हाल ही में पहले आयरलैंड और फिर इंग्लैंड के हाथों व्हाइट-बॉल सीरीज गंवाने वाले गौतम गंभीर का अगले महीने एक और बड़ा और रेड-बॉल टेस्ट मैच श्रीलंका की धरती पर होगा. यहां टीम गिल मेजबानों के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेलेगी. और इस सीरीज के लिए आज सुबह BCCI ने अप्रत्याशित टाइमिंग के साथ भारतीय टीम का भी ऐलान कर दिया. इसमें 33 साल के ऑफ स्पिनर सारांश जैन को चुना गया है, तो वहीं कुछ खिलाड़ी बहुत ही अनलकी भी रहे, जिन्हें दौरे के लिए टीम में जगह नहीं मिली. चलिए आप उन 3 खिलाड़ियों के बारे में जान लें, जो बदकिस्मती से टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे. दोनों देशों के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त, तो दूसरा टेस्ट मैच 23 अगस्त से खेला जाएगा.
1. हर्ष दुबे
पिछले कुछ सालों में घरेलू क्रिकेट में तेजी से उभरे और हालिया समय में आईपीएल और भारत A के लिए प्रदर्शन से प्रभावित करने वाले लेफ्टआर्म स्पिनर-कम-बल्लेबाज विदर्भ के हर्ष दुबे को सेलेक्टरों ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में जगह दी थी. वैसे यह बात भी अजीब थी कि दुबे अच्छा रेड-बॉल फॉर्मेट में कर रहे थे, लेकिन शामिल उन्हें वनडे टीम में किया गया. दुबे ने खेले 2 मैचों में फेंके 12 ओवरों में 4 विकेट चटकाए थे. माना जा रहा था कि श्रीलंका दौरे के लिए उन्हें टेस्ट टीम में जगह मिलेगी, लेकिन पहले ही बहुत ही ज्यादा असर छोड़ने वाले मानव सुथार और फिर रवींद्र जडेजा की वापसी के कारण तीसरे चौथे लेफ्ट-आर्म का चयन मुश्किल था. कुलदीप यादव भी टीम में हैं. जाहिर है कि टीम में सेलेक्टरों के लिए दुबे के लिए टीम में जगह बनाना बहुत ही मुश्किल था.
2. आकिब नबी
जम्मू-कश्मीर के इस मीडियम पेसर की अनदेखी के सिए सेलेक्टरों को काफी आलोचना लगातार झेलनी पड़ी है. टीम इंडिया को तेज गेंदबाज की काफी समय से जरूरत है. खासकर जसप्रीत बुमराह के नियमित अंतराल पर चोट और वर्कलोड मैनेजमेंट को देखते हुए, लेकिन पिछले सीजन में रणजी ट्रॉफी के सर्वश्रेष्ठ बॉलर रहे आकिब नबी को शानदार प्रदर्शन के बावजूद सेलेक्टरों ने याद नहीं किया. पंजाब के गुरनूर बराड़ भी पेस डिपार्टमेंट में फिट हो गए, तो प्रसिद्ध कृष्णा के चयन पर भी उंगली उठती रही है, लेकिन इसके बावजूद आकिब नबी वास्तव में दुर्भाग्यशाली ही रहे कि रणजी ट्रॉफी में सीजन का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बनना भी उनका भला नहीं कर सका. शायद इसकी एक वजह फिट होकर बुमराह का फिर से टीम का हिस्सा बनना भी रही.
3. सरफराज खान
बहुत से पंडित अभी भी गाहे-बेगाहे बात करते हैं कि इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दो टेस्ट में दो अर्द्धशतक जड़ने वाले सरफराज खान को अगली 3 पारियों की नाकामी के बाद ही क्यों बिसरा दिया गया. सरफराज साल 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-0 से मिली हार में खेली 3 पारियों में दो बार खाता भी नहीं खोल सके थे. वानखेड़े में खेले आखिरी टेस्ट में वह घरेलू मैदान पर कोई रन नहीं जोड़ सके थे. इसके बाद वह टीम से बाहर क्या हुए कि अभी तक उन्हें दोबारा कॉल नहीं ही हुई. बीच-बीच में उनकी वापसी को लेकर पूर्व क्रिकेटर और मीडिया सवाल खड़ा करता रहता है, लेकिन इस बार भी वह अनलकी रहे.
श्रीलंका दौरे के लिए घोषित 15 सदस्यीय भारतीय टीम इस प्रकार है:
1. यशस्वी जायसवाल, 2. ऋषभ पंत (विकेटकीपर), 3. कुलदीप यादव, 4. केएल राहुल (उप-कप्तान), 5. ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) 6. जसप्रीत बुमराह*, 7. साई सुदर्शन* 8. रवींद्र जडेजा 9. मोहम्मद सिराज 10. देवदत्त पडिक्कल 11. सारांश जैन, 12. प्रसिद्ध कृष्णा, 13. शुभमन गिल (कप्तान) 14. मानव सुथार 15. गुरनूर बराड़
(नोट: * खिलाड़ियों का चयन फिटनेस क्लीयर होने पर होगा)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं