अगर आप भी घूमने-फिरने के शौकीन हैं लेकिन हर चीज को 'कल' पर टालते रहते हैं, तो यह कहानी आपके अंदर के आलस को हमेशा के लिए खत्म कर देगी. यह कहानी है दो ऐसे जिगरी दोस्तों की, जिन्होंने साबित कर दिया है कि अगर हौसला बुलंद हो और साथ में एक सच्चा यार हो, तो दुनिया का कोई भी कोना दूर नहीं है.
ऑस्ट्रेलिया के रहने वाले दो बेस्ट फ्रेंड्स फ्लेचर क्राउली और लैची बेनेट पूरी दुनिया की सैर पर निकले हैं. इनमें से फ्लेचर पैराप्लेजिक दिव्यांग हैं और व्हीलचेयर के सहारे हैं, लेकिन दोनों मिलकर इस समय पूरी दुनिया घूमने निकले हुए हैं. सोशल मीडिया पर इनकी दोस्ती और जज्बे को देखकर लाखों लोग इन्हें बधाई दे रहे हैं.

Photo Credit: fletchcrowley_/Instagram
कम ही दिखती है ऐसी यारी
दुनिया घूमना वैसे तो हर किसी का सपना होता है, लेकिन एक दिव्यांग व्यक्ति के लिए यह राह इतनी आसान नहीं होती. कई ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों, पहाड़ों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर व्हीलचेयर ले जाना नामुमकिन हो जाता है. लेकिन फ्लेचर के लिए यह कोई रुकावट नहीं है, क्योंकि उनके पास लैची जैसा दोस्त है.
सीएनएन के अनुसार, यात्रा के दौरान जहां भी व्हीलचेयर आगे नहीं बढ़ पाती, वहां लैची बिना एक पल सोचे अपने दोस्त फ्लेचर को अपनी पीठ पर उठा लेते हैं. चाहे वह ऊंची-ऊंची सीढ़ियां हों, पथरीले रास्ते हों या फिर पहाड़ों की चढ़ाई, लैची अपने दोस्त को पीठ पर लादकर हर मंजिल तक पहुंचाते हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई दोनों की बॉन्डिंग
फ्लेचर और लैची अपनी इस अनोखी और खूबसूरत वर्ल्ड ट्रिप की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार शेयर कर रहे हैं. इंटरनेट पर लोग इनकी दोस्ती के कायल हो गए हैं. इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर इनके वीडियोज को लाखों व्यूज मिल रहे हैं. लोग कह रहे हैं कि दोस्त हो तो ऐसा, वरना ना हो.

Photo Credit: fletchcrowley_/Instagram
हर चुनौती को हंसकर पार कर रहे हैं दोनों दोस्त
दोनों दोस्तों का लक्ष्य दुनिया के उन हिस्सों को खोजना और देखना है, जहां पहुंचना आम तौर पर व्हीलचेयर यूजर्स के लिए बेहद मुश्किल माना जाता है. वे दुनिया को यह संदेश देना चाहते हैं कि शारीरिक अक्षमता आपको अपनी जिंदगी जीने और दुनिया को देखने से नहीं रोक सकती, बशर्ते आपके पास सही नजरिया और एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम हो.
यह भी पढ़ें: Explainer: चीन क्या खो रहा अपनी चमक, भारत-अमेरिका-यूरोप से लड़ाई कैसे अब पड़ रही भारी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं