विज्ञापन

गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी करवाने पर अमेरिका देगी ₹48 लाख, 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' के बीच FBI का ऐलान

अमेरिका, कनाडा और यूरोपीय देशों ने मिलकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ ऑपरेशन हार्ड बॉल शुरू किया है. 37 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर किया गया है. 24 गिरफ्तार जबकि 10 फरार.

गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी करवाने पर अमेरिका देगी ₹48 लाख, 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' के बीच FBI का ऐलान
Goldy Brar पर एफबीआई ने रखा 43 लाख रुपए का इनाम (फोटो- FBI)
  • अमेरिका, कनाडा और यूरोप ने मिलकर लॉरेंस गैंगे के खिलाफ ऑपरेशन हार्ड बॉल चलाया और 24 लोगों को गिरफ्तार किया
  • FBI ने गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी करवाने वाली जानकारी देने पर 50,000 अमेरिकी डॉलर के इनाम की घोषणा की
  • FBI के अनुसार गोल्डी बराड़ अमेरिका में रहता है और उस पर उत्तरी अमेरिका में इस गैंग का लीडर होने का आरोप है

अमेरिका ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर सबसे बड़ा शिकंजा कसना शुरू कर दिया है, सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू की है. अमेरिका, कनाडा और यूरोप में गैंगे से कथित रूप से जुड़े 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और इस पूरी कार्रवाई को 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' नाम दिया गया है. इसी क्रम में अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने बड़ा ऐलान किया है. एजेंसी ने गैंग के कथित प्रमुख सदस्यों में शामिल सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी करवाने में मदद करने वाली जानकारी देने पर 50,000 अमेरिकी डॉलर (करीब 48 लाख रुपये) तक के इनाम की घोषणा की है.

FBI ने क्या कहा?

अमेरिका की फेडरल जांच एजेंसी FBI ने बुधवार, 8 जुलाई को गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 50,000 अमेरिकी डॉलर तक के इनाम की घोषणा की. गोल्डी बराड़ पर लॉरेंस बिश्नोई के क्राइम गैंग से जुड़े होने का आरोप है. FBI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "FBI सतिंदरजीत सिंह की गिरफ्तारी तक पहुंचाने वाली जानकारी देने पर 50,000 डॉलर तक का इनाम दे रही है. उस पर लॉरेंस बिश्नोई संगठित क्राइम ग्रूप से जुड़े होने का आरोप है. यह समूह कथित तौर पर दक्षिणी कैलिफोर्निया, पूरे अमेरिका और कनाडा में कई तरह की हिंसक घटनाओं में शामिल रहा है."

FBI के अनुसार गोल्डी बराड़ अमेरिका में रहता है और उस पर उत्तरी अमेरिका में इस गैंग का लीडर होने का आरोप है. एजेंसी ने बताया कि 1 जुलाई को लॉस एंजिलिस की अदालत ने गोल्डी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है. उस पर ऑर्गनाइज्ड क्राइम की साजिश, वसूली के जरिए कारोबार में दखल देने, ड्रग्स की सप्लाई और उन्हें सप्लाई करने के इरादे से रखने की साजिश जैसे आरोप लगाए गए हैं.

एजेंसी ने यह भी बताया कि गोल्डी बराड़ का क्राइम अमेरिका के अलावा कनाडा, भारत और मेक्सिको से भी फैले हैं. FBI की इस घोषणा के कुछ घंटों पहले ही अमेरिकी प्रशासन ने लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर 18 जून 2023 को खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया.

अमेरिका ने शुरू किया ऑपरेशन हार्ड बॉल 

अमेरिका के न्याय विभाग के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ उन 37 आरोपियों में शामिल हैं, जिनके खिलाफ तीन संघीय आरोप पत्र दाखिल किए गए हैं. 24 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि 10 अभी भी फरार हैं. यह कार्रवाई ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत की गई, जो भारत से जुड़े संगठित अपराध समूहों के खिलाफ एक संयुक्त अभियान है. इन समूहों पर हिंसक अपराध, वसूली और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग्स की तस्करी में शामिल होने के आरोप हैं.

अमेरिका के संघीय अभियोजकों का आरोप है कि लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आदेश दिया था. आरोप है कि दो हमलावरों ने ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में एक सिख गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर उनकी हत्या कर दी. आरोप पत्र में कथित ऑर्गनाइज्ड क्राइम से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी शामिल हैं, जिनमें जग्गू भगवानपुरिया और रविंदर सिंह धांधा शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: अमेरिका, कनाडा और यूरोप में भारतीय गैंगस्टर्स पर सबसे बड़ा एक्शन, 24 गिरफ्तार, 10 अब भी फरार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lawrence Bishnoi, Lawrence Bishnoi Gang, Goldy Brar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com