विज्ञापन

गिनी में ढहा कूड़े का पहाड़, नीचे दबीं झोपड़ियां; नींद में ही मर गए बच्चों समेत 30 लोग

गिनी में रात के 2 बजे हुआ यह हादसा. कुछ दिन पहले ही स्थानीय सरकार ने इस कचरा डंपिंग साइट को बंद करने की बात कही थी.

गिनी में ढहा कूड़े का पहाड़, नीचे दबीं झोपड़ियां; नींद में ही मर गए बच्चों समेत 30 लोग
Guinea Landslide at landfill: गिनी के लैंडफिल में भूस्खलन से 30 लोगों की मौत

पश्चिमी अफ्रीका के देश गिनी में एक बड़ा हादसा हुआ है. यहां की राजधानी कोनाक्री में एक कचरा डंपिंग साइट यानी कूड़े के पहाड़ पर भारी भूस्खलन हुआ है, जिसमें 30 लोगों की मौत हो गई. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार गिनी सरकार ने रविवार, 23 अगस्त को इसकी जानकारी दी. दरअसल रात में हुई भारी बारिश के बाद कचरे का एक बहुत बड़ा ढेर ढह गया और पास लगे टेंट और झोपड़ियां इसकी चपेट में आ गईं.

सरकार के बयान के मुताबिक, यह घटना स्थानीय समयानुसार रात करीब 2 बजे कोनाक्री के ग्बेसिया इलाके में हुई. बयान में कहा गया कि हादसे में 30 लोगों की मौत हुई है. छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि 16 अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं. भूस्खलन वाली जगह पर बचाव अभियान जारी था. वहां मौजूद लोगों ने बताया कि कचरे का ढेर इतना बड़ा था कि वह एक अपार्टमेंट की इमारत और उसके आसपास बने कमजोर ढांचे वाले घरों को भी पूरी तरह दबा सकता था.

रॉयटर्स की इस रिपोर्ट के अनुसार घटनास्थल पर सिरे डियालो नाम की एक महिला ने पत्रकारों को बताया कि उसके पांचों बच्चों की मौत हो गई. उन्होंने कहा, "मैंने अपने सभी बच्चों को खो दिया है. अब मैं सिर्फ भगवान पर भरोसा कर सकती हूं."

संसाधन होकर भी गरीब यह देश

गिनी के पास दुनिया में बॉक्साइट का सबसे बड़ा भंडार है. इसके अलावा, सिमांडू में दुनिया का सबसे बड़ा और अभी तक पूरी तरह इस्तेमाल न किया गया लौह अयस्क भंडार भी है. वहां नवंबर में एक बहुत बड़ी खनन परियोजना शुरू की गई थी. लेकिन पश्चिमी अफ्रीका के इस देश में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब है और गरीबी भी काफी ज्यादा है. अप्रैल में जारी विश्व बैंक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, गिनी की 1.51 करोड़ आबादी में से करीब 37 लाख लोग रोजाना 4.20 डॉलर से भी कम पैसे में गुजारा करते हैं.

गिनी की क्षेत्रीय प्रशासन मंत्री जेनाब टुरे ने गुरुवार को कहा था कि सरकार इस कचरा डंपिंग साइट को बंद कर रही है, क्योंकि यह लोगों के लिए खतरा बन गई है. उन्होंने खास तौर पर चल रहे बारिश के मौसम में इसके खतरे को लेकर चिंता जताई थी. उन्होंने कहा था कि इस कचरे को कोनाक्री शहर से बाहर किसी दूसरी जगह ले जाया जाना था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Africa, Guinea, Landfill
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com