प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोशल मीडिया पर कितने एक्टिव रहते हैं, इसका एक उदाहरण सामने आया है. कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा को बधाई देने पर एक यूजर ने X पर पीएम मोदी से शिकायत की थी, जिसके बाद पीएम मोदी ने उसे भी दीवाली की बधाई दे दी.
दरअसल, इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने न्यूज एजेंसी IANS से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें मेहनती इंसान बताया था. इसके जवाब में पीएम मोदी ने उन्हें दिवाली की बधाई दी.
पीएम मोदी की सैम पित्रोदा को बधाई वाली पोस्ट का स्क्रीनशॉट मिहिर झा ने शेयर किया और कहा कि 'सैम पित्रोदा को दिवाली विश कर सकते हैं तो हमें भी विश कर दो मोदी जी.'
इस पर पीएम मोदी ने उसे भी बधाई देते हुए लिखा, 'आपको भी हैप्पी दिवाली मिहिर भाई. आने वाला साल और फेस्टिव सीजन आपके लिए मंगलमय हो.'

पीएम मोदी ने सैम पित्रोदा को दी थी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैम पित्रोदा को दीपावली और नए साल की शुभकामनाएं दी थीं.
पीएम मोदी ने X पोस्ट में लिखा, 'आपको सैम भाई और अंजना बेन को दीपावली और नए साल की शुभकामनाएं. आने वाले आनंदमय और स्वस्थ वर्ष के लिए प्रार्थना. जय जगन्नाथ.'
Happy Diwali and Nutan Varsh Abhinandan to you Sam Bhai and to Anjana Ben. Praying for a joyful and healthy year ahead. Jai Jagannath! @sampitroda
— Narendra Modi (@narendramodi) November 12, 2026
सैम पित्रोदा ने की थी पीएम मोदी की तारीफ
इससे पहले IANS को दिए इंटरव्यू में सैम पित्रोदा ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'कुशल वक्ता' और 'मेहनती इंसान' बताया.
उन्होंने कहा, 'वह मेरे गुजराती मित्र हैं. एक इंसान के तौर पर मैं उनका सम्मान करता हूं. मैं उनसे मिला हूं, मेरी पत्नी और मैं उनसे मिले थे. व्यक्तिगत तौर पर वे बहुत ही आत्मीय, दयालु, स्नेही और ख्याल रखने वाले शख्स हैं. बेशक, वे एक अच्छे वक्ता हैं और मेहनती भी हैं. हमारी आपस में अच्छी बनती है.'
सैम पित्रोदा ने आगे कहा, 'हमारे बीच कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं हैं. एक गुजराती नेता, मित्र और शुभचिंतक के रूप में, मिस्टर मोदी के खिलाफ मेरे मन में कुछ भी नहीं है. वह मेरे प्रति बहुत आत्मीय हैं. इस बारे में कोई समस्या नहीं है. मैं इसकी सराहना करता हूं और मेरी तरफ से भी, मैं कई बार गुजरात में उनके घर जा चुका हूं.'
उन्होंने आगे कहा कि 'दुनिया को लेकर उनके विचारों से मुझे दिक्कत हो सकती है. मुझे उनकी विचारधारा से दिक्कत हो सकती है. लेकिन यह एक अलग बात है. यह किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं है, बल्कि उनके विचारों के खिलाफ है. ये दोनों अलग-अलग चीजें हैं. देखिए, मैं मिस्टर मोदी से असहमत हो सकता हूं और फिर भी उनके साथ बैठकर खाना खा सकता हूं और हंसी-मजाक कर सकता हूं. इसलिए, मुझे कोई दिक्कत नहीं है.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं