- हिंदू हेरिटेज मंथ की शुरुआत के बीच अमेरिका में हिंदू मंदिर पर हमला, ओहायो के मंदिर पर फेंकी गईं ईंटें
- स्वामीनारायण मंदिर को बनाया निशाना, FBI को दी गई सूचना
- नवरात्रि से पहले अमेरिका में मंदिर पर हमले से बढ़ी चिंता
अमेरिका के ओहायो राज्य के रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर पर अज्ञात लोगों द्वारा ईंटें फेंककर हमला किए जाने की घटना सामने आई है. हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन के अनुसार इस हमले में मंदिर की खिड़कियों और ढांचे को नुकसान पहुंचा है. घटना के समय मंदिर में पुजारी और श्रद्धालु मौजूद थे. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और एफबीआई सहित संबंधित एजेंसियों को सूचित किया गया है. हिंदू संगठनों ने इस घटना की निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई और हिंदू समुदाय के खिलाफ बढ़ती नफरत पर सख्त रुख अपनाने की मांग की है.
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने दी जानकारी
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर घटना की जानकारी साझा की. संस्था के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे ओहायो के रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर पर कुछ लोगों ने ईंटें फेंकीं. इससे मंदिर को काफी नुकसान पहुंचा. संस्था ने बताया कि घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध हैं और संबंधित अधिकारी उनकी जांच कर रहे हैं.
⚠️Hindu temple attacked in Ohio today| At 1:30 PM today, the Shree Swaminarayan Vadtal Dham Hindu Mandir in Richmond Heights, Ohio was attacked by perpetrator(s) who threw bricks at the temple causing significant damage.
— Hindu American Foundation (@HinduAmerican) October 3, 2026
Surveillance video is available and being reviewed by… pic.twitter.com/yruWaC7TnR
एफबीआई को दी गई सूचना
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने कहा कि मामले की जानकारी एफबीआई और नागरिक अधिकार विभाग को दी जा रही है. संस्था का कहना है कि वह मंदिर प्रबंधन के लगातार संपर्क में है और हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है. फाउंडेशन ने इस घटना को संभावित घृणा अपराध (हेट क्राइम) करार देते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
हिंदू समुदाय के खिलाफ बढ़ती नफरत पर चिंता
संस्था ने कहा कि यह घटना ऐसे समय हुई है जब हिंदू और भारतीय मूल के अमेरिकी समुदाय के खिलाफ अभूतपूर्व स्तर पर नफरत और कटुता देखने को मिल रही है. फाउंडेशन ने अमेरिका के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और सरकारी एजेंसियों से भारतीय और हिंदू समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाली बयानबाजी की स्पष्ट और सार्वजनिक निंदा करने की अपील की है.
श्रद्धालुओं की मौजूदगी में हुआ हमला
नॉर्थ अमेरिका के हिंदुओं के संगठन (CoHNA) ने भी इस घटना पर चिंता जताई है. संगठन के अनुसार ग्रेटर क्लीवलैंड क्षेत्र में स्थित मंदिर पर ईंटों से हमला किया गया, जिससे खिड़कियों के शीशे टूट गए. रिपोर्ट के मुताबिक हमले के समय मंदिर के अंदर पुजारी और श्रद्धालु मौजूद थे. हालांकि संगठन ने यह स्पष्ट नहीं किया कि किसी व्यक्ति को चोट पहुंची या नहीं.
स्थानीय प्रशासन से कार्रवाई की मांग
CoHNA ने रिचमंड हाइट्स की मेयर किम थॉमस और स्थानीय प्रशासन से घटना की सार्वजनिक रूप से निंदा करने की मांग की है. संगठन ने स्थानीय पुलिस से आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह भी किया है. अब तक किसी संदिग्ध की पहचान या गिरफ्तारी की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
हिंदू हेरिटेज मंथ के बीच हुई घटना
संगठन ने बताया कि यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका में हिंदू समुदाय हिंदू हेरिटेज मंथ के कार्यक्रमों की शुरुआत कर रहा है. अक्टूबर महीने में अमेरिका के विभिन्न हिस्सों में हिंदू हेरिटेज मंथ मनाया जाता है. इसी दौरान नवरात्रि उत्सव की तैयारियां भी चल रही हैं. ऐसे समय में मंदिर पर हमला होने से समुदाय में चिंता बढ़ गई है.
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
CoHNA ने कहा कि अमेरिका में हिंदू मंदिरों और समुदाय से जुड़े स्थलों को निशाना बनाने की कई घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं. संगठन के अनुसार अगस्त 2022 में न्यूयॉर्क के क्वींस स्थित श्री तुलसी मंदिर परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया था. इसके बाद दिसंबर 2023 में कैलिफोर्निया के नेवार्क स्थित SMVS श्री स्वामीनारायण मंदिर में आपत्तिजनक नारे लिखे गए थे. संगठन ने यह भी बताया कि सितंबर 2024 में न्यूयॉर्क और कैलिफोर्निया के कुछ BAPS मंदिरों में तोड़फोड़ की घटनाएं हुई थीं. बाद में मार्च 2025 में कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स स्थित BAPS मंदिर को भी कथित रूप से निशाना बनाया गया था.
यह भी पढ़ें : अमेरिका में हनुमान जी की 90 फीट ऊंची मूर्ति तोड़ने की धमकी, चुनाव से पहले हिंदू के खिलाफ नफरत कौन फैला रहा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं