्रेन में 4 भारतीय की मौत पर भारत हुआ नाराज, बंदरगाह पर खड़े जहाज पर हुआ हमला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ukraine Russia War, Russia Attack In Ukraine, Indian Killed In Russia Ukraine War
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com