विज्ञापन

Google कर्मचारी को पहले से पता था कौन होगा नेट पर सबसे ज्यादा सर्च- इसी पर जुआ खेल करोड़ों कमाए, अब गिरफ्तार

Online illegal Betting: गूगल के एक कर्मचारी ने अंदरूनी जानकारी का इस्तेमाल करके ने गैरकानूनी तरीके से ऑनलाइन सट्टे लगाए और 12 लाख डॉलर यानी करीब 11.5 करोड़ रुपये कमा लिए.

Google कर्मचारी को पहले से पता था कौन होगा नेट पर सबसे ज्यादा सर्च- इसी पर जुआ खेल करोड़ों कमाए, अब गिरफ्तार
Online illegal Betting: गूगल का कर्मचारी गिरफ्तार, अवैध सट्टा लगाने का आरोप

गूगल के एक कर्मचारी पर ऐसा आरोप लगा है जिसने पूरी टेक दुनिया को चौंका दिया. कहा जा रहा है कि इस कर्मचारी ने कंपनी के बेहद गुप्त डेटा का इस्तेमाल करके करोड़ों रुपये कमा लिए. यह मामला किसी हैकिंग का नहीं, बल्कि ऑनलाइन सट्टा लगाकर पैसा बनाने का है. आरोपी कर्मचारी पर अब धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगे हैं. अब आपके मन में सवाल आ रहा होगा कि आखिर इस कर्मचारी के हाथ ऐसी कौन सी जानकारी लग गई जिससे उसने सट्टा लगाकर करोड़ो रुपए कमा लिए हैं. चलिए आपको विस्तार से बताते हैं.

क्या है पूरा मामला?

गूगल के एक टेक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है. उस पर धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया गया है. आरोप है कि उसने गैरकानूनी तरीके से ऑनलाइन दांव लगाकर 12 लाख डॉलर यानी करीब 11.5 करोड़ रुपये कमा लिए. आरोपी कर्मचारी का नाम मिशेल स्पान्युओलो है. उसकी उम्र 36 साल है. उसने क्रिप्टोकरेंसी आधारित प्रेडिक्शन मार्केट “पॉलीमार्केट” पर दांव लगाया था. यह दांव इस बात पर था कि साल 2025 में गूगल पर सबसे ज्यादा खोजा जाने वाला व्यक्ति कौन होगा.

बुधवार, 27 मई को सामने आई संघीय आपराधिक शिकायत के अनुसार, मिशेल स्पान्युओलो ने यह दांव गूगल के अंदरूनी डेटा के आधार पर लगाया था. मिशेल स्पान्युओलो इटली का नागरिक है. वह साल 2014 से गूगल में काम कर रहा था और स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख स्थित गूगल ऑफिस में तैनात था. वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, उसने अक्टूबर 2025 से दिसंबर 2025 के बीच पॉलीमार्केट पर कई दांव लगाए. इन दांवों के लिए उसने गूगल के अंदर मौजूद उस डेटा का इस्तेमाल किया जिसमें लोगों की सर्च जानकारी दर्ज थी.

शिकायत में कहा गया है कि मिशेल स्पान्युओलो ने अपने कर्मचारी पद का गलत इस्तेमाल किया और गूगल की बेहद गोपनीय और कीमती जानकारी चुराकर उससे सट्टा लगाया और पैसा कमाया. शिकायत में कहा गया, “दूसरे लोगों के मुकाबले स्पान्युओलो को पहले से पता था कि इन दांवों का नतीजा क्या होगा, क्योंकि उसके पास गूगल का गोपनीय और व्यावसायिक रूप से बेहद कीमती अंदरूनी डेटा था.”

मिशेल स्पान्युओलो ने सही अंदाजा लगाया था कि साल 2025 में गूगल पर सबसे ज्यादा खोजा जाने वाला इंसान अमेरिकी गायक डी4वीडी होंगे. डी4वीडी पर 14 साल की सेलेस्टे रिवास हर्नांडेज की हत्या का आरोप लगा है. जिस समय मिशेल ने दांव लगाया था, उस समय पॉलीमार्केट पर डी4वीडी के सबसे ज्यादा सर्च होने की संभावना लगभग शून्य मानी जा रही थी. लेकिन “अल्फा रैकून” नाम वाले अकाउंट से लगाए गए उसके दांव सही साबित हुए.

इन आरोपों पर जवाब देते हुए गूगल के प्रवक्ता ने कहा, “हम जांच में कानून एजेंसियों की मदद कर रहे हैं. कर्मचारी ने हमारी मार्केटिंग मैटेरियल को ऐसे टूल से देखी थी जो सभी कर्मचारियों के लिए उपलब्ध है. लेकिन ऐसी गोपनीय जानकारी का इस्तेमाल सट्टा लगाने के लिए करना हमारी नीतियों का गंभीर उल्लंघन है. हमने कर्मचारी को छुट्टी पर भेज दिया है और आगे उचित कार्रवाई की जाएगी.”

यह भी पढ़ें: जंग पर जुआ खेल रहे ट्रंप के सैनिक! वेनेजुएला मिशन के जवान ने खुफिया जानकारी से कमाए 4 करोड़, अब गिरफ्तार

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com