विज्ञापन

11 साल की बच्ची के हत्यारे पर 50 बार रेप का आरोप, मां की शिकायत पर सोती रही पुलिस; रिपोर्ट देख भड़के PM

फ्रांस में यह मामला इतना तूल पकड़ा चुका है कि वहां के नए प्रधानमंत्री ने भी इस मामले पर बयान जारी कर दिया है. उन्होंने जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद नाराजगी जताते हुए सख्त एक्शन के निर्देश दिए हैं.

11 साल की बच्ची के हत्यारे पर 50 बार रेप का आरोप, मां की शिकायत पर सोती रही पुलिस; रिपोर्ट देख भड़के PM
11 साल की बच्ची की हत्या के मुख्य आरोपी पर दूसरी बच्ची से 50 बार रेप का आरोप, पुलिस ने शिकायत को किया था नजरअंदाज. (सांकेतिक तस्वीर)
NDTV

World News: फ्रांस में 11 साल की बच्ची की हत्या के आरोप में जिस 41 साल के शख्स को गिरफ्तार किया गया है, उस पर पहले से ही एक 10 साल की बच्ची के साथ 50 बार रेप करने का आरोप था. जांच रिपोर्ट में इस बात भी खुलासा हुआ है कि पीड़िता की मां ने करीब 9 महीने पहले इसकी शिकायत पुलिस को दी थी, लेकिन पुलिस ने आरोपी से एक बार भी पूछताछ नहीं की. उनका कहना है कि अगर पुलिस ने वक्त रहते अपना काम किया होता, तो शायद आज हालात कुछ और होते.

पुलिस की सुस्ती का शिकार हुई 11 साल की मासूम

पीड़िता ने मां ने बताया कि अगस्त 2025 में शिकायत देने के बाद पुलिस ने मेरी बेटी की मेडिकल जांच कराई थी, जिसमें उसके साथ हुई दरिंदगी साबित भी हो गई. लेकिन इस सब के बावजूद पुलिस 9 महीने तक सोती रही और आरोपी को पूछताछ के लिए थाने तक नहीं बुलाया गया. मेरी शिकायत की फाइल थाने में धूल फांकती रही, लेकिन जांच अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की. पुलिस की इसी सुस्ती के कारण आरोपी ने 11 साल की एक दूसरी मासूम को अपना शिकार बना लिया.

दोस्त के पिता ने 6 दिन किडनैपिंग रखा, रेप के बाद की हत्या

'द सन' की रिपोर्ट के मुताबिक, यह बच्ची करीब 6 दिन तक लापता रही. इसके बाद 4 जून को फ्रांस के फ्लीरेंस इलाके में बने एक पुराने गोदाम में उसकी लाश मिली. जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो पता चला कि मृतक बच्ची को आखिरी बार बरेला के साथ देखा गया था, जो उस बच्ची के दोस्त का पिता था. जब पुलिस ने बॉडी का पोस्टमार्टम कराया, तो पता चला कि मर्डर से पहले बच्ची का रेप किया गया था. उसके शरीर से आरोपी का डीएनए भी मिला है, जिसके बाद किडनैपिंग और मर्डर के आरोप में बरेला को गिरफ्तार कर लिया गया.

'सबूत नहीं' बोलकर पुलिस ने बंद कर दिए गए थे पुराने केस

इस केस की जांच आगे बढ़ाते हुए जब पुलिस ने आरोपी की कुंडली निकाली तो पता चला कि साल 2022 में भी उसके खिलाफ एक रेप की शिकायत दर्ज हुई थी, जिसके बाद भी खारिज कर दिया गया था. इतना ही नहीं, आरोपी के खिलाफ छोटी बच्चियों से छेड़छाड़ के दो और मामले भी दर्ज हुए थे, जिन्हें पुलिस ने सिर्फ यह कहकर बंद कर दिया था कि उन्हें पर्याप्त सबूत नहीं मिले.

नेशनल जेंडरमेरी के एक बड़े अफसर जीन-मिशेल जेंटिल ने अपनी रिपोर्ट में खुद माना कि पुलिस ने 10 साल की बच्ची की शिकायत को बिल्कुल हल्के में लिया. इसे एक रूटीन केस समझकर छोड़ दिया गया, जांच में सिर्फ समय बर्बाद हुआ और कोई फॉलो-अप नहीं किया गया.

फ्रांस के PM ने भी माना सिस्टम पूरी तरह फेल हुआ है

यह मामला अब इतना तूल पकड़ चुका है कि फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नु को बयान जारी करना पड़ा है. सोमवार को सामने आई जांच रिपोर्ट के बाद उन्होंने कहा, 'पुलिस से बड़ी गलतियां हुई हैं और अधिकारियों ने काम में ढिलाई बरती है. इन सब अधिकारियों को अपनी नाकामी स्वीकार करनी चाहिए और इस लापरवाही के जिम्मेदार कौन है यह तय करना चाहिए.

आरोपी के पूरे परिवार का क्रिमिनल रिकॉर्ड है

आपको बताते चलें कि आरोपी के पूरे परिवार का रिकॉर्ड अपराधिक गतिविधियों वाला मिला है. बरेला के भाई यानिक को अपनी पत्नी और 15 साल से बड़ी एक नाबालिग से रेप, उन्हें बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने के जुर्म में पकड़ा जा चुका है. इतना ही नहीं, इन दोनों के पिता पर भी रेप का आरोप लग चुका है. फिलहाल, 11 साल की बच्ची का हत्यारा जेरोम बरेला मोंट-डे-मार्सन जेल में है. उसे ट्रायल पूरा होने तक जेल के एक अलग सेल में रखा गया है.

ये भी पढ़ें:- 'तुम सब ईरान के साथ हो'... अमेरिकी संसद में सेना वापस बुलाने का प्रस्ताव पास होते आगबबूला हुए ट्रंप

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
France News, Minor Girl Murder Rape, France Police, Sebastien Lecornu France's New PM, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com