विज्ञापन

UN Weather Alert: गर्मी से आगे भी नहीं मिलेगी राहत! अगले 5 साल टूटेंगे तापमान के हर रिकॉर्ड

UN weather forecast 2026-2030: UN की चेतावनी ने दुनिया की चिंता बढ़ाई, रिपोर्ट में कहा- अगले पांच सालों में दुनिया का औसत तापमान रिकॉर्ड स्तर पर या उसके बेहद करीब रहने की संभावना है

UN Weather Alert: गर्मी से आगे भी नहीं मिलेगी राहत! अगले 5 साल टूटेंगे तापमान के हर रिकॉर्ड
Record Temperature in Next 5 Years: गर्मी से आगे भी नहीं मिलेगी राहत
  • आने वाले पांच सालों तक दुनिया का तापमान रिकॉर्ड स्तर पर रह सकता है- UN
  • 86% संभावना है कि 2026 से 2030 के बीच कोई एक साल 2024 को पीछे छोड़ते हुए अब तक का सबसे गर्म साल बन जाएगा- UN
  • 2026 के आखिर में अल नीनो आने की संभावना है. इससे 2027 के रिकॉर्ड सबसे गर्म साल बनने की संभावना बढ़ जाती है

UN Weather Forecast: धरती लगातार और ज्यादा गर्म होती जा रही है. अब संयुक्त राष्ट्र (UN) ने एक नई चेतावनी दी है जिसने दुनिया की चिंता बढ़ा दी है. आने वाले पांच सालों तक दुनिया का तापमान रिकॉर्ड स्तर पर रह सकता है. वैज्ञानिकों का कहना है कि हालात इतने गंभीर हो सकते हैं कि धरती का तापमान उस खतरनाक सीमा को पार कर जाए, जिसे रोकने की कोशिश कई सालों से की जा रही है. आर्कटिक इलाके तेजी से गर्म हो रहे हैं, मौसम का संतुलन बिगड़ रहा है और कई जगहों पर भारी बारिश तो कई जगह सूखे का खतरा बढ़ सकता है.

UN की चेतावनी

संयुक्त राष्ट्र ने गुरुवार को चेतावनी दी कि इस साल और इसके बाद अगले चार सालों तक दुनिया का औसत तापमान रिकॉर्ड स्तर पर या उसके करीब बना रह सकता है. अब तक रिकॉर्ड किए गए सबसे गर्म 11 साल साल 2015 के बाद आए हैं. संयुक्त राष्ट्र की मौसम और जलवायु एजेंसी ने कहा कि यह सिलसिला आगे भी जारी रहने वाला है और साल 2031 से पहले एक नया सबसे गर्म साल आने की संभावना है. यानी ऐसी गर्मी होगी जो हमने आजतक नहीं देखी होगी. UN ने यह दो बातें कहीं:

  1. “अगले पांच सालों में दुनिया का औसत तापमान रिकॉर्ड स्तर पर या उसके बेहद करीब रहने की संभावना है.”
  2. “86 प्रतिशत संभावना है कि 2026 से 2030 के बीच कोई एक साल 2024 को पीछे छोड़ते हुए अब तक का सबसे गर्म साल बन जाएगा"

एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार विश्व मौसम विज्ञान संगठन ने कहा कि 2026 से 2030 के बीच पांच साल का औसत तापमान 1850-1900 के औद्योगिक दौर से पहले के औसत तापमान से 1.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होने की 75 प्रतिशत संभावना है. यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब मई में ही भारत झुलस रहा है. इस समय पश्चिमी यूरोप बहुत गर्म मौसम की चपेट में है. ब्रिटेन और फ्रांस में मई महीने के तापमान के रिकॉर्ड टूट रहे हैं.

2027 पर अल नीनो का असर

विश्व मौसम विज्ञान संगठन की “ग्लोबल एनुअल-टू-डेकैडल अपडेट” रिपोर्ट के मुख्य लेखक लियोन हरमैनसन ने कहा, “2026 के आखिर में अल नीनो आने की संभावना है. इससे 2027 के नया रिकॉर्ड बनाने वाला सबसे गर्म साल बनने की संभावना बढ़ जाती है.” पिछले अल नीनो का असर यह रहा कि 2023 दुनिया का दूसरा सबसे गर्म साल बना और 2024 अब तक का सबसे गर्म साल रहा. उस समय तापमान औद्योगिक दौर से पहले के औसत से लगभग 1.55 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था.

अल नीनो एक प्राकृतिक जलवायु घटना है, जिसमें प्रशांत महासागर के मध्य और पूर्वी हिस्से का सतही तापमान बढ़ जाता है. इससे दुनिया भर में हवाओं, वायुदाब और बारिश के पैटर्न में बदलाव आता है. यह आमतौर पर हर दो से सात साल में होता है और करीब 9 से 12 महीने तक रहता है.

1.3 डिग्री से 1.9 डिग्री तक का खतरा

साल 2015 के पेरिस जलवायु समझौते का लक्ष्य था कि धरती का तापमान औद्योगिक दौर से पहले के स्तर से 2 डिग्री सेल्सियस से काफी नीचे रखा जाए और कोशिश हो कि यह 1.5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहे. इन लक्ष्यों की गणना 1850-1900 के औसत तापमान के आधार पर की जाती है. यही वह समय था जब इंसानों ने बड़े पैमाने पर कोयला, तेल और गैस जलाना शुरू नहीं किया था. इनसे निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड गैस को जलवायु परिवर्तन की सबसे बड़ी वजह माना जाता है.

लेकिन अब विश्व मौसम विज्ञान संगठन की रिपोर्ट में कहा गया कि 2026 से 2030 के बीच दुनिया का औसत सतही तापमान 1850-1900 के औसत से 1.3 डिग्री से 1.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहने का अनुमान है. संगठन ने कहा कि 91 प्रतिशत संभावना है कि 2026 से 2030 के बीच कम से कम एक साल ऐसा होगा, जब दुनिया का औसत तापमान अस्थायी रूप से 1.5 डिग्री सेल्सियस की सीमा पार कर जाएगा.

इसके अलावा 75 प्रतिशत संभावना है कि पूरे 2026-2030 के पांच साल का औसत तापमान भी 1.5 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहेगा.

यह भी पढ़ें: तप रहा ब्रिटेन, फ्रांस में मर रहे लोग... आखिर यूरोप दुनिया में सबसे तेजी से गर्म क्यों हो रहा? 6 वजहें

लेखक के बारे में
img
Ashutosh Kumar Singh
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UN Weather Forecast 2026-2030, UN Weather Alert, UN WMO Climate Report
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com